लाइव, तेल और गैस की कमी की ख़बरों पर हिन्दुस्तान पेट्रोलियम ने क्या कहा

कंपनी ने कहा है कि देश भर में इसके रिटेल नेटवर्क में सप्लाई को लेकर कोई दिक्कत नहीं है. इसका ऑपरेशन सामान्य है.

सारांश

  • अमेरिका ने क्यूबा के राउल कास्त्रो पर हत्या का आरोप लगाया
  • त्विषा का दूसरा पोस्टमॉर्टम नहीं होगा, कोर्ट ने शव को सुरक्षित रखने के दिए आदेश
  • जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष अरशद मदनी बोले, "गाय को राष्ट्रीय पशु का दर्जा देना चाहिए"
  • ईरान युद्ध को ख़त्म करने पर शी जिनपिंग ने दिया चार सूत्रीय प्रस्ताव

लाइव कवरेज

दीपक मंडल

  1. तेल और गैस की कमी की ख़बरों पर हिन्दुस्तान पेट्रोलियम ने क्या कहा

    ईंधन सप्लाई

    इमेज स्रोत, GE

    देश की प्रमुख तेल कंपनियों में से एक हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) ने उन रिपोर्टों को ख़ारिज किया है, जिनमें तेल और गैस की कमी की बात की गई है.

    इसके साथ उसने ये भी कहा है कि देश भर में इसके रिटेल नेटवर्क में सप्लाई को लेकर कोई दिक्कत नहीं है.

    कंपनी ने कहा है कि इसका ऑपरेशन सामान्य है. कंपनी का काम बगैर किसी अड़चन के चल रहा है.

    ईरान संकट की वजह से देश में तेल और गैस की सप्लाई में कमी आई है. देश के कई इलाकों में लोग गैस की कमी का सामना कर रहे हैं.

    हालांकि एचपीसीएल ने कहा है कि ईंधन की कमी से जुड़ी ख़बरें गुमराह करने वाली हैं. जैसा संकट बताया जा रहा है, वैसा कुछ भी नहीं है.

    कंपनी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, ''एचपीसीएल यह स्पष्ट करना चाहती है कि ईंधन की कमी और आपूर्ति बाधित होने संबंधी रिपोर्टें भ्रामक हैं और वास्तविक स्थिति को प्रतिबिंबित नहीं करती हैं.''

    ''एचपीसीएल के रिटेल आउटलेट्स पर ईंधन आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और नियमित रीप्लेनिशमेंट और निर्बाध संचालन सुनिश्चित किया जा रहा है.''

    ''कुछ स्थानों पर ग्राहकों की संख्या और कतारों में अस्थायी वृद्धि मुख्यतः मई माह के दौरान मौसमी मांग बढ़ने के कारण है. इसके अतिरिक्त, कई ग्राहक एचपीसीएल रिटेल आउटलेट्स को प्राथमिकता दे रहे हैं क्योंकि कुछ निजी रिटेल आउटलेट्स पर ईंधन अपेक्षाकृत अधिक कीमत पर बेचा जा रहा है.''

  2. ट्रंप सरकार ने लगाया क्यूबा के नेता राउल कास्त्रो पर अमेरिकी नागरिकों की हत्या का आरोप, कायला एपस्टीन, सिसिलिया बारिया और पास्कल फ़्लेचर

    राउल कास्त्रो

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, राउल कास्त्रो (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिका ने क्यूबा के नेता राउल कास्त्रो पर 1996 में दो विमानों को गिराने और अमेरिकी नागरिकों की हत्या की साजिश रचने समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं.

    अमेरिकी न्याय विभाग ने बुधवार को पेश किए गए मामले में कहा कि कास्त्रो और पांच अन्य लोगों ने क्यूबा-अमेरिकी संगठन ब्रदर्स टु द रेस्क्यू के दो विमानों को गिराने में भूमिका निभाई थी.

    इस घटना में चार लोगों की मौत हुई थी, जिनमें तीन अमेरिकी नागरिक शामिल थे.कास्त्रो फ़

    94 साल के कास्त्रो उस समय क्यूबा की सेना के प्रमुख थे.

    विमान गिराए जाने की इस घटना की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कड़ी आलोचना हुई थी.

    अमेरिका की ओर से क्यूबा की कम्युनिस्ट सरकार पर दबाव बढ़ाने के बीच क्यूबा के राष्ट्रपति मिएल दिएस-कनेल ने इन आरोपों को ''राजनीतिक चाल'' बताया''.

    उन्होंने कहा कि इनका कोई कानूनी आधार नहीं है.

    मयामी के फ्रीडम टॉवर में बोलते हुए अमेरिकी कार्यवाहक अटॉर्नी जनरल टोड ब्लांश ने कहा कि राउल कास्त्रो पर विमान नष्ट करने और चार अलग-अलग हत्या के आरोप भी लगाए जाएंगे.

    मारे गए लोगों में आर्मांडो अलेजांद्रे जूनियर, कार्लोस अल्बर्टो कोस्टा, मारियो मैनुअल डे ला पेना और पाब्लो मोरालेस शामिल थे.

    ब्लांश ने कहा, ''अमेरिका और राष्ट्रपति ट्रंप अपने नागरिकों को भूलते नहीं हैं और न भूलेंगे.''

    इन आरोपों पर अमेरिकी अदालत में सुनवाई होगी. कुछ आरोपों में उम्रकैद तक की सजा हो सकती है, जबकि हत्या के आरोपों में अधिकतम सजा मौत या आजीवन कारावास है.

    यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब अमेरिका क्यूबा की एकदलीय कम्युनिस्ट व्यवस्था पर राजनीतिक और आर्थिक सुधारों के लिए दबाव बढ़ा रहा है.

  3. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए उनके साथ दिए लिंक पर क्लिक करें.

    राहुल गांधी ने पीएम मोदी, अमित शाह और आरएसएस को कहा- 'ग़द्दार', बीजेपी ने बताया 140 करोड़ जनता का 'अपमान'

    पश्चिम बंगाल: जहाँगीर ख़ान मामले को टीएमसी के बड़े संकट के तौर पर क्यों देखा जा रहा है?