लाइव, त्विशा शर्मा की दूसरी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट की मांग पर उनके वकील ने क्या कहा

12 मई की रात भोपाल के कटारा हिल्स स्थित घर में ट्विशा का शव मिला था. उनके परिवार ने हत्या का आरोप लगाया है तो वहीं ट्विशा के ससुराल पक्ष का दावा है कि उन्होंने ख़ुदकुशी की.

सारांश

लाइव कवरेज

दीपक मंडल

  1. अब तक बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल आप तक इस लाइव ब्लॉग के ज़रिये ताज़ा ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता अरशरद मिसाल रात दस बजे तक आप तक ताज़ा ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

    तेल के बढ़ते दाम का भारत की अर्थव्यवस्था पर क्या और कितना हो सकता है असर

    नॉर्वे भारत को लोकतंत्र क्यों मानता है? इस सवाल पर क्या बोले वहां के प्रधानमंत्री

    लू कब बन जाती है जानलेवा, जानिए इससे बचने के क्या हैं तरीके

    पीएम मोदी को नॉर्वे के अख़बार ने 'सँपेरे' के रूप में दिखाया और क्या-क्या लिखा?

  2. त्विशा शर्मा की दूसरी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट की मांग पर उनके वकील ने क्या कहा

    त्विशा शर्मा

    इमेज स्रोत, Photo credit Twisha's family

    इमेज कैप्शन, त्विशा शर्मा की शादी भोपाल में एक रिटायर्ड जज के बेटे के साथ हुई थी (फ़ाइल फ़ोटो)

    भोपाल में 33 वर्षीय त्विशा शर्मा की मौत के बाद उनके वकील अंकुर पांडे ने कहा है इस मामले में अभियुक्त बेहद प्रभावशाली हैं. इस मामले को दबाने की कोशिश हो रही है.

    दूसरी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट की मांग करते हुए उन्होंने समाचार एजेंंसी पीटीआई से कहा, ‘’ हमने शुरुआत से ही चिंता जताई थी कि अभियुक्त बेहद प्रभावशाली हैं. मामले को दबाने और जांच में खामियां छोड़ने की कोशिश की जा रही है. जांच में गंभीर लापरवाही हुई, जिसमें फंदे से जुड़ी सामग्री (लिगेचर मटेरियल) को जमा नहीं करना भी शामिल है. वहीं हम पर शव का अंतिम संस्कार करने का दबाव बनाया जा रहा था. अगर हमने ऐसा कर दिया होता, तो बाद में लिगेचर का मिलान संभव नहीं हो पाता.”

    उन्होंने कहा, ‘’जमानत की सुनवाई के दौरान भी लिगेचर सामग्री का कोई उल्लेख नहीं किया गया. अब एसआईटी का कहना है कि इसे एम्स में जमा कराया गया है. रिपोर्ट का इंतज़ार है.''

    अंकुर पांडे ने कहा, ''हम जमानत रद्द कराने के लिए कानूनी कदम उठा रहे हैं, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है. हमने मांग की है कि शव को बेहतर संरक्षण और दूसरे पोस्टमार्टम के लिए दिल्ली एम्स भेजा जाए, ताकि सच सामने आ सके.''

    बीती 12 मई की रात भोपाल के कटारा हिल्स स्थित घर में त्विशा शव मिला था. उनके परिवार ने हत्या का आरोप लगाया है तो वहीं ट्विशा के ससुराल पक्ष का दावा है कि उन्होंने ख़ुदकुशी की.

    पुलिस ने ट्विशा के पति समर्थ सिंह और उनकी सास गिरिबाला सिंह, जो रिटायर्ड जज हैं, के ख़िलाफ़ दहेज के लिए प्रताड़ना और दहेज मांगने से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया है.

  3. चीन खरीदेगा अमेरिका से 200 विमान, सौदे पर लगाई सहमति की मुहर

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पिछले सप्ताह चीन की यात्रा के दौरान विमान सौदे पर हुई थी बात

    चीन ने अमेरिकी विमान कंपनी बोइंग से 200 विमान खरीदने के सौदे की पुष्टि कर दी है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्र्ंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की पिछले सप्ताह बीजिंग में मुलाक़ात के बाद कहा गया था कि चीन अमेरिका से विमान खरीदेगा.

    चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि इस समझौते के तहत अमेरिका, विमान इंजनों के पुर्जों और अन्य जरूरी कंपोनेंट्स की सप्लाई की गारंटी देगा.

    दोनों देशों ने पिछले साल अक्तूबर में जिस टैरिफ़ वॉर को रोकने पर सहमति जताई थी उसे आगे बढ़ाने की दिशा में भी काम करने पर सहमति जताई है.

    साथ ही, दोनों पक्ष कम से कम 30 अरब डॉलर के सामानों पर टैरिफ़ में कटौती करने की कोशिश करेंगे.

    यह घोषणा ऐसे समय में हुई, जब शी जिनपिंग रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बातचीत कर रहे हैं. यह बैठक ट्रंप की चीन यात्रा के कुछ ही दिनों बाद हुई है.

    ट्रंप ने पिछले शुक्रवार को चीन से रवाना होने के बाद एयर फोर्स वन में पत्रकारों से कहा था, ''हमने कई शानदार व्यापारिक समझौते किए हैं, जिनमें बोइंग के 200 से अधिक विमानों का सौदा शामिल है. साथ ही 750 विमानों तक खरीद का वादा किया गया है, जो अब तक का सबसे बड़ा ऑर्डर हो सकता है.''

  4. ‘ताइवान ट्रैवलॉग’ को इंटरनेशनल बुकर प्राइज़, टिफ़ेनी वरदिमर

    ताइवानी लेखक यांग शुआंग (बाएं) अपने उपन्यास की अनुवादक लिन किंग के साथ

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ताइवानी लेखक यांग शुआंग (बाएं) अपने उपन्यास की अनुवादक लिन किंग के साथ

    ताइवान के भोजन और निषिद्ध प्रेम की कहानी पर आधारित उपन्यास ताइवान ट्रैवलॉग ने प्रतिष्ठित इंटरनेशनल बुकर प्राइज़ जीत लिया है.

    यह पहली बार है जब मंदारिन चीनी से अनूदित किसी उपन्यास को यह सम्मान मिला है.

    यह उपन्यास ताइवानी लेखिका यांग शुआंग ज़ी और ताइवानी-अमेरिकी अनुवादक लिन किंग की कृति है.

    कहानी 1930 के दशक के ताइवान की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जब ये जापानी शासन के अधीन था.

    इसमें दो महिलाओं की ताइवान के विभिन्न व्यंजनों की यात्रा को दिखाया गया है.

    उपन्यास को इस तरह पेश किया गया है कि मानो यह किसी पुराने यात्रा संस्मरण का अनुवाद हो, जिसमें काल्पनिक फुटनोट भी शामिल हैं.

    2020 में पुस्तक के प्रकाशित होने पर कई पाठकों को लगा था कि यह वास्तव में कोई ऐतिहासिक दस्तावेज है.

    जूरी पैनल की अध्यक्ष नताशा ब्राउन ने इसे ''बेहद आकर्षक और होशियारी से लिखा गया परिष्कृत उपन्यास'' बताया है.

    कहानी की मुख्य पात्र काल्पनिक जापानी लेखिका अओयामा चिजुको हैं, जो सरकारी प्रायोजित ताइवान यात्रा पर जाती हैं. उनके साथ ताइवानी अनुवादक ओ चिजुरु होती हैं, जिनसे उन्हें प्रेम हो जाता है.

    उपन्यास इन दोनों पात्रों के माध्यम से प्रेम, संस्कृति, औपनिवेशिक इतिहास और सत्ता जैसे विषयों की पड़ताल करता है.

  5. बांग्लादेश ने दूसरे टेस्ट में पाकिस्तान को 78 रन से हराया, 2-0 से जीती सिरीज़

    बांग्लादेश-पाकिस्तान क्रिकेट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    बांग्लादेश ने पाकिस्तान को दूसरे क्रिकेट टेस्ट में 78 रन से हराकर दो टेस्ट मैचों की सिरीज़ 2-0 से अपने नाम कर ली है.

    पाकिस्तान के सामने बांग्लादेश ने जीत के लिए 437 रन का लक्ष्य रखा था.

    लेकिन पाकिस्तान की टीम दूसरी पारी में 358 रन बनाकर ऑलआउट हो गई.

    पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद रिजवान ने सबसे ज्यादा 94 रन बनाए.

    वहीं सलमान आगा ने 71 रन की पारी खेली. बांग्लादेश की ओर से तैजुल इस्लाम ने दूसरी पारी में 120 रन खर्च कर 6 विकेट लिए.

    बांग्लादेश ने पहली पारी में 278 रन बनाए थे. जबकि पाकिस्तान ने 232. दूसरी पारी में बांग्लादेश ने 390 रन बनाए थे, लेकिन पाकिस्तान की पूरी टीम 358 रन पर ही सिमट गई.

    बांग्लादेश ने सिरीज़ के पहले टेस्ट में पाकिस्तान को 104 रन से हराया था.

  6. पीएम मोदी ने इटली की पीएम मेलोनी से मुलाक़ात की तस्वीरें साझा कीं, क्या कहा

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, @narendramodi

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच देशों की यात्रा के अंतिम चरण में इटली पहुंचे और वहां की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी से मुलाक़ात की.

    प्रधानमंत्री ने उनसे मुलाक़ात की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर साझा करते हुए लिखा, ''इटली की राजधानी रोम पहुंचने पर प्रधानमंत्री मेलोनी से रात्रिभोज के दौरान मुलाकात का अवसर मिला. इसके बाद हमने ऐतिहासिक और प्रतिष्ठित कोलोसियम का भी दौरा किया. इस दौरान कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचारों का आदान-प्रदान हुआ.''

    ''आज होने वाली हमारी औपचारिक वार्ता का इंतज़ार है, जिसमें भारत-इटली मित्रता को और मजबूत बनाने के तरीकों पर चर्चा होगी.''

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, @narendramodi

    इससे पहले इटली की पीएम प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपनी तस्वीर साझा करते हुए लिखा है, ‘’वेलकम टु रोम, माई फ़्रेंड!’’

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इससे पहले जून 2024 में जी7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए इटली गए थे.

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, @narendramodi

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, @narendramodi

  7. ईरान युद्ध को ख़त्म करने पर शी जिनपिंग ने दिया चार सूत्रीय प्रस्ताव

    शी जिनपिंग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा है कि मध्य पूर्व की स्थिति एक निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है. अब यह युद्ध से शांति की ओर बढ़ने के दौर में है.

    चीन के सरकारी मीडिया के मुताबिक़ शी जिनपिंग ने कहा है कि इस संघर्ष को समाप्त करना ‘बेहद जरूरी’ है. दोबारा युद्ध शुरू होना मंजूर नहीं किया जा सकता.

    चीनी सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक़ शी जिनपिंग ने कहा, ‘’मध्य पूर्व में शांति और स्थिरता बनाए रखने और उसे बढ़ावा देने के लिए मेरा चार सूत्रीय प्रस्ताव है. इससे अंतरराष्ट्रीय सहमति को मज़बूती मिलेगी, तनाव कम होगा, संघर्ष घटेगा और शांति को बढ़ावा मिलेगा.’’

    शी जिनपिंग का यह चार सूत्रीय प्रस्ताव पिछले महीने अबू धाबी के क्राउन प्रिंस के साथ उनकी बैठक के दौरान सामने आया था.

    इसमें शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व, राष्ट्रीय संप्रभुता, अंतरराष्ट्रीय कानून के सम्मान और विकास और सुरक्षा के बीच समन्वित दृष्टिकोण पर जोर दिया गया है.

  8. थाईलैंड में 30 दिनों से अधिक रहने के लिए इन देशों के नागरिकों को लेना होगा वीज़ा

    थाईलैंड

    इमेज स्रोत, EPA

    भारत समेत कई देशों के लोगों को अब थाईलैंड में 30 दिनों से अधिक ठहरने के लिए वीज़ा लेना होगा.

    जुलाई 2024 से 93 देशों के पर्यटकों को बिना वीज़ा 60 दिनों तक थाईलैंड में रहने की अनुमति दी गई थी.

    यह कदम कोविड महामारी के बाद अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए उठाया गया था.

    लेकिन मंगलवार को थाई सरकार ने इस छूट को खत्म करने की योजना को मंजूरी दे दी.

    अब यात्रियों के ठहरने की अवधि हर देश के लिए अलग-अलग तय की जाएगी.

    सरकार ने सुरक्षा चिंताओं और जटिल वीज़ा व्यवस्था को इस बदलाव की वजह बताया है.

    हाल के समय में दक्षिण-पूर्व एशियाई देश थाईलैंड में विदेशियों की कई चर्चित गिरफ्तारियां हुई हैं. इनमें ड्रग्स और सेक्स तस्करी से जुड़े मामले भी शामिल हैं.

    थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नविराकुल ने कहा कि सरकार को लगा कि मौजूदा आर्थिक और राष्ट्रीय सुरक्षा परिस्थितियों के हिसाब से इस नीति में बदलाव जरूरी है.

    60 दिन की वीज़ा छूट का लाभ पाने वाले देशों में ऑस्ट्रेलिया, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इटली, स्पेन और अमेरिका शामिल थे.

    थाई विदेश मंत्रालय ने कहा है कि इनमें से कई देशों के नागरिकों को अब 30 दिनों से अधिक रुकने के लिए वीज़ा लेना होगा.

  9. पाकिस्तान की टिकटॉक स्टार के हत्यारे को मौत की सज़ा

    सना यूसुफ़

    इमेज स्रोत, INSTAGRAM/SANA YUSUF

    इस्लामाबाद की एक अदालत ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सना यूसुफ़ की हत्या के मामले में अभियुक्त उमर हयात को मौत की सज़ा सुनाई है.

    मंगलवार को इस्लामाबाद के एक ज़िला और सत्र न्यायालय ने हत्या के मामले में अपना फ़ैसला सुनाते हुए उमर हयात को सना के परिवार को मुआवजे के तौर पर 20 लाख रुपये देने का भी आदेश दिया.

    इसके अलावा उमर हयात को सना यूसुफ़ के घर में डकैती के अपराध सहित कई धाराओं के तहत कुल 21 साल की जेल की सजा सुनाई गई है.

    पाकिस्तान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    पिछले साल इस घटना के बाद एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान इस्लामाबाद के आईजी सैयद अली नासिर रिजवी ने कहा था उमर हयात कथित तौर पर सना यूसुफ़ के घर में घुस गया था और उसने उसे दो बार गोली मारी थी.

    उन्होंने बताया था, "अभियुक्त ने सना यूसुफ़ की हत्या इसलिए की क्योंकि वह बार-बार उससे संपर्क करने की कोशिश कर रहा था और सना उसे मना कर रही थी. वह कई दिनों से सोशल मीडिया के जरिए सना यूसुफ़ से संपर्क करने का प्रयास कर रहा था. इसके बाद वो सना यूसुफ़ के घर गया और सात से आठ घंटे तक इंतजार किया. जब सना ने उस दिन भी उससे मिलने से इनकार कर दिया, तो उसने इस घटना की योजना बनाई और उसे अंजाम दिया.''

  10. इस साल की पहली विदेश यात्रा पर पुतिन चीन पहुंचे, क्या है मक़सद

    व्लादिमीर पुतिन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दो दिवसीय यात्रा पर चीन पहुंचे हैं

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हालिया यात्रा के बाद अब रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन चीन पहुंचे हैं. चीन की राजधानी बीजिंग में वो राष्ट्रपति शी जिनपिंग से शिखर वार्ता करेंगे.

    इस साल पुतिन की ये पहली विदेश यात्रा है. इससे यह भी पता चलता है कि मौजूदा माहौल में चीन कितना अहम बन गया है.

    पश्चिमी प्रतिबंधों के बावजूद चीन, रूस के तेल का सबसे बड़ा ख़रीदार और उसका प्रमुख सहयोगी बना हुआ है.

    व्लादिमीर पुतिन इस संबंध को और मजबूत करने की कोशिश करेंगे.

    बैठक में उस नई गैस पाइपलाइन पर खास फोकस होगा, जो हर साल 50 अरब क्यूबिक मीटर तक नेचुरल गैस चीन तक पहुंचा सकती है.

    हाल के महीनों में कई वैश्विक नेता व्यापार और आर्थिक सहयोग बढ़ाने के मक़सद से चीन का दौरा कर चुके हैं. व्लादिमीर पुतिन भी इस कड़ी में शामिल हो गए हैं.

  11. लेबनान पर इसराइली हमलों में 19 लोगों की मौत, पिछले हफ्ते हुआ था सीज़फ़ायर बढ़ाने का एलान

    लेबनान

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, दक्षिणी लेबनान में इसराइली हवाई हमलों के बाद उठता धुआं (फ़ाइल फोटो)

    इसराइल के हवाई हमलों में दक्षिणी लेबनान में कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई है.

    लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़ मरने वालों में 10 लोग एक ही हमले में मारे गए.

    इस हमले में देइर कनौन कस्बे में एक घर को निशाना बनाया गया. मृतकों में तीन बच्चे और तीन महिलाएं शामिल हैं.

    लेबनान 2 मार्च को इस युद्ध में शामिल हुआ था, जब ईरान समर्थित शिया इस्लामी संगठन हिज़्बुल्लाह ने इसराइल पर रॉकेट दागे थे.

    यह हमला अमेरिका और इसराइल की उस संयुक्त कार्रवाई के जवाब में किया गया था, जिसमें ईरान के सर्वोच्च नेता की मौत हो गई थी.

    ये ताज़ा मौतें उस घोषणा के एक सप्ताह से भी कम समय बाद हुई हैं, जिसमें अमेरिका ने कहा था कि लेबनान और इसराइल 45 दिनों के लिए युद्धविराम बढ़ाने पर सहमत हो गए हैं.

    दोनों पक्षों के बीच जून की शुरुआत में फिर से बातचीत शुरू होने वाली है.

    युद्धविराम बढ़ाए जाने के बावजूद, इसराइल और हिज़्बुल्लाह के बीच लगातार गोलीबारी जारी है, ख़ासकर दक्षिणी लेबनान में.

    इसराइल का कहना है कि वह हिज़्बुल्लाह को निशाना बना रहा है. लेकिन हमलों में आम नागरिक भी मारे जा रहे हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे शामिल हैं.

  12. पांच देशों की यात्रा के अंतिम चरण में पीएम नरेंद्र मोदी इटली पहुंचे, क्या है एजेंडा

    नरेंद्र मोदी जॉर्जिया मेलोनी

    इमेज स्रोत, @GiorgiaMeloni

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच देशों की अपनी यात्रा के अंतिम चरण में मंगलवार (स्थानीय समयानुसार) को इटली की राजधानी रोम पहुंचे.

    प्रधानमंत्री इटली के राष्ट्रपति सर्जो मत्तेरेला से मुलाक़ात करेंगे. प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे और कई अन्य राजनयिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे.

    इसके बाद वह बुधवार को भारत के लिए रवाना होंगे.

    प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी इस यात्रा का ब्योरा सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर साझा करते हुए लिखा, ‘’मैं इटली की राजधानी रोम पहुंच चुका हूं. यहां मैं राष्ट्रपति सर्गियो मातेरेला और प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी से मुलाकात करूंगा और उनके साथ कई मुद्दों पर चर्चा करूंगा."

    ‘’इस यात्रा का मुख्य फोकस भारत और इटली के बीच सहयोग को और मजबूत करने पर रहेगा. ख़ास तौर पर भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे यानी आईएमईसी पर. साथ ही संयुक्त रणनीतिक कार्ययोजना 2025-2029 की भी समीक्षा की जाएगी."

    मोदी ने लिखा, "मैं संयुक्त राष्ट्र के फूड एंड एग्रीकल्चर ऑर्गेनाइजेशन (एफएओ) मुख्यालय का भी दौरा करूंगा. यह बहुपक्षवाद और वैश्विक खाद्य सुरक्षा के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा."

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, @narendramodi

    दूसरी ओर, इटली की पीएम प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपनी तस्वीर साझा करते हुए लिखा है, ‘’वेलकम टु रोम, माई फ़्रेंड!’’

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इससे पहले जून 2024 में जी7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए इटली गए

  13. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी हिन्दी के पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

    नॉर्वे की पत्रकार ने बताया उन्होंने पीएम मोदी से सवाल पूछने की क्यों की थी कोशिश

    फ़ातिमा बायो: बाल विवाह से बचकर निकलने से लेकर सिएरा लियोन की 'फ़र्स्ट लेडी' बनने तक

    फाल्टा सीट पर होने वाले चुनाव से पीछे हटे तृणमूल कांग्रेस के जहांगीर ख़ान, शुभेंदु अधिकारी ने क्या कहा?