लाइव , महादेव बेटिंग ऐप मामले का मुख्य अभियुक्त भारत लाया गया, सीबीआई ने क्या बताया

छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित आनलाइन सट्टा महादेव ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को सीबीआई ओमान से प्रत्यर्पण के बाद भारत ले कर आ गई है.

सारांश

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • दिल्ली में बीजेपी की पदयात्रा
  • दिल्ली में पुलिस की तैनाती
  • वो दुकानदार जो सालों से दिल्ली में होनें वाले प्रोटेस्ट के हैं गवाह
  • बैरिकेड का रंग पीला क्यों होता है
  • जर्मनी में ‘ईगल्स नेस्ट’ नाम की इमारत में 23 अक्तूबर को आग लग गई
  • झांग शुए
  • जेडीयू से निकाले गए अनंत सिंह
  • लाइब्रेरी में घुसा भालू
  • आसमान से निकलते झरने जैसा नज़ारा

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा,अभिषेक प्रताप सिंह

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता अभिषेक प्रताप सिंह को दीजिए इजाज़त. कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

    - महादेव बेटिंग ऐप मामले का मुख्य अभियुक्त भारत लाया गया, सीबीआई ने क्या बताया?

    - इंडिया गठबंधन की रैली पर बीजेपी ने पूछा- 'कहां थे 10 लाख लोग?'

    - इंडिया ब्लॉक की रैली में बोले खड़गे- 'ज्ञानेश कुमार को हटाने के लिए लड़ते रहेंगे'

  2. सऊदी के इस शहर में ख़तरे का अलर्ट जारी, फ़ोटो-वीडियो बनाने पर रोक

    सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान की तस्वीर

    सऊदी अरब के आभा शहर में संभावित ख़तरे को देखते हुए राष्ट्रीय आपातकालीन चेतावनी जारी की गई है.

    बीबीसी उर्दू से मिली जानकारी के मुताबिक प्रशासन ने लोगों से शांत रहने और सुरक्षा से जुड़े एहतियाती क़दम उठाने को कहा है.

    सऊदी नागरिक सुरक्षा विभाग की तरफ़ से जारी दिशा-निर्देशों में लोगों से कहा गया है कि, वे तुरंत किसी सुरक्षित जगह या घर के अंदर ऐसे कमरों में चले जाएं, जहां खिड़कियां न हों.

    ख़तरा टलने तक लोगों को बिना किसी ज़रूरी काम के घरों से बाहर न निकलने और खुले स्थानों,खिड़कियों, बालकनी व छतों से दूर रहने की सलाह दी गई है.

    नागरिक सुरक्षा विभाग के मुताबिक़, अगर कोई व्यक्ति घर से बाहर है तो उसे तुरंत पास की किसी इमारत में या किसी मज़बूत दीवार के पीछे शरण लेनी चाहिए.

    इसके अलावा, गाड़ी चलाते समय यह अलर्ट मिलने पर वाहन को तुरंत किसी सुरक्षित जगह पर रोकने और पुलों या ऊंची इमारतों से दूर रहने का निर्देश दिया गया है.

    अधिकारियों ने लोगों से ख़तरनाक जगहों पर न जाने और भीड़ इकट्ठा न करने की अपील की है.

    प्रशासन ने सख़्त चेतावनी दी है कि मिसाइलों, ड्रोन या उनके संभावित असर से जुड़ी कोई भी जानकारी, फ़ोटो या वीडियो शेयर करने पर क़ानूनी कार्रवाई हो सकती है.

    सऊदी अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे सिर्फ़ आधिकारिक सूत्रों से मिलने वाली जानकारी पर ही भरोसा करें और किसी भी आपात स्थिति में इमरजेंसी नंबरों पर संपर्क करें.

  3. महादेव बेटिंग ऐप मामले का मुख्य अभियुक्त भारत लाया गया, सीबीआई ने क्या बताया?, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिन्दी के लिए

    सीबीआई अधिकारियों के बीच काले टीशर्ट में सौरभ चंद्राकर
    इमेज कैप्शन, सीबीआई अधिकारियों के बीच ब्लैक टी-शर्ट में सौरभ चंद्राकर

    छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित आनलाइन सट्टा महादेव ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को सीबीआई ओमान से प्रत्यर्पण के बाद भारत ले कर आ गई है.

    सीबीआई ने एक बयान में कहा है कि चंद्राकर के ख़िलाफ़ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी होने के बाद ओमान पुलिस ने उसे हिरासत में लिया था.

    इसके बाद सीबीआई और ईडी ने भारतीय एजेंसियों और इंटरपोल के सहयोग से ओमान को प्रत्यर्पण संबंधी दस्तावेज और साक्ष्य उपलब्ध कराए.

    अब उसे ट्रांजिट रिमांड प्राप्त करने और चिकित्सकीय परीक्षण के बाद रायपुर लाया जाएगा, जहां सोमवार को सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा.

    सीबीआई अफसरों के साथ कैप पहने हुए सौरभ चंद्राकर
    इमेज कैप्शन, सीबीआई अफसरों के साथ कैप पहने हुए सौरभ चंद्राकर

    सौरभ चंद्राकर पर सीबीआई ने क्या कहा ?

    सीबीआई की ओर से जारी बयान में कहा गया है, "छत्तीसगढ़ सरकार के अनुरोध पर सीबीआई ने महादेव ऑनलाइन बुक से जुड़े मामलों की जांच अपने हाथ में ली थी. जांच में सामने आया कि यह देश के बड़े अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क में से एक था, जिसका संचालन भारत के बाहर से किया जा रहा था. क्रिकेट, फुटबॉल, ताश के खेल और अन्य आयोजनों पर सट्टा लगाने के लिए देशभर में फ्रेंचाइजी आधारित पैनल और शाखाएं संचालित थीं."

    गौरतलब है कि भिलाई शहर के रहने वाले सौरभ पर अपने एक साथी रवि उप्पल के साथ महादेव गेमिंग-बेटिंग नामक ऑनलाइन सट्टेबाज़ी ऐप का दुबई से संचालन करने का आरोप है.

    सीबीआई टीम के साथ सौरभ चंद्राकर
    इमेज कैप्शन, सीबीआई टीम के साथ सौरभ चंद्राकर

    सौरभ चंद्राकर का अनुमानित व्यापार कितने करोड़ का था?

    इसका सालाना कारोबार 20 हज़ार करोड़ से अधिक का बताया जाता है.पिछले तीन सालों में ईडी इस मामले में भारत और भारत से बाहर कई शहरों में छापामारी कर चुकी है और 4,336 करोड़ की संपत्ति कुर्क या ज़ब्त कर चुकी है.

    इस मामले में पुलिसकर्मियों समेत कई लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.

    छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के क़रीबी लोगों समेत सैकड़ों लोगों से पूछताछ हुई.

    प्रवर्तन निदेशालय की जाँच के दायरे में शीर्ष पुलिसकर्मी, नौकरशाह, फ़िल्म इंडस्ट्री के बड़े लोग, समाजसेवी, मीडियाकर्मी रहे हैं और इन सबसे पूछताछ हुई है.

    2023 में हुए छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने इसे बड़ा मुद्दा बनाया था.

  4. ज़ेलेंस्की का दावा- यूक्रेन में रूसी हमले से गुल हुई लाखों घरों की बिजली

    घरों में बिजली सप्लाई न पहुंचने की तस्वीर
    इमेज कैप्शन, लाखों घरों की बिजली सप्लाई पर असर पड़ा है (सांकेतिक तस्वीर)

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि रूस ने रात भर देश के चार इलाक़ों में एनर्जी इन्फ़्रास्ट्रक्चर पर हमले किए हैं, जिससे लाखों घरों की बिजली गुल हो गई है.

    ज़ेलेंस्की के मुताबिक़, रूस ने द्निप्रोपेत्रोव्स्क, विन्नित्सिया, ज़ाइतोमिर और ख़मेलनित्स्की प्रांतों में सब-स्टेशनों, ट्रांसफ़ॉर्मरों और बिजली की लाइनों को निशाना बनाया है.

    उन्होंने बताया कि बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने वाले इंटरसेप्टर्स की कमी का फ़ायदा उठाते हुए रूस ने पिछले एक हफ़्ते में यूक्रेन के ख़िलाफ़ क़रीब दो हज़ार ड्रोन और 1 हज़ार 600 गाइडेड एरियल बमों का इस्तेमाल किया है.

    इसके साथ ही ज़ेलेंस्की ने दावा किया कि यूक्रेनी सेना ने भी रूस के रोस्तोव इलाक़े में मिसाइल ईंधन बनाने वाले एक बड़े संयंत्र पर हमला किया है, जिससे वहां आग लग गई और चार प्रोडक्शन यूनिट को नुक़सान पहुंचा है.

    ग़ौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्लादिमीर पुतिन के साथ रूसी डीज़ल ख़रीदने का समझौता करने के बाद, एनर्जी इन्फ़्रास्ट्रक्चर पर यूक्रेन के हमलों की आलोचना की है.

  5. इंडिया ब्लॉक की रैली पर क्या बोले बीजेपी के नेता ?

    एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह
    इमेज कैप्शन, एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह (फ़ाइल फ़ोटो)

    दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को इंडिया गठबंधन ने 'वोट बचाओ देश बचाओ' नाम से रैली आयोजित की.

    इस रैली पर बीजेपी और उनके घटक दलों के नेताओं ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत के दौरान उत्तर प्रदेश के उप- मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा,"2027 में तीसरी बार 300 पार होने जा रहा है. फिर से भाजपा सरकार बनने जा रही है. 2029 में भाजपा सरकार बनेगी.रामलीला मैदान में जो उनका कार्यक्रम था वो फ्लॉप हो गया है"

    केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने एएनआई से बातचीत के दौरान कहा,"कांग्रेस ने अपनी विश्वसनीयता उसी दिन खो दी थी जब ये जिस प्रदेश में जीतते हैं वहां सब ठीक होता है और जब हार जाते हैं तो वोट चोरी नजर आती है"

    राष्ट्रीय लोक मोर्चा प्रमुख उपेन्द्र कुशवाहा ने इंडिया गठबंधन की रैली पर कहा, "हम बार-बार कह रहे हैं कि विपक्ष के लोगों को रैली करनी है तो करें लेकिन उन्हें कोई और मुद्दा ढूंढ़ना चाहिए. वे जिसे मुद्दा बनाने की कोशिश कर रहे हैं वह वास्तविकता में मुद्दा है ही नहीं."

  6. मणिपुर में फिर भड़की हिंसा, दो अलग-अलग घटनाओं में 5 लोगों की मौत

    इंफाल में एक प्रदर्शन के दौरान की तस्वीर
    इमेज कैप्शन, शनिवार को इंफाल में हुए एक प्रदर्शन के दौरान की तस्वीर

    भारत के पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में एक बार फिर हिंसा भड़क उठी है. पुलिस के मुताबिक़, राज्य में हुई दो अलग-अलग घटनाओं में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई है.

    पहली घटना नोनी ज़िले की है, जहां अज्ञात बंदूक़धारियों के साथ हुई गोलीबारी में कुकी समुदाय के तीन लोगों की मौत हो गई.

    वहीं दूसरी घटना में, इसी समुदाय के दो अन्य लोगों के शव एक अन्य जगह से बरामद किए गए हैं. ये दोनों व्यक्ति इस हफ़्ते की शुरुआत से ही लापता थे.

    मणिपुर साल 2023 से ही जातीय संघर्ष की चपेट में है. राज्य के तीन प्रमुख समुदायों मैतेई, कुकी और नगा के बीच आर्थिक फ़ायदों और नौकरियों में आरक्षण जैसे मुद्दों को लेकर यह संघर्ष चल रहा है.

  7. फ़्रांस में प्रदर्शन के बाद हिंसा, 800 लोग हिरासत में

    फ़्रांस में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प के दौरान की तस्वीर
    इमेज कैप्शन, फ़्रांस में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प के दौरान की तस्वीर

    फ़्रांस और जर्मनी में बड़े पैमाने पर हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद भड़की हिंसा के दौरान सैकड़ों लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.

    फ़्रांस के गृह मंत्रालय के मुताबिक़, "देश भर में हुए प्रदर्शनों में लाखों लोगों ने हिस्सा लिया.

    ये प्रदर्शन ज़्यादातर शांतिपूर्ण रहे, लेकिन बाद में हुई हिंसा के चलते क़रीब 800 लोगों को हिरासत में लिया गया है."

    फ़्रांस में लगातार तीसरे सप्ताहांत देश के अलग-अलग शहरों में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हुए.

    इनमें तीन लाख 20 हजार से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया. ज्यादातर प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहे.

  8. इंडिया गठबंधन की रैली पर बीजेपी ने पूछा- 'कहां थे 10 लाख लोग?'

    इंडिया गठबंधन की रैली के बाद प्रेस कॉन्फ्रेस की तस्वीर
    इमेज कैप्शन, बीजेपी के नेता संबित पात्रा रामलीला मैदान में दस लाख लोगों के जुटने के दावे पर सवाल किया

    दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की रैली के बाद बीजेपी ने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर विपक्ष को घेरा है.

    बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने रैली में दस लाख लोगों के जुटने के दावे पर सवाल उठाए.

    संबित पात्रा ने विपक्ष से सवाल पूछते हुए कहा, "दस लाख लोग कहां थे? हमें दिखाइए. इस तरह के पैंतरों से कोई नेता या प्रधानमंत्री नहीं बनता है. इतनी सारी पार्टियों और झंडों को एक साथ लाने के बावजूद वे दस लाख लोगों को भी नहीं जुटा पाए."

    बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने 'पीएम' शब्द के मायने समझाते हुए कहा, "पीएम का मतलब सिर्फ़ प्राइम मिनिस्टर नहीं होता है. इसमें 'पी' का मतलब पसीना और 'एम' का मतलब मेहनत होता है. कोई भी प्रधानमंत्री पसीने और कड़ी मेहनत से ही बनता है."

    बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 'शिव जी की बारात' वाले बयान पर कहा कि वो देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं.

    राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने आगे कहा, "राहुल जी, न तो आप शिव हैं और न ही जिस अराजकता में आप भारत को डुबोना चाहते हैं, यह शिव जी की बारात नहीं"

  9. न्यूज़ीलैंड ने आख़िरी टी-20 मुक़ाबले में भारत को 7 विकेट से हराया

    भारत और न्यूज़ीलैंड के मैच के दौरान की तस्वीर
    इमेज कैप्शन, मैच हारने के बाद भी भारत ने सिरीज़ पर क़ब्ज़ा कर लिया है

    न्यूज़ीलैंड ने पांचवें और आख़िरी टी-20 मुक़ाबले में भारत को 7 विकेट से हरा दिया है. हालांकि, पांच मैचों की इस सिरीज़ पर भारत ने 3-2 से क़ब्ज़ा कर लिया है.

    न्यूज़ीलैंड ने रविवार को खेले गए मुक़ाबले में सीफ़र्ट और फ़िलिप्स की तेज़ पारियों की वजह से भारत को 7 विकेट से हरा दिया है.

    भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 191 रन बनाए थे. भारत की ओर से ईशान किशन ने 32 गेदों पर 61 रन और कप्तान श्रेयश अय्यर ने 23 गेंदों पर 50 रन बनाए.

    192 रनों के लक्ष्य के जवाब में न्यूज़ीलैंड टीम ने 12 गेंद बाक़ी रहते ही 192 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया.

    हालांकि लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूज़ीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और अर्शदीप सिंह ने फ़िन एलन को सिर्फ़ 2 रन पर पवेलियन भेज दिया.

    इसके बाद टिम सीफ़र्ट और डेरिल मिचेल ने दूसरे विकेट के लिए 73 रनों की साझेदारी कर पारी को संभाला.

    न्यूजीलैंड की टीम की जीत के हीरो टिम सीफ़र्ट और ग्लेन फ़िलिप्स रहे. सीफ़र्ट ने 50 गेंदों में 11 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 93 रन बनाए.

    वहीं, फ़िलिप्स ने 38 गेंदों में 8 चौकों और 3 छक्कों के साथ नाबाद 65 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली.

  10. बांग्लादेश में न्यूनतम वेतन बोर्ड के गठन की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन

    ढाका में प्रदर्शन के दौरान की तस्वीर
    इमेज कैप्शन, ढाका में प्रदर्शन के दौरान की तस्वीर

    बांग्लादेश के ढाका में मीरपुर और ग़ाज़ीपुर में कपड़ा श्रमिकों ने 30 हज़ार टका वेतन वृद्धि की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया. मीरपुर में श्रमिकों की पुलिस के साथ झड़प भी हुई.

    प्रदर्शनकारियों ने सुबह के प्रदर्शन के दौरान एक पुलिस वाहन में आग भी लगा दी.

    मीरपुर में झड़पों के दौरान पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को गिरफ़्तार भी किया.

    इस बीच, श्रमिकों की मांगों के मुताबिक़, सरकार ने पहले ही छह सदस्यीय वेतन बोर्ड का गठन कर दिया है.

    रविवार सुबह बांग्लादेश के श्रम मंत्री अरिफुल हक़ चौधरी ने वेतन बोर्ड के गठन की घोषणा की. उन्होंने श्रमिकों से विरोध प्रदर्शन बंद करने और काम पर लौटने का आह्वान किया.

    इसी बीच, श्रम मंत्री ने आरोप लगाया, "मुझे लगता है कि यह बिल्कुल स्पष्ट है कि कुछ राजनीतिक संगठन एक अस्थिर वातावरण बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से ये सब कर रहे हैं. मुझे लगता है कि जनता और श्रमिक इस बात को अच्छी तरह समझ जाएंगे."

    नव निर्धारित न्यूनतम वेतन के संबंध में पत्रकारों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए मंत्री ने कहा कि "वेतन बोर्ड का औपचारिक गठन हो चुका है. बोर्ड के सदस्य आपसी चर्चा और समीक्षा के माध्यम से जल्द से जल्द स्वतंत्र रूप से उचित वेतन निर्धारित करेंगे."

  11. इंडिया ब्लॉक की रैली में बोले अखिलेश- 'रामलीला मैदान लोकतंत्र का हल्दीघाटी बन गया है'

    दिल्ली में इंडिया गठबंधन की रैली को संबोधित करते समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव
    इमेज कैप्शन, दिल्ली में इंडिया गठबंधन की रैली को संबोधित करते समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव

    दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की रैली में पहुंचे समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने वोट चोरी और चुनाव आयोग पर निशाना साधा है.

    समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, '' जबसे ये तय हुआ कि रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की रैली होगी तबसे ये आवाज उठ रही है हम उन तमाम लोगों के ख़िलाफ़ हैं जिन्होंने लोकतंत्र को कमजोर करने का काम किया है.''

    अखिलेश यादव ने कहा, " हम उनके खिलाफ एकजुट हुए हैं तब से सुना है कि उन्हें भी याद आ गया है कि वो भी हम लोगों के साथ शामिल होना चाहते हैं. जहां से मैं चुनकर आया हूं वहां से आने वाले साथी जानते हैं कि उसी समय उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की ओर से कहा गया कि 1 करोड़ 27 लाख वोट काट दिए गए हैं "

    अखिलेश यादव ने कहा, " अब बीजेपी वालों को भी याद आ रहा है कि उनके भी वोट कट गए हैं. मुझे खुशी है कि काशी की जनता ने उन्हें डबल जीरो दिया है. दो रात तीन दिन काउंटिंग करवाकर चंडीगढ़ वाली चाल चलना चाहते थे लेकिन कामयाब नहीं हुए. डबल इंजन वाले डबल हार और डबल जीरो उन्हें उत्तर प्रदेश में मिलने का काम हुआ है और वो क्षेत्र काशी है जिसे क्योटो भी कहते हैं."

    अखिलेश यादव ने कहा, " बंगाल से पहले यूपी के रामपुर में फोर्स लगाकर वोट की चोरी की. घरों में जाकर धमकाया कि बाहर निकले तो जेल जाओगे. तस्वीरें भूली नहीं जाती.जब पुलिस अधिकारी ने महिला को वोट देने से रोका था."

    अखिलेश यादव ने कहा, " आज रामलीला मैदान लोकतंत्र का हल्दीघाटी बन गया है. जो यूपी में आए थे वो यूपी से बाहर जाएंगे. यूपी वाले स्वागत अच्छा करते हैं तो विदाई भी अच्छी करते हैं."

    अयोध्या में कथित चंदाचोरी को आरोप पर अखिलेश यादव ने कहा, " जिन्होंने चंदाचोरी की है उनका नाश तो होगा ही लेकिन इस बार सर्वनाश होने जा रहा है"

    मुख्य चुनाव आयुक्त पर आरोप लगाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि," सबसे बड़ी कड़ी हैं, इसके साथ एक बड़ी कंपनी भी शमिल है, हमने मुंहनोचवा सुना था ये वोट नोचवा हैं अब इनका अंत होने जा रहा है.युवाओं पर पड़ी एक-एक लाठी, एक-एक जख़्म का बदला लेंगे"

  12. इंडिया ब्लॉक की रैली में बोले खड़गे- 'ज्ञानेश कुमार को हटाने के लिए लड़ते रहेंगे'

    इंडिया गठबंधन की रैली में जनसभा को संबोधित करते कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे
    इमेज कैप्शन, इंडिया गठबंधन की रैली में जनसभा को संबोधित करते कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे

    'वोट बचाओ देश बचाओ रैली' में पहुंचे लोगों को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह समेत मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा है.

    जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, " पीएम मोदी और शाह ने युवाओं-महिलाओं और दलितो का वोट छीनने की कोशिश की है उसके खिलाफ हम लोग यहां इकठ्ठा हुए हैं."

    आगे उन्होंने कहा, "पीएम मोदी ने अपने चेले को बैठाकर आज सबके वोट को तोड़ने-फोड़ने का काम कर रहे हैं. उस ज्ञानेश कुमार को निकालने के लिए आज हम यहां पहुंचे हैं.जबतक वो नहीं हटेंगे तबतक हम रुकेंगे नहीं."

    अपने संबोधन में खड़गे कहते हैं कि, "अगर ज्ञानेश कुमार ज़मीन के अंदर भी गए तो उनको उठाकर बाहर लाएंगे. पीएम मोदी जी आप सीबीआई-ईडी को लगाकर आप डराते हैं. एजेंसियों का इस्तेमाल करके जो डराने का काम आप कर रहे हैं हम उससे डरने वाले नहीं है."

    पीएम मोदी पर आरोप लगाते हुए खड़गे ने कहा," प्रधानमंत्री लोगों को बांटने का काम कर रहे हैं. वो वोट चुनने का काम कर रहे हैं. वो जनता के चुने प्रधानमंत्री नहीं हैं"

    बीजेपी की सरकार को चोरी की सरकार बताते हुए उन्होंने कहा कि, "चाहे बिहार हो यूपी हो ये सब चोरी से बनी सरकार है. मोदी को हटाएंगे तभी लोकतंत्र बचेगा. मैं आपसे अपील करता हूं कि हम एक होकर लड़ेंगे, संविधान को बचाएंगे."

  13. इंडिया गठबंधन की रैली में पहुंचे नेताओं ने क्या कहा ?

    इंडिया गठबंधन की ओर से आयोजित रैली के दौरान पहुंचे शामिल पार्टियों के नेता
    इमेज कैप्शन, इंडिया गठबंधन की ओर से आयोजित रैली के दौरान पहुंचे शामिल पार्टियों के नेता

    रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की ओर से 'वोट बचाओ देश बचाओ' रैली में शामिल पार्टियों के नेता पहुंचने लगे हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत के दौरान कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा,"लोकतंत्र को बचाने और ज्ञानेश कुमार का इस्तीफ़ा मांगने के लिए पहले ही कई लाख लोग पहुंच चुके हैं"

    राज्यसभा में सांसद कपिल सिब्बल ने समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत के दौरान कहा,"हम 2016 के बाद के उनके भ्रष्टाचार का इतिहास बताएंगे कि कैसे उन्होंने अराजकता पैदा की है. अगर उन्होंने संविधान के अनुसार काम किया होता, तो यह नौबत नहीं आती."

    रैली में पहुंचे कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा कि,"जनता हमारे साथ है. हम अराजकता की बात नहीं कर रहे हैं, हम संविधान की बात कर रहे हैं. अगर लोग संविधान पर हमला न करें, तो देश में अराजकता नहीं फैलेगी. हम चाहते हैं कि मतदाताओं के पास अपना राजनीतिक भविष्य तय करने का जो संवैधानिक अधिकार है, वह सुरक्षित रहे"

    वहीं रैली में पहुंचे राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा कि,"बीजेपी लोकतंत्र में विश्वास नहीं करती; लोग यह सब देख रहे हैं और उन्हें बख्शेंगे नहीं"

  14. एसआईआर में कट चुके नामों के बैनर लेकर रैली में पहुंचे कार्यकर्ता

    इंडिया गठबंधन की रैली के दौरान लगे नेताओं के पोस्टर
    इमेज कैप्शन, इंडिया गठबंधन की रैली के दौरान लगे नेताओं के पोस्टर

    दिल्ली के रामलीला मैदान पर हो रही विपक्षी गठबंधन की रैली में सुबह से ही कार्यकर्ताओं का पहुंचना शुरू हो गया है.

    दोपहर में अलग-अलग नज़ारे देखने को मिले. कुछ कार्यकर्ता एसआईआर प्रक्रिया में कटे हुए नामों को बैनर में प्रिंट कराकर प्रदर्शन स्थल पहुंच रहे हैं

    इंडिया गठबंधन में एसआईआर में नाम कटे हुए वोटर्स का बैनर लेकर पहुंचे कार्यकर्ता
    इमेज कैप्शन, इंडिया गठबंधन में एसआईआर में नाम कटे हुए वोटर्स का बैनर लेकर पहुंचे कार्यकर्ता

    कर्नाटक कांग्रेस के पूर्व सोशल मीडिया प्रमुख श्रीवत्स ने 'एक्स' पर लिखा,"अकेले एक राज्य में लाखों लोगों के नाम काटे गए हैं. कार्यकर्ताओं ने उनके नाम को बैनर में प्रिंट करके रामलीला मैदान पहुंच रहे हैं."

    दिल्ली के रामलीला मैदान में एक नवंबर को होने वाली इंडिया गठबंधन की रैली के लिए दस लाख लोगों के राजधानी पहुंचने का दावा किया गया है.

  15. भारत ने न्यूज़ीलैंड को जीत के लिए दिया 192 रनों का लक्ष्य

    भारत-न्यूज़ीलैंड के बीच आखिरी टी20 मैच के दौरान की तस्वीर
    इमेज कैप्शन, भारत-न्यूज़ीलैंड के बीच आखिरी टी20 मैच के दौरान की तस्वीर

    न्यूज़ीलैंड के हैमिल्टन में आज 5 मैचों के टी20 सीरीज़ का आख़िरी मैच खेला जा रहा है.

    टॉस जीतकर न्यूज़ीलैंड ने पहले बॉलिंग चुनी. भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए न्यूज़ीलैंड को जीत के लिए 192 रनों का लक्ष्य दिया है.

    भारत की ओर से ईशान किशन ने 32 गेदों पर 61 रन बनाए और कप्तानी पारी खेलते हुए श्रेयश अय्यर ने 23 गेंदों पर 50 रन बनाए.

    न्यूज़ीलैंड की ओर से एडम मिल्ने ने 4 ओवर में 19 रन देकर सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके.

    जबकि नाथन स्मिथ और ब्लेयर टिकनर ने 2-2 विकेट झटके.

    5 मैचों की इस सिरीज़ में भारत 3-1 से आगे है.

  16. सिख विरोधी दंगों को लेकर कांग्रेस के ख़िलाफ़ दिल्ली में बीजेपी का मार्च

    दिल्ली में बीजेपी ने 1984 में हुए सिख दंगे के विरोध में निकाला मार्च
    इमेज कैप्शन, दिल्ली में बीजेपी ने 1984 में हुए सिख दंगे के विरोध में निकाला मार्च

    1984 के सिख विरोधी दंगों को लेकर कांग्रेस के ख़िलाफ़ बीजेपी रविवार को पश्चिमी दिल्ली में मार्च निकाल रही है.

    यह मार्च हरि नगर स्थित डीटीसी बस डिपो से शुरू होकर तिलक नगर मेट्रो स्टेशन तक निकाला जा रहा है.

    इस मार्च में सिख समुदाय के लोगों के साथ बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता भी शामिल हैं.

    बीबीसी संवाददाता शुभ राणा ने बताया कि, मार्च का नेतृत्व केंद्रीय मंत्री सरदार हरदीप सिंह पुरी कर रहे हैं. उनके साथ दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष, केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा और दिल्ली सरकार में मंत्री सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद हैं.

    मार्च में 1984 के सिख विरोधी दंगों में अपने परिजनों को खोने वाले कई परिवार भी शामिल हुए हैं.

    दिल्ली की मुख़्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत शामिल लोगों ने काली पट्टी लगाकर मार्च किया.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत के दौरान रेखा गुप्ता ने कहा, "लोकतंत्र की दुहाई देने वालों (कांग्रेस) से आज सिख समाज पूछ रहा है कि जो 1984 में हुआ था क्या वो लोकतंत्र की हत्या नहीं थी?"

    उन्होंने कहा, "आज देश में अराजकता फैलाने का काम वो कर रहे हैं. इस मार्च में जो हजारों सिख भाई-बहन शामिल हुए हैं वो कांग्रेस से जवाब मांग रहे हैं कि उन्हें न्याय कब मिलेगा."

  17. अभी तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब बीबीसी संवाददाता अभिषेक प्रताप सिंह रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं-

  18. रैली से पहले राहुल गांधी ने व्यापारियों को नुकसान होने का हवाला देते हुए बीजेपी पर लगाया ये आरोप

    राहुल गांधी
    इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी ने सारी की सारी दुकानें जबरदस्ती बंद करवा दी (फ़ाइल फ़ोटो)

    रामलीला मैदान में विपक्ष की रैली से पहले राहुल गांधी ने बीजेपी पर आरोप लगाया कि कनॉट प्लेस में बीजेपी ने सारी की सारी दुकानें जबरदस्ती बंद करवा दी.

    एक ओपन जीप में राहुल गांधी विपक्षी नेताओं के साथ रामलीला मैदान जा रहे थे. इसी दौरान उन्होंने एक्स पर एक वीडियो पोस्ट कर कहा, "हमने सभी लोगों से कहा कि जब आप मार्च और महा रैली के लिए यहां आएंगे तो चीजें खरीदेंगे, खरीदारी करेंगे मगर, यहां कनॉट प्लेस में आते हुए हमें पता लगा कि बीजेपी ने सारी की सारी दुकानें जबरदस्ती बंद करवा दी."

    राहुल गांधी ने कहा, "तो व्यापारियों का नुकसान कौन कर रहा है, कैसे हो रहा है, यह आप जान लीजिए."

    इससे पहले दिल्ली के चैंबर ऑफ़ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने एक नंवबर को कांग्रेस नेता राहुल गांधी को एक पत्र लिखा.

    इसमें सीटीआई ने आशंका जताई कि रैली के कारण दिल्ली के प्रमुख बाज़ारों में व्यापारिक गतिविधियां बुरी तरह प्रभावित हो सकती हैं.

    सीटीआई ने कहा, "रामलीला मैदान के आसपास पांच किलोमीटर के दायरे में स्थित क़रीब 3 लाख दुकानों में से लगभग 2.5 लाख दुकानें बंद रहने की आशंका है. इससे क़रीब 80 फ़ीसदी कारोबार प्रभावित हो सकता है."

  19. रामलीला मैदान में हो रही रैली पर बोले जेपी नड्डा- सरकार को अस्थिर करने का प्रयास

    जेपी नड्डा
    इमेज कैप्शन, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत एक मज़बूत लोकतंत्र है, यह आपकी दंगा आधारित राजनीति से नहीं बल्कि संविधान और जनता के जनादेश से चलेगा (फ़ाइल फ़ोटो)

    दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्ष की महारैली हो रही है, जिसकी केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता जेपी नड्डा ने आलोचना की है.

    जेपी नड्डा ने प्रेस वार्ता में कहा, "आज रामलीला मैदान में जो कुछ हो रहा है, वह लोकतंत्र का सम्मान नहीं बल्कि प्रजातंत्र, लोकतंत्र के नाम पर देश को अराजकता के हवाले करने की एक सोची समझी साज़िश है. यह हारे हुए और जनता की ओर से बार-बार नकारे हुए लोगों का एक डिज़ाइन ड्रामा है."

    "राहुल गांधी की राजनीति का मॉडल क्या है? यह मैं आज देश की जनता को बताना चाहता हूं. इसका पहला चरण झूठ बोलना और अफ़वाह फैलाना, दूसरा चरण सड़कों पर अराजकता और उपद्रव मचाना, तीसरा चरण देश की अर्थव्यवस्था को चोट पहुंचाना और चौथा चरण विदेशी ताक़तों के इशारे पर चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने का प्रयास करना है."

    उन्होंने कहा, "एक नवंबर को राहुल गांधी के इस ड्रामे के चार मक़सद- पहला सिख भाइयों के ज़ख़्मों पर नमक छिड़कना, दूसरा दिल्ली में दंगा और अराजकता फैलाकर साज़िश करके जनता की चुनी हुई लोकतांत्रिक सरकार को हटाना, तीसरा त्योहार के सीज़न में दिल्ली के दुकानदारों और व्यापारियों की कमाई पर डाका डालना और चौथा देश को बदनाम करना है."

    नड्डा ने कहा, "भारत एक मज़बूत लोकतंत्र है. यह आपकी दंगा आधारित राजनीति से नहीं बल्कि संविधान और जनता के जनादेश से चलेगा. आपकी यह रैली कांग्रेस के राजनीतिक पतन की ताबूत में आख़िरी कील साबित होगी."

    गौरतलब है कि विपक्षी दलों का मार्च शुरू हो चुका है, जो रामलीला मैदान तक जाएगा और यहां पर नेता रैली को संबोधित करेंगे.

  20. रामलीला मैदान तक विपक्षी दलों का मार्च शुरू, देखें तस्वीरें

    राहुल गांधी
    इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ओपन जीप में सवार हैं

    दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को एसआईआर के विरोध में इंडिया गठबंधन की रैली हो रही है. इसमें शामिल होने के विपक्षी दलों के कार्यकर्ता और लोग जुटने लगे हैं.

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास से विपक्षी नेताओं का मार्च शुरू हो गया है, जो रामलीला मैदान तक जाएगा.

    रामलीला मैदान और इसके आसपास के इलाक़े में भारी सुरक्षा बल तैनात है. साथ ही विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं की मौजूदगी बढ़ने लगी है.

    रैली
    इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लोगों से कनॉट प्लेस पहुंचकर मार्च में शामिल होने या सीधे रामलीला मैदान पहुंचने की अपील की है
    रामलीला मैदान
    इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की रैली को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, "पूरी सरकार डर के माहौल में है. बार-बार धारा 163 का हवाला देकर बयान जारी किए जा रहे हैं"
    bbc
    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने एक्स पर लोगों से अपील करते हुए लिखा, "दिल्ली, तैयार हो जाओ. वोट बचाओ, देश बचाओ. कनॉट प्लेस आइए, साथ चलते हैं. या सीधे रामलीला मैदान में मिलते हैं. मगर, आना जरूर है"
    मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के नेता राहुल गांधी की अगुवाई में होने वाले विरोध मार्च और रैली में जुटे लोग. इस मार्च में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग की जा रही है
    इमेज कैप्शन, मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के नेता राहुल गांधी की अगुवाई में होने वाले विरोध मार्च और रैली में जुटे लोग. इस मार्च में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग की जा रही है