लाइव, कर्नाटक सरकार ने मजदूरों के लिए न्यूनतम वेतन बढ़ाकर 31 हजार रुपये तक किया
कर्नाटक अब उत्तर प्रदेश और हरियाणा के बाद देश का तीसरा राज्य बन गया है जिसने करीब 1 करोड़ मजदूरों के लिए न्यूनतम वेतन बढ़ाया है. ये मजदूर 83 अलग-अलग तरह के कामों से जुड़े हुए हैं.
कर्नाटक सरकार ने मजदूरों के लिए न्यूनतम वेतन बढ़ाकर 31 हजार रुपये तक किया, इमरान कुरैशी, बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, कर्नाटक सरकार ने मजदूरों के लिए न्यूनतम वेतन में बढ़ोतरी की है
कर्नाटक अब उत्तर प्रदेश और हरियाणा के बाद देश का तीसरा राज्य बन गया है जिसने करीब 1 करोड़ मजदूरों के लिए न्यूनतम वेतन बढ़ाया है. ये मजदूर 83 अलग-अलग तरह के कामों से जुड़े हुए हैं.
कर्नाटक सरकार की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि अकुशल से लेकर अत्यधिक कुशल मज़दूरों के लिए ज़ोन 3 से जोन वन में न्यूनतम वेतन की दर 19,300 रुपये से लेकर 31,000 रुपये तक है.
कर्नाटक के श्रम मंत्री संतोष लाड ने बीबीसी हिन्दी से कहा, "हमने 16,500 रुपये की बेसिक सैलरी में हर साल 500 रुपये महंगाई भत्ता जोड़कर, अकुशल मजदूरों की न्यूनतम सैलरी को बढ़ाकर करीब 23,000 रुपये कर दिया है.’
उन्होंने कहा कि न्यूनतम मज़दूरी की पूरी गणना साल 1991 के रेप्टोकोस ब्रेट मामले में सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर आधारित थी. इस फ़ैसले में इस बारे में खास दिशा-निर्देश तय किए गए थे कि मज़दूरी कैसे तय की जानी चाहिए.
संतोष लाड ने कहा ‘‘इसमें माता-पिता और दो छोटे बच्चों वाले परिवार के लिए ज़रूरी भोजन को ध्यान में रखा गया था, जिसमें औसत कैलोरी की खपत 2700 तय की गई थी, साथ ही 62-72 गज़ कपड़ा, प्रोटीन, सब्ज़ियाँ और फल भी शामिल थे. क़ीमतों की गणना तीन बाज़ारों में जाँच करने के बाद की जानी थी. इसके अलावा शिक्षा, सेहत और मकान किराये के लिए 20 प्रतिशत और जोड़ा गया था.’’
1991 के सुप्रीम कोर्ट के आदेश का कार्यान्वयन तब हुआ, जब ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस ने अधिसूचना जारी होने पर संशोधित वेतन के मुद्दे को कर्नाटक हाई कोर्ट में उठाया था.
हाई कोर्ट ने न्यूनतम वेतन की गणना के आधार के रूप में विशेष रूप से 'रेप्टाकोस ब्रेट केस' के फ़ॉर्मूले को अपनाने को कहा था.
पिछले महीने उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़े पैमाने पर हुए विरोध-प्रदर्शनों के बाद कुशल मज़दूरों के लिए न्यूनतम वेतन 16,868 रुपये, अर्द्धकुशल के लिए 15,059 रुपये और अकुशल के लिए 13,690 रुपये कर दी थी.
दूसरी ओर हरियाणा ने अत्यधिक कुशल मज़दूरों के लिए मज़दूरी 19,425 रुपये, कुशल के लिए 18,500 रुपये, अर्द्धकुशल के लिए 16,780 रुपये और अकुशल के लिए 15,290 रुपये कर दी थी.
गुरिंदरवीर सिंह ने 100 मीटर दौड़ में तोड़ा नेशनल रिकॉर्ड, जानिए कितने सेकंड में पूरी की दौड़
इमेज स्रोत, Gurindervir Singh/Insta
इमेज कैप्शन, भारतीय एथलीट गुरिंदरवीर सिंह ने 100 मीटर दौड़ में नेशनल रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है
रांची में हुए नेशनल सीनियर एथलेटिक्स फ़ेडरेशन कॉम्पिटिशन 2026 के फ़ाइनल में गुरिंदरवीर सिंह ने एक ऐतिहासिक दौड़ लगाते हुए 100 मीटर दौड़ का भारतीय नेशनल रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.
बिरसा मुंडा स्टेडियम में दौड़ते हुए गुरिंदर ने 10.09 सेकंड में यह दौड़ पूरी कर यह रिकॉर्ड अपने नाम किया.
इसके साथ ही वह पुरुषों की 100 मीटर दौड़ में 10.10 सेकंड की बाधा तोड़ने वाले भारत के पहले धावक बन गए.
ओलंपिक डॉट कॉम वेबसाइट के अनुसार, "गुरिंदर ने इस जीत के साथ न केवल राष्ट्रीय रिकॉर्ड को अपने नाम किया है, बल्कि एथलेटिक्स फ़ेडरेशन ऑफ़ इंडिया की ओर से कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियन गेम्स के लिए निर्धारित 10.16 सेकंड के क्वालिफ़िकेशन मार्क को भी पार किया है."
रिकॉर्ड तोड़ने के बाद समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए गुरिंदर ने कहा, "मेरे कोच ने मेरे साथ बहुत कड़ी मेहनत की है. उन्होंने मुझ पर बहुत भरोसा दिखाया है और उन्होंने मुझसे बहुत मेहनत करवाई है."
उन्होंने कहा, “मुझसे लोग कहते थे कि 100 मीटर में भारत में कोई भविष्य नहीं है, तुम 200 या 400 मीटर की दौड़ चुन लो. मुझे उन सबको ग़लत साबित करना है."
भारतीय कंपनियों ने अमेरिका में 20 अरब डॉलर का निवेश किया- मार्को रुबियो
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो भारत के दौरे पर आए हुए हैं
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई बातचीत को लेकर जानकारी दी है.
मार्को रुबियो ने कहा, "आज हमारी एक बहुत ही सार्थक बैठक हुई. अमेरिका जिस तरह से इंडो-पैसिफ़िक क्षेत्र को देखता है, उसमें भारत की भूमिका केंद्रीय है और यह सिर्फ़ 'क्वाड' के ज़रिए ही नहीं बल्कि द्विपक्षीय स्तर पर भी है.”
उन्होंने आगे कहा, "आप इसे उन 20 अरब डॉलर के निवेश के रूप में भी देख सकते हैं, जो भारतीय कंपनियों ने अमेरिका में किया है. आप इसे 'पैक्स सिलिका' में उनकी भागीदारी और उन अन्य अवसरों में भी देख सकते हैं."
गौरतलब है कि रुबियो क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक के लिए 23 से 26 मई तक भारत के दौरे पर हैं. इस दौरान वह कोलकाता, आगरा, जयपुर और नई दिल्ली का दौरा करेंगे.
विनेश फोगाट को एशियन गेम्स के ट्रायल्स में भाग लेने की मिली अनुमति
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, दिल्ली हाई कोर्ट ने विनेश फोगाट को कारण बताओ नोटिस जारी करने पर फटकार लगाई
दिल्ली हाई कोर्ट ने शुक्रवार को भारतीय पहलवान विनेश फोगाट को एशियन गेम्स के सेलेक्शन ट्रायल्स में भाग लेने की अनुमति दे दी है.
न्यूज़ वेबसाइट लाइव लॉ के मुताबिकहाई कोर्ट ने भारतीय कुश्ती महासंघ की नीति को 'भेदभादपूर्ण' बताया है.
कोर्ट ने कहा, "भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफ़आई) की सेलेक्शन पॉलिसी साफ़ तौर पर भेदभावपूर्ण है और यह डब्ल्यूएफ़आई को फोगाट जैसी मशहूर खिलाड़ियों पर विचार करने का कोई अधिकार नहीं देती, खासकर तब जब उन्होंने मैटरनिटी लीव की वजह से खेल से ब्रेक लिया हो."
कोर्ट ने कहा कि 'किसी महिला के साथ मैटरनिटी लीव लेने की वजह से भेदभाव नहीं किया जा सकता.'
दिल्ली हाई कोर्ट के चीफ़ जस्टिस डीके उपाध्याय और जस्टिस तेजस करिया की खंडपीठ ने आदेश में कहा कि विनेश फोगाट ने साल 2025 में सबएडिकल के लिए आवेदन किया था और इसलिए वह उस साल किसी भी चैंपियनशिप या प्रतियोगिता में भाग नहीं ले सकीं, क्योंकि उन्होंने ने जुलाई 2025 में अपने पहले बच्चे को जन्म दिया था.
2026 एशियन गेम्स के लिए 30 और 31 मई को ट्रायल्स होने हैं.
इससे पहले 11 मई को विनेश फोगाट उत्तर प्रदेश के गोंडा पहुंचीं थी और भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफ़आई) के अधिकारियों से वहां होने वाले नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट में भाग लेने की अनुमति मांगी थी.
कानपुर कमिश्नरेट में आईटीबीपी जवानों के पहुंचने पर हंगामा, घेरने के दावे से पुलिस का इनकार, गौरव गुलमोहर, बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Gaurav Gulmohar
इमेज कैप्शन, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में आईटीबीपी के जवानों को पुलिस कमिश्नरेट के बाहर खड़े देखा जा सकता है
कानपुर में शनिवार को उस वक्त असामान्य स्थिति बन गई जब अर्धसैनिक बल आईटीबीपी के लगभग पचास जवान हथियारों के साथ पुलिस कमिश्नरेट पहुंच गए.
जवान अपने साथी विकास सिंह की मां के इलाज में कथित लापरवाही और अस्पताल पर कार्रवाई न होने से नाराज़ थे. विकास सिंह का आरोप है कि उनकी मां को सांस लेने में दिक्कत होने के बाद शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
परिजनों के अनुसार, इलाज के दौरान संक्रमण इतना बढ़ गया कि बाद में दूसरे अस्पताल में महिला का हाथ काटना पड़ा. इस मामले में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग पर कार्रवाई में देरी के आरोप लगाए जा रहे हैं.
अर्धसैनिक बल के जवानों के कमिश्नरेट परिसर को अपने कब्ज़े में लेने की बात से एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने इनकार किया है.
एडिशनल पुलिस कमिश्नर कानून एवं व्यवस्था विपिन ताडा ने मीडिया से कहा, "आईटीबीपी का एक जवान बात करने के लिए अपने कई वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आया था. उस दौरान उनके साथी बाहर खड़े थे. इस पर उनसे बात की गई तो उन्होंने जवानों को वापस भेज दिया."
पुलिस कमिश्नर ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से दोबारा स्पष्ट रिपोर्ट मांगी है. अधिकारियों का कहना है कि जांच, तथ्यों के आधार पर होगी और अगर लापरवाही साबित हुई तो क़ानूनी कार्रवाई की जाएगी.
विपिन टाडा ने मीडिया को बताया, "आईटीबीपी का जवान कुछ दिन पहले आवेदन लेकर आया था जिसमें उनका आरोप था कि अस्पताल द्वारा लापरवाही पूर्वक इलाज करने के कारण उनकी मां का हाथ काटना पड़ा."
"मामला स्वास्थ्य विभाग का होने के कारण आवेदन मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भेजा गया था. उनके अनुसार डॉक्टरों की कमेटी गठित कर सभी पहलू की जांच कराई गई थी लेकिन जो रिपोर्ट आई उस पर जवान अपने अधिकारियों को लेकर आया. उसने कुछ बिंदुओं पर आपत्ति दर्ज कराई."
उन्होंने आगे बताया, "मुख्य चिकित्सा अधिकारी और जवान बातचीत के बाद फिर से जांच के लिए राज़ी हुए हैं. जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी आधार पर आगे की क़ानूनी कार्रवाई की जाएगी."
अर्धसैनिक बल कानपुर कमांडेंट गौरव प्रसाद ने मीडिया को बताया, "हमारे जवान की मां का हाथ कट गया है उसी संबंध में कल कमिश्नर से अप्वाइंटमेंट लिया था."
"आज मेरे अधिकारी और जवान आये थे. मैं अंदर बैठा था, बाहर जवान खड़े थे. शायद मीडिया ने इसे ग़लत रूप में ले लिया है. यहां (कमिश्नरेट बिल्डिंग) कोई घेरने की कार्रवाई नहीं हुई है. हमें कमिश्नर सर की तरफ से पूरा सपोर्ट है."
कॉकरोच जनता पार्टी पर क्या बोले केरल बीजेपी अध्यक्ष?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, बीजेपी नेता राजीव चंद्रशेखर ने कॉकरोच जनता पार्टी को बनावटी नैरेटिव खड़ा करने की कोशिश बताया है
केरल में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने कॉकरोच जनता पार्टी पर प्रतिक्रिया दी है.
समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा, "मुझे इसमें एक क्लासिक 'इन्फ्लुएंस ऑपरेशन' के ज़्यादातर लक्षण दिखाई दे रहे हैं, जिसे एक बनावटी नैरेटिव सेट करने और उम्मीद है कि एक आंदोलन खड़ा करने के लिए डिज़ाइन किया गया है.”
राजीव ने कहा, “मुझे यह तो नहीं पता की कॉकरोच जनता पार्टी या इसे जो भी कहते हों, उसके पीछे कौन लोग हैं.”
उन्होंने कहा, "मेरे हिसाब से इस पूरी कोशिश का मकसद अस्थिरता पैदा करना है. यह साफ़ तौर पर प्लान किया गया है. पश्चिम बंगाल और असम में चुनावों में मिली बड़ी हार के ठीक बाद यह अचानक सामने आया है.”
इससे पहले 'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बताया है कि सीजेपी की वेबसाइट को बंद कर दिया गया है.
अभिजीत दीपके ने शनिवार को अपने एक्स हैंडल पर लिखा, "सरकार ने हमारी मशहूर वेबसाइट को बंद कर दिया है."
"हमारी वेबसाइट पर 10 लाख कॉकरोच सदस्य बने थे. 6 लाख कॉकरोच ने धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग वाली याचिका पर साइन भी किए थे."
त्विषा शर्मा के पति समर्थ सिंह को भोपाल कोर्ट ने 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा, विष्णुकांत तिवारी, बीबीसी संवाददाता
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, त्विषा शर्मा के पति समर्थ सिंह को 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है
त्विषा शर्मा की मौत के मामले में भोपाल की ज़िला अदालत ने शुक्रवार को अभियुक्त और त्विषा के पति समर्थ सिंह को सात दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया.
अदालत ने उन्हें 23 मई से 29 मई तक पुलिस हिरासत में रखने की अनुमति दी है साथ ही त्विषा के परिवार की मांग को मानते हुए कोर्ट ने समर्थ सिंह का पासपोर्ट भी ज़ब्त करने के आदेश दिये हैं.
त्विषा के परिवार की ओर से वकील शुभांक दीक्षित ने बीबीसी को बताया, “अदालत ने पुलिस की मांग पर सात दिन की रिमांड मंजूर की है.”
इससे पहले शुक्रवार 22 मई को अभियुक्त समर्थ सिंह को जबलपुर में हिरासत में लिया गया था.
भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा था, “पुलिस टीम उन्हें हिरासत में लेकर भोपाल ला रही है और क़ानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.”
दूसरी ओर मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने त्विषा शर्मा के शव का दूसरा पोस्टमार्टम कराने का आदेश दिया है.
त्विषा के पिता नवनिधि शर्मा की याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने कहा कि चूंकि महिला की मौत शादी के छह महीने के भीतर हुई है इसलिए “सभी संदेह दूर करने” के लिए दूसरा पोस्टमार्टम जल्द से जल्द कराया जाना चाहिए.
हाईकोर्ट ने एम्स दिल्ली के निदेशक से विशेषज्ञों की टीम गठित करने का आदेश दिया है. अदालत ने कहा कि राज्य सरकार विशेषज्ञों को विशेष विमान से भोपाल लाने की व्यवस्था करेगी और पोस्टमार्टम भोपाल में ही कराया जाएगा.
पेट्रोल डीज़ल के दाम फिर बढ़ने पर कांग्रेस ने किया तंज़, 'रुपये और पेट्रोल में 100 पार होने की लगी है होड़'
इमेज स्रोत, INC/X
इमेज कैप्शन, दस दिनों में पेट्रोल डीज़ की क़ीमतें तीन बार बढ़ने पर विपक्षी दल आलोचना कर रहे हैं
कांग्रेस ने डॉलर के मुकाबले रुपये के कमज़ोर होने और पेट्रोल की बढ़ती क़ीमतों को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है.
कांग्रेस की ओर से आयोजित की गई प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कांग्रेस नेता राजीव गौड़ा ने कहा, "आज भारत के लोग देख रहे हैं और यह सोच रहे हैं कि 100 का आंकड़ा पहले कौन पार करेगा. डॉलर के मुकाबले कमज़ोर होता रुपया या देश में पेट्रोल की क़ीमतें."
कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर दी गई वर्क फ़्रॉम होम करने की सलाह पर निशाना साधा है.
कांग्रेस नेता डॉली शर्मा ने कहा, "मोदी सरकार ने जनता से कहा वर्क फ़्रॉम होम करिए. अब नरेंद्र मोदी बताएं कि असल में कितने लोग वर्क फ़्रॉम होम कर सकते हैं और किन वर्गों के लिए यह संभव है."
"प्रवासी मज़दूर और कंस्ट्रक्शन का काम करने वाले मज़दूर घर से काम नहीं कर सकते जबकि उन्हें महंगे गैस सिलेंडर खरीदने पड़ रहे हैं. आलम ये है कि मज़दूर गांव की ओर लौट रहे हैं."
ग़ौरतलब है किशनिवार को पेट्रोल और डीज़ल के दामों में बढ़ोतरी हुई है. पेट्रोल 87 पैसे और डीज़ल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया है. 15 मई से अब तक यह तीसरी बार दाम बढ़े हैं.
ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को व्हाइट हाउस आने का दिया न्योता- सर्जियो गोर
इमेज स्रोत, @narendramodi
इमेज कैप्शन, अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो भारत के दौरे पर आए हुए हैं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी विदेशी मंत्री मार्को रुबियो की हुई बैठक के बारे में भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने जानकारी साझा की है.
सोशल मीडिया पर सर्जियो गोर ने कहा, "विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बैठक में शामिल होना बहुत अच्छा रहा."
उन्होंने कहा, "हमने सुरक्षा, व्यापार और अहम तकनीकों के क्षेत्रों में भारत-अमेरिका के सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की, ये ऐसे क्षेत्र हैं जो दोनों देशों को मजबूत बनाते हैं. भारत, अमेरिका का एक बहुत महत्वपूर्ण साझेदार है."
एक और पोस्ट में सर्जियो गोर ने कहा, "विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को व्हाइट हाउस आने के लिए आधिकारिक निमंत्रण दिया है."
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोशल मीडिया पर लिखा, "अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो का स्वागत करके मुझे खुशी हुई. हमने भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी में निरंतर प्रगति, वैश्विक शांति और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की. भारत और अमेरिका वैश्विक भलाई के लिए मिलकर काम करना जारी रखेंगे."
ईरान जंग से पस्त 27 देश वर्ल्ड बैंक से मांग रहे हैं आर्थिक मदद
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ईरान युद्ध के कारण कई देशों की अर्थव्यवस्था प्रभावित हुई है
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, ईरान जंग की शुरुआत के बाद से अब तक 27 देशों ने मदद के लिए वर्ल्ड बैंक से गुहार लगाई है.
इन देशों का कहना है कि ईरान के कारण उनकी अर्थव्यवस्था प्रभावित हुई है.
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, रॉयटर्स ने जिन दस्तावेज़ के हवाले से यह बात कही है उस दस्तावेज़ में न तो देशों के नाम बताए गए हैं और न ही मांगी गई फ़ंडिंग की सटीक राशि बताई गई है.
वर्ल्ड बैंक ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया.
रिपोर्ट के मुताबिक़, 28 फ़रवरी को ईरान और अमेरिका-इसराइल के बीच संघर्ष शुरू होने के बाद से दुनियाभर के ऊर्जा बाज़ारों में काफ़ी उथल-पुथल हुई है.
इसका असर सप्लाई चेन पर पड़ा है और विकासशील देशों तक ज़रूरी खाद (फर्टिलाइज़र) की खेप पहुँचने में भी रुकावट आई है.
कीनिया और इराक़ के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि वे युद्ध के असर से निपटने के लिए वर्ल्ड बैंक से तुरंत आर्थिक मदद मांग रहे हैं.
इस युद्ध की वजह से कीनिया में ईंधन की क़ीमतें तेज़ी से बढ़ गई हैं जबकि इराक़ की तेल से होने वाली कमाई में भारी गिरावट आई है.
ये 27 देश उन 101 देशों में शामिल हैं, जिन्हें वर्ल्ड बैंक की इमरजेंसी फ़ाइनेंसिंग व्यवस्था तक पहुंच हासिल है.
पुतिन ने छात्रावास पर हमला करने का आरोप लगाया, यूक्रेन के ख़िलाफ़ जवाबी कार्रवाई के दिए निर्देश
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, रूस ने यूक्रेन पर एक छात्रावास पर हमला करने का आरोप लगाया है
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन पर पूर्वी यूक्रेन के कब्जे वाले इलाके में एक छात्रावास पर घातक हमला करने का आरोप लगाया है. पुतिन ने जवाबी कार्रवाई करने का प्रण लिया है.
रूस समर्थित स्थानीय गवर्नर के मुताबिक़, लुहान्स्क क्षेत्र के स्टारोबिल्स्क शहर में रात के समय हुए हमले में 10 लोगों की मौत हो गई और 38 अन्य घायल हो गए. उन्होंने बताया कि 11 लोग अब भी लापता हैं.
यूक्रेन की सेना ने कहा कि उसने स्टारोबिल्स्क में रूस की विशेष रुबिकॉन ड्रोन सैन्य इकाई के मुख्यालय पर हमला किया है.
हालांकि यूक्रेनी सेना ने यह नहीं बताया कि क्या यह वही इमारत थी, जिसे रूस ने निशाना बनाए जाने की बात कही है.
वहीं राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि आसपास “कोई सैन्य ठिकाना, ख़ुफ़िया एजेंसियों की फ़ैसिलीटी या उनसे जुड़ी सेवाएं मौजूद नहीं थीं.”
उन्होंने शुक्रवार को मॉस्को आयोजित एक समारोह में कहा, “इसलिए यह दावा करने का कोई आधार नहीं है कि हमारे एयर डिफ़ेंस या इलेक्ट्रॉनिक वॉरफ़ेयर सिस्टम की वजह से इमारत पर हमला किया गया.”
पुतिन ने रूसी सेना को जवाबी कार्रवाई करने की तैयारी करने का आदेश दिया है.
अभिजीत दीपके ने कहा- सरकार ने 'कॉकरोच जनता पार्टी' की वेबसाइट बंद कर दी
इमेज स्रोत, cjp
'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बताया है कि सीजेपी की वेबसाइट को बंद कर दिया गया है.
अभिजीत दीपके ने शनिवार को अपने एक्स हैंडल पर लिखा, "सरकार ने हमारी मशहूर वेबसाइट को बंद कर दिया है."
"हमारी वेबसाइट पर 10 लाख कॉकरोच सदस्य बने थे. 6 लाख कॉकरोच ने धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग वाली याचिका पर साइन भी किए थे."
उन्होंने लिखा, "सरकार कॉकरोच से इतनी डरी हुई क्यों है? लेकिन यह तानाशाही रवैया भारत के युवाओं की आंखें खोल रहा है. हमारा सिर्फ़ इतना जुर्म है कि हम अपने लिए बेहतर भविष्य की मांग कर रहे थे. लेकिन हमें इतनी आसानी से ख़त्म नहीं किया जा सकता. हम अभी एक नया घर बना रहे हैं. कॉकरोच कभी नहीं मरते."
इससे पहले अभिजीत दीपके ने बताया था कि सीजेपी का इंस्टाग्राम पेज हैक हो गया है, एक्स अकाउंट पर भी रोक लगा दी गई है.
नमस्कार!
अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज
इमेज स्रोत, Deepak Gupta/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, अजय राय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ख़िलाफ़ तीन बार चुनाव लड़ चुके हैं
उत्तर प्रदेश की कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ख़िलाफ़ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, यूपी के में महोबा शनिवार को कोतवाली नगर थाने में बीजेपी कार्यकर्ता नीरज रावत की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है.
एएसपी वंदना सिंह ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई को बताया, "22 मई 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय अपने समर्थकों के साथ सरकारी काम में बाधा डाल रहे थे. इस दौरान उन्होंने सार्वजनिक रास्ता भी रोक दी थी."
उन्होंने बताया, "अजय राय ने प्रधानमंत्री के ख़िलाफ़ आपत्तिजनक टिप्पणी भी की. इस मामले में कई धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है. कार्रवाई की जा रही है."
गौरतलब है कि अजय राय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ख़िलाफ़ तीन बार चुनाव लड़ चुके हैं. उन्होंने उत्तर प्रदेश की वाराणसी लोकसभा सीट से 2014, 2019 और 2024 में चुनाव लड़ा.
त्विषा शर्मा केस: अभियुक्त समर्थ सिंह की आज कोर्ट में पेशी, जांच कर रहे एसीपी ने ये बताया
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, मध्य प्रदेश सरकार ने त्विषा शर्मा मामले की सीबीआई जांच की सिफ़ारिश की है (फ़ाइल फ़ोटो)
त्विषा शर्मा मामले में अभियुक्त समर्थ सिंह को आज यानी शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा.समर्थ सिंह त्विषा सिंह के पति हैं.
इस मामले पर एसआईटी टीम के प्रमुख एसीपी रजनीश कश्यप ने कहा, "हमारी टीम ने अभियुक्त समर्थ सिंह को जबलपुर से गिरफ़्तार किया है."
उन्होंने बताया, "आज हम उसे कोर्ट में पेश करेंगे. हम समर्थ सिंह का सात दिन का रिमांड मांगेंगे. पुलिस कमिश्नर की ओर से आज दोपहर प्रेस कॉन्फ्रेंस की जाएगी, जिसमें इस मामले पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी."
वहीं मध्य प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को त्विषा शर्मा मामले की सीबीआई जांच की सिफ़ारिश की है.
त्विषा शर्मा नोएडा की रहने वाली थीं, जिनके साथ कथित तौर पर दहेज उत्पीड़न हुआ था और पिछले हफ़्ते भोपाल में उनकी मौत हो गई थी.
12 मई की रात कटारा हिल्स स्थित घर में त्विषा का शव मिला था.
उनके परिवार का आरोप है कि उनकी हत्या की गई, जबकि ससुराल पक्ष का कहना है कि उन्होंने ख़ुदकुशी की.
हालांकि, भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बीबीसी से बातचीत में कहा था, "यह साफ़तौर पर आत्महत्या का मामला है, हत्या का नहीं."
पाकिस्तान के फील्ड मार्शल ने तेहरान में ईरानी विदेश मंत्री से की मुलाक़ात
इमेज स्रोत, Iranian Ministry of Foreign Affairs/Handout via Getty Images
इमेज कैप्शन, दोनों पक्षों ने युद्ध ख़त्म करने के लिए चल रही ताज़ा कोशिशों पर चर्चा की (फ़ाइल फ़ोटो)
पाकिस्तान के फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर शुक्रवार को ईरान की राजधानी तेहरान पहुंचे. यहां उन्होंने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची से मुलाक़ात की है.
बीबीसी फ़ारसी ने सूत्रों के हवाले से बताया कि दोनों के बीच देर रात तक बातचीत चली.
ईरानी सरकार के आधिकारिक एक्स हैंडल पर बताया गया, "बैठक में दोनों पक्षों ने युद्ध ख़त्म करने के लिए चल रही ताज़ा कोशिशों पर चर्चा की. साथ ही मध्य-पूर्व में शांति और सुरक्षा को मज़बूत करने के तरीक़ों पर बात हुई."
दूसरी ओर, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिका लगातार आसिम मुनीर से संपर्क में है.
उन्होंने कहा, "पाकिस्तान ने अच्छा काम किया है. हम इस पूरे मामले में उनके साथ काम कर रहे हैं और आगे भी ऐसा ही करेंगे."
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान समझौता करने के लिए तैयार है.
ट्रंप ने कहा, "ईरान समझौता करने के लिए तैयार है, देखते हैं आगे क्या होता है. लेकिन हमने उन पर सख़्त कार्रवाई की, हमारे पास कोई और विकल्प नहीं था, क्योंकि ईरान को परमाणु हथियार नहीं मिल सकता. उन्हें यह नहीं मिलना चाहिए."
चीन: कोयला खदान में हुआ धमाका, 90 लोगों की मौत
इमेज स्रोत, China Photos/Getty Images
इमेज कैप्शन, चीन के सरकारी मीडिया ने बताया कि धमाके के वक़्त कोयला खदान में 47 मज़दूर काम कर रहे थे (सांकेतिक तस्वीर)
चीन में एक कोयला खदान में धमाका हुआ है. इस हादसे में क़रीब 90 लोगों की मौत हो गई है. यह जानकारी चीन के सरकारी मीडिया ने दी है.
धमाका शुक्रवार को स्थानीय समयानुसार शाम 7:29 बजे हुआ, तब खदान में 247 मज़दूर काम कर रहे थे. मौके पर बचाव अभियान जारी है.
सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने बताया, "शांक्सी प्रांत में तोंगझोउ ग्रुप की खदान में हुए गैस धमाके वजह से हुए हादसे में 90 लोगों की मौत होने की जानकारी मिली है."
हादसे के बाद चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा कि घायलों का इलाज किया जा रहा है. बाक़ी लोगों को खोजने के प्रयास भी जारी हैं.
उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों की जांच की जाए और जो लोग इसके लिए ज़िम्मेदार हैं, उन्हें जवाबदेह ठहराया जाए.
नीट पेपर लीक के बाद जान गंवाने वाले छात्र के परिवार से राहुल गांधी ने की बात
इमेज स्रोत, Kabir Jhangiani/NurPhoto via Getty Images
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राजस्थान के सीकर ज़िले के छात्र प्रदीप मेघवाल के पिता से फोन पर बात की. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ नीट परीक्षा रद्द होने के बाद प्रदीप मेघवाल ने आत्महत्या कर ली थी.
एनएसयूआई अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने राहुल गांधी की परिवार से फोन पर बात करवाई. राहुल गांधी ने दुख जताते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दी जाएगी.
कांग्रेस के आधिकारिक एक्स हैंडल पर फोन पर हुई बातचीत का वीडियो जारी किया गया है. परिवार का कहना है कि नीट पेपर लीक होने के बाद परीक्षा रद्द होने से छात्र प्रदीप बहुत निराश था, इसलिए उसने आत्महत्या कर ली.
परिवार ने राहुल गांधी को बताया कि उन पर 11 लाख रुपये का क़र्ज़ है, जो बच्चों की पढ़ाई के लिए लिया गया था.
कांग्रेस ने एक्स हैंडल पर लिखा, "पीड़ित परिवार की मांग है कि पेपर लीक करने वालों को सख़्त सज़ा मिले और उन्हें न्याय मिले."
कांग्रेस ने कहा, "कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के साथ मज़बूती से खड़ी है. हम परिवार को न्याय दिलाएंगे और इस ग़लती के लिए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत इस्तीफ़ा देना चाहिए."
नीट-यूजी की मुख्य परीक्षा तीन मई को आयोजित की गई थी. हालांकि, पेपर लीक के आरोपों के बाद 12 मई को इसे आधिकारिक तौर पर रद्द कर दिया गया था.
इसके बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने एलान किया कि 21 जून को परीक्षा फिर आयोजित की जाएगी.
अभिजीत दीपके ने कहा- सीजेपी का इंस्टा पेज हैक हो गया है
इमेज स्रोत, @abhijeet_dipke
इमेज कैप्शन, कॉकरोच जनता पार्टी के इंस्टाग्राम पेज पर 2.17 करोड़ फ़ॉलोअर्स हो गए हैं
कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बताया है कि सीजेपी का इंस्टाग्राम पेज हैक हो गया है.
अभिजीत दीपके ने अपने एक्स अकाउंट से किए गए पोस्ट में लिखा, "अपने किसी भी प्लेटफ़ॉर्म तक हमारा एक्सेस नहीं है. इस पोस्ट के बाद जो भी पोस्ट होगी, उसे कॉकरोच जनता पार्टी का आधिकारिक बयान न माना जाए."
उन्होंने लिखा, "कॉकरोच जनता पार्टी का इंस्टाग्राम पेज हैक हुआ. मेरा पर्सनल इंस्टाग्राम अकाउंट हैक हुआ. एक्स अकाउंट पर रोक लगा दी गई. बैकअप अकाउंट भी हटा दिया गया."
कॉकरोच जनता पार्टी के इंस्टाग्राम के 2.17 करोड़ फ़ॉलोअर्स हो गए हैं जो कि सत्ताधारी बीजेपी के फॉलोवर्स से दोगुने से ज़्यादा हैं.