लाइव, कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 : जादूमणि सिंह ने पाकिस्तानी बॉक्सर पर जीत के बाद क्या कहा

जादूमण सिंह ने विपक्षी बॉक्सर पर पहले ज्यादा प्रहार करने से परहेज किया. लेकिन एक बार उसकी ताक़त का अंदाजा होने के बाद जादूमणि ने दूसरे और तीसरे राउंड में मुक्कों की बरसात कर दी.

सारांश

लाइव कवरेज

दीपक मंडल

  1. कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 : जादूमणि सिंह ने पाकिस्तानी बॉक्सर पर जीत के बाद क्या कहा

    जादूमणि सिंह

    इमेज स्रोत, ANI

    स्कॉटलैंड के ग्लासगो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स के बॉक्सिंग मुक़ाबले में भारत के बॉक्सर जादूमणि सिंह ने पाकिस्तानी बॉक्सर सुमामा रहमानी के ख़िलाफ़ अपनी जीत कारगिल के सैनिकों को समर्पित की है.

    जीत के बाद जादूमणि सिंह ने कहा, ‘’आज कारगिल दिवस है और मैं अपनी जीत कारगिल हीरो को समर्पित कर रहा हूं. जज ने मेरे पक्ष में 5-0 से फ़ैसला दिया. मैं दिखा रहा था कि भारत सबसे आगे है.’’

    कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में उन्होंने एक हाई वोल्टेज मुक़ाबले में पाकिस्तान के सुमामा रहमान को 5-0 से मात दी.

    जादूमणि सिंह ने ओपनिंग बेल के साथ ही मुक़ाबले में बढ़त बनानी शुरू कर दी थी.

    शुरुआत में उन्होंने ज्यादा प्रहार करने से परहेज किया. एक बार विपक्षी की रेंज और ताक़त का अंदाजा होने के बाद जादूमणि ने दूसरे और तीसरे राउंड में उन पर मुक्कों की बरसात कर दी.

    जजों ने एकमत होकर 5-0 से जादूमणि के हक में फ़ैसला सुनाया

  2. लोकसभा में विपक्षी सांसदों ने मांगा अमित शाह से जवाब, कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित

    लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला

    इमेज स्रोत, SANSAD TV

    संसद के मॉनसून सत्र के दौरान आज लोकसभा की शुरुआत ही हंगामेदार रही.

    प्रश्नकाल शुरू होते ही विपक्ष के सदस्यों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस के एक्शन पर गृह मंत्री अमित शाह से जिम्मेदारी लेने की मांग और उनसे इस मामले में जवाब मांगना शुरू किया.

    इस पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि प्रश्नकाल सिर्फ़ प्रश्न करने के लिए होता है.

    वो इस मुद्दे को उठाने की इजाज़त नहीं देगे. लेकिन विपक्षी सांसद इससे शांत होते नहीं देखे.

    हंगामा रुकते न देख लोकसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी.

  3. न्यूयॉर्क जाने पर गिरफ़्तारी से जुड़े सवालों पर बिन्यामिन नेतन्याहू ये बोले, केयला एपस्टीन

    बिन्यामिन नेतन्याहू

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा है कि वह सितंबर में यूएन जनरल असेंबली में हिस्सा लेने न्यूयॉर्क जाएंगे.

    नेतन्याहू का ये बयान ऐसे वक़्त आया है जब न्यूयॉर्क सिटी के मेयर ज़ोहरान ममदानी अपने एक बयान में उन्हें गिरफ़्तार कराने की बात कह चुके हैं.

    हालांकि, पिछले सप्ताह ममदानी अपने उस बयान से पीछे हट गए थे. उन्होंने माना था कि अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (आईसीसी) की ओर से जारी गिरफ़्तारी वारंट के आधार पर नेतन्याहू को गिरफ़्तार कराने का कानूनी अधिकार उनके पास नहीं है.

    रविवार को फॉक्स न्यूज़ से बातचीत में नेतन्याहू ने कहा कि वह ममदानी के पहले दिए गए बयान को लेकर ‘चिंतित नहीं हैं’.

    उन्होंने आरोप लगाया कि ममदानी 'नफ़रत को बढ़ावा दे रहे हैं.'

    नेतन्याहू ने कहा, "उन्हें सभी न्यूयॉर्कवासियों के मेयर की तरह काम करना चाहिए. चाहे वे यहूदी हों, ईसाई हों, मुसलमान हों या किसी भी समुदाय के. लेकिन वह एक समुदाय को दूसरे के ख़िलाफ़ खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं."

    नेतन्याहू ने गुरुवार को न्यूयॉर्क में हुई चाकूबाजी की दो घटनाओं का भी जिक्र किया. इन घटनाओं में एक संदिग्ध ने कुछ ही दूरी पर एक यहूदी और एक एशियाई मूल के व्यक्ति पर चाकू से हमला किया था.

  4. पेपर लीक रोकने के लिए आज संसद में नया बिल पेश करेगी सरकार

    नीट पेपर लीक

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, नीट पेपर लीक पर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग करते युवाओं का जंतर-मंतर पर प्रदर्शन (फ़ाइल फ़ोटो)

    केंद्र सरकार पेपर लीक रोकने के लिए पब्लिक एग्ज़ामिनेशन (प्रिव्हेंशन ऑफ अनेफेयर मीन्स) एक्ट, 2024 में बदलाव का बिल आज लोकसभा में पेश करेगी.

    केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ये बिल पेश करेंगे.

    पेपर लीक करने वालों को दस साल तक की जेल और दस करोड़ तक जुर्माना होगा. केंद्र सरकार ऐसे मामलों के लिए स्पेशन टास्क फोर्स बना सकेगी.

    इस बिल के मुताबिक़ सीबीआई या एसआईटी को दो महीने के भीतर जांच पूरी करनी होगी.

    प्रस्तावित क़ानून के तहत 5 से 10 करोड़ रुपये तक का जुर्माना होगा. अभियुक्तों से परीक्षा का खर्च भी वसूला जाएगा. उन्हें आठ साल तक कोई सार्वजनिक परीक्षा देने पर रोक लगेगी. पहले एक करोड़ का जुर्माना था बैन चार साल का था.

  5. स्टूडेंट लीडर नेहा बोरा ने बिहार में प्रदर्शकारियों की गिरफ़्तारी का लगाया आरोप और दी चेतावनी

    नेहा वोरा

    इमेज स्रोत, AISA

    इमेज कैप्शन, नेहा बोरा ने बिहार में प्रदर्शनकारियों की गिरफ़्तारी पर सवाल उठाए हैं

    सीपीआई (एमएल-लिबरेशन) के छात्र संगठन आइसा की नेता नेहा बोरा ने बिहार में पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे लोगों को गिरफ़्तार किए जाने का आरोप लगाया है.

    उन्होंने आइसा के एक्स हैंडल पर एक वीडियो जारी कर कहा है कि वह बिहार पहुंचकर इस मामले को पूरे ज़ोर-शोर से उठाएंगीं.

    उनका कहना है कि सरकार ने प्रदर्शनकारियों से किए गए वादे का उल्लंघन किया है.

    कॉकरोच जनता पार्टी ने दावा किया था कि केंद्र सरकार ने प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ कोई क़ानूनी कार्रवाई न करने का वादा किया था. नेहा ने कहा, ''इसके बावजूद स्टूडेंट्स को गिरफ़्तार कर जेलों में भरा जा रहा है.''

    उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भी प्रदर्शनकारियों को गिरफ़्तार किया गया है. इनमें ज़्यादातर मुस्लिम स्टूडेंट्स हैं.

    वीडियो में वह कहती दिख रही हैं, ''एक तरफ़ जहां हम धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े का जश्न मना रहे हैं, वहीं दूसरी ओर देशभर में पेपर लीक के ख़िलाफ़ आंदोलनों में शामिल लोगों को निशाना बनाया जा रहा है.''

    ''बिहार में पालीगंज के विधायक संदीप सौरभ के साथ आइसा के एक्टिविस्ट साथी धनंजय, साथी दीपांकर, साथी सबा और साथी दिव्यम को बेऊर जेल में तीन दिन से बंद किया गया है. उनके ख़िलाफ़ नौ से ज़्यादा मुक़दमे दर्ज किए गए हैं, जिनमें हत्या के प्रयास का केस भी शामिल है.''

    ''एक दिन के प्रदर्शन के आधार पर ये सभी फ़र्ज़ी केस लगाए जा रहे हैं. बिहार के अलग-अलग ज़िलों में 100 से ज़्यादा प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई किए जाने की ख़बर आ रही है.''

    उन्होंने पश्चिम बंगाल में भी प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई पर सवाल उठाए.

    उन्होंने कहा, ''पश्चिम बंगाल में लगभग 14 स्टूडेंट्स को पेपर लीक के ख़िलाफ़ प्रदर्शन करने पर जेल में बंद कर दिया गया है. इन प्रदर्शनकारियों में ज़्यादातर मुस्लिम स्टूडेंट्स हैं. बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने घोषणा की है कि अब 70 और लोगों के ख़िलाफ़ इस तरह के मुक़दमे किए जाएंगे. ये तमाम गिरफ़्तारियां और कार्रवाइयां प्रदर्शनकारियों से सरकार के किए गए वादे का उल्लंघन हैं. सरकार ने वादा किया था कि किसी भी प्रदर्शनकारी के ख़िलाफ़ कोई कार्रवाई नहीं होगी.''

    नेहा बोरा ने कहा कि वह पटना पहुंच रही हैं, जहां वह जेल में बंद प्रदर्शनकारियों से मिलेंगी. उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे इस काम में उनकी मदद करें.

  6. कौन हैं ज्योतिर्मयी नायक, जिन्हें धर्मेंद्र प्रधान ने दी बधाई

    इंडियन आइडल-16

    इमेज स्रोत, jyotirmayeenayak_official18

    सीजेपी (कॉकरोच जनता पार्टी) प्रोटेस्ट के बाद शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफ़ा दे चुके पूर्व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इंडियन आइडल का 16वां एडिशन जीतने वाली ज्योतिर्मयी नायक को बधाई दी है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, ''ओडिशा की बेटी और इंडियन आइडल-16 की विजेता बनीं ज्योतिर्मयी नायक को हार्दिक बधाई. अपनी मधुर आवाज़ और अथक मेहनत के दम पर उन्होंने पूरे देश में ओडिशा का नाम रोशन किया है. उनकी लगन, निरंतर अभ्यास और यह शानदार उपलब्धि देश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी.''

    क़रीब 10 महीने तक चले इंडियन आइडल के 16वें एडिशन का समापन ओडिशा की 24 वर्षीय ज्योतिर्मयी नायक की जीत के साथ हुआ.

    उन्हें इस सीजन का विजेता घोषित किया गया, जबकि जबलपुर के तनिष्क शुक्ला पहले रनर-अप रहे.

    इंडियन आइडल-16 में श्रेया घोषाल, विशाल ददलानी और बादशाह जज थे.

    इंडियन आइडल-16

    इमेज स्रोत, jyotirmayeenayak_official18

    ज्योतिर्मयी नायक को ट्रॉफी के साथ 20 लाख रुपये भी मिले.

    उन्होंने अपनी इस जीत का श्रेय उन कैंसर मरीजों को दिया, जिनकी उन्होंने म्यूजिक थेरेपी के जरिए मदद की और उन्हें नई उम्मीद देने की कोशिश की.

  7. मीराबाई चनू ने कॉमनवेल्थ गेम में गोल्ड मेडल जीतने के बाद क्या कहा

    मीराबाई चनू

    इमेज स्रोत, ANI

    भारत की स्टार वेटलिफ़्टर मीराबाई चनू ने ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में महिलाओं के 48 किलोग्राम वर्ग में गोल्ड मेडल जीतने के बाद कहा है कि देश के लिए गोल्ड मेडल जीतने से ज़्यादा खुशी की और कोई बात नहीं हो सकती.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ मीराबाई चानू ने कहा, "मैं बहुत खुश हूं. कॉमनवेल्थ खेलों में यह मेरा तीसरा गोल्ड मेडल है. कुल मिलाकर चौथा मेडल. मेरी यात्रा 2014 के कॉमनवेल्थ खेलों से ही शुरू हुई थी, जहां मैंने सिल्वर मेडल जीता था.

    उन्होंने कहा, ''आज भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतकर मुझे बेहद खुशी हो रही है. लगातार गोल्ड मेडल जीतना किसी भी खिलाड़ी के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि होती है, इसलिए आज मैं बहुत खुश हूं."

    मीराबाई चनू

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, गोल्ड मेडल जीतने के बाद मीराबाई चनू भावुक हो गईं

    अपने बालों में लगे तिरंगे वाले क्लिप का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, "ये तिरंगे वाले क्लिप मैंने खुद बनाए हैं. मैं चाहती थी कि मेरे पास ऐसी कोई खास चीज हो जो हमारे राष्ट्रीय ध्वज का प्रतिनिधित्व करे. कल रात अचानक लगा कि मुझे कुछ बनाना चाहिए, इसलिए मैंने तितली के आकार के ये क्लिप खुद तैयार किए. तिरंगे को अपने साथ रखने से मुझे बहुत खुशी मिलती है. आज मैं बेहद भावुक हो गई थी और बहुत रोई भी. यह पल मेरे लिए भावनाओं से भरा हुआ था, लेकिन उतना ही खुशी देने वाला भी.''

  8. फ़्रांस के बोर्दो शहर के पास जंगलों में लगी भीषण आग, हज़ारों लोग बेघर

    फ़्रांस के जंगल में आग

    इमेज स्रोत, ROMAIN PERROCHEAU / AFP via Getty Images

    फ़्रांस के शहर बोर्दो के पास जंगल में लगी भीषण आग को देखते हुए आसपास के इलाकों से हज़ारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है.

    आग पर काबू पाने के लिए दमकलकर्मी लगातार कोशिश कर रहे हैं.

    फ़्रांस के गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज़ ने कहा कि इलाके में स्थिति अब भी "बेहद मुश्किल" बनी हुई है.

    उन्होंने बताया कि आग अनिश्चित दिशा में बढ़ते हुए बोर्दो की ओर बढ़ रही है.

    हालांकि अधिकारियों ने फिलहाल शहर को खाली कराने की संभावना को कम बताया है.

    बोर्दो शहर के पास जंगलों में लगी आग बुझाता एक दमकलकर्मी

    इमेज स्रोत, ROMAIN PERROCHEAU / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, बोर्दो शहर के पास जंगलों में लगी आग बुझाता एक दमकलकर्मी

    शनिवार रात से रविवार सुबह तक बोर्दो के दक्षिण में स्थित जिरोंद क्षेत्र के गांवों से करीब 55,000 लोगों को निकाला गया.

    यह इलाका अपने अंगूर के बागानों और वाइन उत्पादन के लिए प्रसिद्ध है.

    पिछले एक सप्ताह से यूरोप के कई हिस्सों में जंगलों में आग भड़क रही है.

    सबसे अधिक असर फ़्रांस और स्पेन में देखा गया है, जहां अब तक 3 लाख 30 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है.

  9. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.

    नंदन नीलेकणी कौन हैं जिन्हें पीएम मोदी ने एग्ज़ाम सुधार वाली टास्क फ़ोर्स का दिया ज़िम्मा

    मीराबाई चनू ने लगातार तीसरी बार कॉमनवेल्थ गेम्स में जीता गोल्ड मेडल, तोड़े कई रिकॉर्ड

    कॉकरोच जनता पार्टी का भविष्य क्या है और अब वो आगे क्या करेगी?

    सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि ने सनातन धर्म से जुड़े बयान पर दी सफ़ाई, आख़िर क्यों हुई थीं ट्रोल