लाइव, जंतर मंतर पर प्रदर्शन से एक दिन पहले से ही दिल्ली के 57 मेट्रो स्टेशन हो सकते हैं बंद

कॉकरोच जनता पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश के इस्तीफ़े की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर मंतर पर प्रदर्शन की योजना बनाई है.

सारांश

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • बेंगलुरु में सीजेपी का प्रदर्शन
  • नाना पेटकर का बीबीसी को दिया इंटरव्यू
  • नाना पाटेकर का निधन
  • saurav das
  • rahul gandhi
  • राहुल गांधी
  • राहुल गांधी

लाइव कवरेज

दीपक मंडल

  1. न्यूयॉर्क में अवैध प्रवासी बताकर शख़्स को गोली मारने पर ज़ोहरान ममदानी का फूटा गुस्सा, साक्षी वेंकटरमण, न्यूयॉर्क

    अमेरिका
    इमेज कैप्शन, गुरुवार रात घटनास्थल पर एफबीआई के अधिकारियों को एक कार की तलाशी लेते हुए देखा गया

    अमेरिका के न्यूयॉर्क सिटी के ब्रॉन्क्स में गुरुवार को अमेरिकी इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफ़ोर्समेंट (आईसीई) के एक अधिकारी ने एक व्यक्ति को गोली मार दी.

    इस एजेंसी का संचालन करने वाले अमेरिकी होमलैंड सिक्योरिटी डिपार्टमेंट ने पुष्टि की कि एक “अपराधी अवैध प्रवासी को गिरफ़्तार करने के लिए टारगेटेड एनफॉर्समेंट ऑपरेशन’’ के दौरान आईसीई के एक अधिकारी ने ''अपना हथियार चलाया''.

    विभाग ने बयान में कहा कि वह व्यक्ति जीवित है और उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

    न्यूयॉर्क सिटी के मेयर ज़ोहरान ममदानी ने इस पर बेहद नाराजगी जताई है. उन्होंने कहा कि ये स्थिति मंजूर नहीं की जा सकती है. ये बेहद गंभीर स्थिति है.

    उन्होंने कहा,''शुरुआती रिपोर्टों से पता चलता है कि गोली चलाने से पहले अधिकारियों ने उस व्यक्ति और उसकी कार में मौजूद पांच साल के एक बच्चे को घेर लिया था. कई राउंड गोलियां चलाई गईं. हमारा मानना है कि बच्चे को शारीरिक रूप से कोई चोट नहीं आई है.''

    बीबीसी ने ममदानी की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया के लिए अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग से संपर्क किया है.

    गुरुवार देर शाम न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होकुल ने कहा कि उन्होंने इस गोलीबारी के बारे में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बात की है और न्यूयॉर्क के लोगों की ओर से “गहरा आक्रोश” जताया है.

    उन्होंने कहा, ''मैंने यह भी अनुरोध किया कि गोलीबारी की बॉडी कैमरा फ़ुटेज जनता के लिए जारी की जाए, ताकि हम तथ्यों को स्थापित कर सकें और सच्चाई सामने ला सकें.''

  2. जंतर मंतर पर प्रदर्शन से एक दिन पहले से ही दिल्ली के 57 मेट्रो स्टेशन हो सकते हैं बंद

    जंतर मंतर पर प्रदर्शन
    इमेज कैप्शन, 10 अक्तूबर को जंतर मंतर पर प्रदर्शन से पहले दिल्ली के 57 मेट्रो स्टेशनों को बंद किया जा सकता है

    शनिवार यानी 10 अक्तूबर में दिल्ली के जंतर मंतर पर प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है.

    दिल्ली के संयुक्त पुलिस आयुक्त (ट्रांसपोर्ट रेंज) की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक़ जंतर मंतर और दूसरी जगहों पर प्रस्तावित प्रोटेस्ट और भीड़ के हंगामे की आशंका को देखते हुए राजधानी के 57 मेट्रो स्टेशनों पर मेट्रो ट्रेनों की फ़्रीक्वेंसी घटाई जा सकती है.

    इसके साथ ही इन मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्ज़िट भी बंद किए जा सकते हैं.

    विज्ञप्ति में कहा गया है कि इसे देखते हुए 9 अक्तूबर की रात नौ बजे से यह स्थिति लागू हो जाएगी और दूसरे दिन यानी 10 अक्तूबर को स्थित सामान्य होने तक जारी रहेगी.

    दिल्ली पुलिस के संयुक्त पुलिस आयुक्त की प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा गया है कि कॉकरोच जनता पार्टी ने पुलिस को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की अनुमति लेने के लिए आवेदन दिया था. लेकिन ये अनुमति नहीं दी गई क्योंकि ये सूचना देर से मिली थी.

    दिल्ली पुलिस ने कहा है कि जंतर मंतर पर प्रदर्शन करने की अनुमति लेने के लिए मौजूदा दिशा-निर्देश के मुताबिक़ अनुमति कार्यक्रम से दस दिन पहले लेना चाहिए.

    कॉकरोच जनता पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग लेकर जंतर मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया है.

  3. सीजेपी ने कहा- कुछ भी कर लें 10 अक्तूबर को जंतर मंतर पहुंचकर रहेंगे

    आशुतोष रांका
    इमेज कैप्शन, सीजेपी के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने कहा है कि 10 अक्तूबर को जंतर-मंतर पर पार्टी का प्रदर्शन जरूर होगा (फ़ाइल फ़ोटो)

    कॉकरोच जनता पार्टी के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने प्रोटेस्ट के दौरान पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाया है.

    उन्होंने इस बारे में पुलिसकर्मियों से अपील करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, ''हमें पता है कि इस समय जो भी आपसे करवाया जा रहा है, वो ऊपर के निर्देश से हो रहा है. लेकिन आप अपने बच्चों पर ऐसे कैसे हाथ उठा रहे हैं? आप उनको रात के अंधेरे में ऐसे गुंडों की तरह कैसे लेकर जा रहे हैं?''

    उन्होंने कहा, ''क्या आपका मन इस बात की गवाही दे रहा है? क्या यह सब करने से आपके ज़मीर को ठेस नहीं पहुँच रही? क्या अगर आपके बच्चे होते, तो भी आप उनसे ऐसे ही बर्ताव करते?''

    उन्होंने लिखा, ''ब्रिटिश राज में भी कुछ पुलिसकर्मी ऐसे थे जिन्होंने अपने ही देशवासियों के ख़िलाफ़ गोलियाँ चलायी थी, यह कहकर कि वो ड्यूटी कर रहे है. लेकिन याद रखिए, आज देश उन पुलिसवालों को गद्दार ही मानता है.''

    ''दिल्ली पुलिस के हाथों पर तो 20 जुलाई का ख़ून है क्या आप भी वही चाहते हैं? आपको पता है कि हम सब पढ़ने-लिखने वाले बच्चे हैं. हक की लड़ाई लड़ रहे हैं. आपको यह भी पता है कि हम गांधी और आंबेडकर को मानने वाले लोग है.अहिंसा और संविधान के रास्ते पर चलने वाले लोग हैं. हम ना हाथ उठाएंगे, ना मारपीट करेंगे.''

    आशुतोष रांका ने लिखा, ''आपको यह भी पता होना चाहिए कि आप कुछ भी कर लें, हम हर हाल में कल जंतर मंतर पहुचेंगे. और देश को बचाने की ऐतिहासिक लड़ाई लड़ेंगे.''

    ''फ़ैसला आपको करना है, कि आप इतिहास में किस तरह याद किया जाना पसंद करेंगे. जनरल डायर की तरह, या शहीद मंगल पांडे की तरह?''

    कॉकरोच जनता पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर मंतर पर प्रदर्शन की योजना बनाई है.

  4. उपचुनाव 2026: नंदीग्राम में बीजेपी आगे, रेजीनगर और दूसरी सीटों पर क्या हाल

    असम
    इमेज कैप्शन, असम की नगांव लोकसभा सीट पर वोटों की गिनती से पहले सुरक्षा व्यवस्था चौकस

    देश की छह सीटों पर हुए उपचुनावों में वोटों की गिनती शुरू हो गई है.

    भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के मुताबिक़ पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी की हासी रानी रथ कांग्रेस के मिलन प्रधान से 27450 वोटों से आग चल रही हैं.

    हासी रानी रथ को अभी तक 34820 वोट मिले हैं वहीं मिलन प्रधान को सिर्फ़ 7370 वोट मिले हैं.

    भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के मुताबिक़ पश्चिम बंगाल की रेजीनगर विधानसभा चुनाव में बीजेपी के उम्मीदवार शंखरव चौधरी कांग्रेस के अब्दुल्ला कफ़ी से आगे चल रहे हैं.

    नंदीग्राम को सबसे चर्चित सीटों में गिना जा रहा है, इसलिए सबकी नजर इस सीट पर टिकी है.

    असम की नगांव लोकसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में वोटों की गिनती में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार देवाशीष शर्मा आगे चल रहे हैं.

    यहां ऑल इंडियन यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार मोहम्मद बदरुद्दीन अजमल उनसे लगभग 45 हजार वोटों से पीछे चल रहे हैं.

    तमिलनाडु की धरमपुर विधानसभा सीट पर अन्ना द्रमुक की के भानुमति टीवीकी के सत्यभामा पी से आगे चल रही हैं.

    पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर, तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम, पुडुचेरी की थट्टनचावडी के साथ असम की नगांव लोकसभा सीट पर वोटों की गिनती जारी है.

  5. इंडोनेशिया में धधक रहे हैं जंगल, मलेशिया, फ़िलीपींस से लेकर सिंगापुर तक धुंध और धुआं

    सिंगापुर
    इमेज कैप्शन, सिंगापुर में फैली धुंध और धुएं की वजह से लोग मास्क लगाकर बाहर निकल रहे हैं

    इंडोनेशिया के कई इलाकों में कुछ हफ़्तों से जंगलों में आग लगी हुई है. इससे उठने वाला धुआं पूरे देश के साथ-साथ पड़ोसी देशों मलेशिया, सिंगापुर और फ़िलीपींस तक फैल गया है.

    धुएं और धुंध की इस स्थिति को हेज़ भी कहा जाता है. इसकी वजह से सिंगापुर में वायु प्रदूषण का स्तर रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया है.

    मलेशिया के कई राज्यों में अधिकारियों ने स्कूल बंद करने के आदेश दिए हैं.

    सुमात्रा के जंगलों की लगी आग बुझाते दमकलकर्मी
    इमेज कैप्शन, सुमात्रा के जंगलों की लगी आग बुझाते दमकलकर्मी

    इस साल इंडोनेशिया में जंगलों में आग लगने का मौसम पिछले कई वर्षों के सबसे ख़राब दौर में से एक है.

    इसकी प्रमुख वजह किसानों और कंपनियों की ओर से वनस्पति साफ़ करने के लिए अपनाया जाने वाला अवैध स्लैश-एंड-बर्न तरीका है.

    इसमें ज़मीन साफ़ करने के लिए पेड़-पौधों को काटकर जलाया जाता है. यह तुलनात्मक तौर पर सस्ता है.

    जुलाई से सितंबर के बीच इंडोनेशिया के स्वास्थ्य मंत्रालय ने आग से जुड़े सांस संबंधी संक्रमण के करीब 1.75 लाख मामले दर्ज किए.

    विशेषज्ञों का कहना है कि इस साल अल नीनो की असाधारण तेजी से सूखे की समस्या को और गंभीर बना दिया है.

  6. स्मित मच्छर को मिलेगा इसराइल का सर्वोच्च पुरस्कार, इसराइली राष्ट्रपति ने तारीफ़ में क्या कहा

    स्मित मच्छर
    इमेज कैप्शन, भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर को मिलेगा इसराइल का सर्वोच्च पुरस्कार (फ़ाइल फ़ोटो)

    फ़्लाईदुबई के विमान के कॉकपिट में को-पायलट के हमले के बावजूद अपनी बहादुरी से 174 यात्रियों और क्रू मेंबर्स की जान बचाने वाले भारतीय पायलट स्मित मच्छर को इसराइल का सर्वोच्च पुरस्कार दिया जाएगा.

    इसराइल के राष्ट्रपति इसाक हर्ज़ोग ने कहा कि भारतीय पायलट को ठीक होने के बाद इसराइल का सर्वोच्च पुरस्कार दिया जाएगा.

    उन्होंने कहा, "आज हम जिन इसराइली नायकों को सम्मानित कर रहे हैं, उनके साथ-साथ हम भारत के कैप्टन स्मित मच्छर के पूरी तरह और जल्द ठीक होने की कामना करते हैं. कैप्टन मच्छर की ज़बरदस्त बहादुरी और बेहतरीन प्रोफेशनलिज़्म ने एक बड़ी दुर्घटना को टालने में मदद की. जब वे ठीक हो जाएंगे, तो इसराइल के लोगों उन्हें 'प्रेसिडेंशियल अवॉर्ड फॉर सिविलियन हीरोइज़्म' से सम्मानित करना मेरे लिए सम्मान की बात होगी."

    भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर पर ओमानी को-पायलट ने क्रैश-एक्स से हमला कर दिया था, जिसका उन्होंने डटकर मुकाबला किया था और 174 यात्रियों और मेंबर्स की जान बचाई थी.

  7. इन्फ़ोसिस समेत इन टेक्नोलॉजी कंपनियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई के बचाव में क्या बोले जेडी वेंस

    वेंस
    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति जेडी वेंस गुरुवार को टेक्नोलॉजी कंपनियों के ख़िलाफ़ लिए गए फ़ैसले का बचाव करते हुए

    अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने आठ टेक्नोलॉजी कंपनियों को ग्रीन कार्ड अमेरिका के परमानेंट लेबर सर्टिफिकेशन कार्यक्रम ( ग्रीन कार्ड की एक अहम प्रक्रिया) से बाहर करने के फ़ैसले का बचाव किया है.

    उन्होंने आलोचकों पर आरोप लगाया कि वे कंपनियों को सस्ते विदेशी श्रमिकों की लगातार उपलब्धता बनाए रखने में मदद करना चाहते हैं.

    डेमोक्रेटिक पार्टी की सांसद प्रमिला जयपाल की ओर से इस फ़ैसले पर सवाल उठाए जाने के बाद वेंस ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, ''लगता है कि ‘समाजवाद’ का मतलब बड़ी-बड़ी कंपनियों को सस्ते श्रमिकों की कभी ख़त्म न होने वाली सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताक़त से लड़ना है.''

    इस बयान के बाद आठ टेक्नोलॉजी कंपनियों को निलंबित करने के फ़ैसले पर राजनीतिक विवाद और तेज़ हो गया है. इन कंपनियों में माइक्रोसॉफ्ट, एडोबी, कॉग्निज़ेंट, इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज़ (टीसीएस), विप्रो, एचसीएल और कैपजेमिनी शामिल हैं.

    अमेरिकी लेबर डिपार्टमेंट ने इन कंपनियों को परमानेंट लेबर सर्टिफिकेशन प्रोग्राम से बाहर कर दिया है. विभाग ने इस कार्रवाई के पीछे कई संघीय जांचों के जारी होने का हवाला दिया है.

  8. मैक्सिको की जेल में दंगा, दस लोगों की मौत 16 घायल

    मेक्सिको
    इमेज कैप्शन, मैक्सिको की एक जेल में कैदियों से मिलने का इंतज़ार करते हुए उनके रिश्तेदार (प्रतीकात्मक तस्वीर)

    मैक्सिको के सिनालोआ राज्य की एक जेल में गुरुवार को हुए दंगे में दस लोगों की मौत हो गई और 16 अन्य घायल हो गए.

    सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक, मरने वालों में एक व्यक्ति जेल में मिलने आया था, जबकि बाकी नौ कैदी थे.

    हिंसा पर काबू पाने के लिए नेशनल गार्ड को तैनात किया गया, जिसके बाद अब स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है.

    अभी यह साफ़ नहीं है कि दंगा किस वजह से हुआ.

    सिनालोआ को मैक्सिको के सबसे ख़तरनाक राज्यों में गिना जाता है. यह कुख्यात सिनालोआ ड्रग कार्टेल का गढ़ भी है.

  9. सऊदी अरब के हवाई अड्डों पर हूती विद्रोहियों के हमले, भारतीय दूतावास ने जारी की ये एडवाइज़री

    हूती विद्रोहियों
    इमेज कैप्शन, सऊदी अरब समर्थित यमनी लड़ाकों के ख़िलाफ़ हूती विद्रोहियों का हमला

    हूती विद्रोहियों के सऊदी अरब के हवाई अड्डों पर हमलों के बीच भारत ने एक एडवाइज़री जारी कर अपने नागरिकों से सतर्क रहने और ज़रूरत के मुताबिक़ घरों के अंदर रहने को कहा है.

    रियाद स्थित भारतीय दूतावास की ओर से जारी एडवाइज़री में कहा गया, ‘’मौजूदा स्थिति को देखते हुए, सऊदी अरब में रह रहे सभी भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने, ज़रूरत पड़ने पर घरों के अंदर रहने और स्थानीय अधिकारियों की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी जाती है.’’

    एडवाइज़री में भारतीय नागरिकों को मौजूदा घटनाक्रम से जुड़ा कोई भी वीडियो या ख़बर प्रसारित करने या री-पोस्ट करने से सख़्ती से बचने की सलाह दी गई है.

    दूतावास ने कहा कि रियाद स्थित भारतीय दूतावास और जेद्दाह स्थित वाणिज्य दूतावास के साथ-साथ वीएफ़एस कंपनी के ज़रिए दी जाने वाली सेवाएं भी सामान्य रूप से जारी हैं. ज़रूरत पड़ने पर आगे की जानकारी और एडवाइज़री जारी की जाएंगी.

    दूतावास ने यह भी बताया कि प्रवासी भारतीय सहायता केंद्र (पीबीएसके) की 24 घंटे उपलब्ध हेल्पलाइन चालू है. इसका स्थानीय टोल-फ़्री नंबर 8002471234 है.

    इससे पहले एयर इंडिया ने सऊदी अरब के रियाद के लिए अपनी सभी फ़्लाइट्स 10 अक्तूबर तक के लिए रद्द कर दी हैं. रियाद में भारतीय दूतावास ने एक्स पर एक पोस्ट के ज़रिए इस ख़बर की पुष्टि की है.

  10. ट्रंप ने कहा, ''ईरान के साथ बातचीत सकारात्मक दिशा में लेकिन 3 नवंबर से पहले हमला नहीं करेंगे

    ट्रंप

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उनका देश ईरान के साथ सकारात्मक दिशा में बातचीत आगे बढ़ा रहा है. हालांकि ईरान पर 3 नवंबर को होने वाले मध्यावधि चुनाव से पहले कोई हमला नहीं किया जाएगा.

    ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, ‘’इस्लामी गणराज्य ईरान के साथ हमारी बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है. मैं सभी को ये साफ़ कर देना चाहता हूं कि ईरान आर्थिक और सैन्य, दोनों ही मोर्चों पर बेहद बुरी हालत में है. इसके बावजूद नाकेबंदी पूरी तरह लागू रहेगी. होर्मुज़ स्ट्रेट से रिकॉर्ड मात्रा में तेल गुजर रहा है. सिर्फ़ कल रात ही 2.2 करोड़ बैरल तेल वहां से गुजरा और इसमें एक भी बैरल न तो ईरान से आया और न ही ईरान गया!''

    उन्होंने कहा, ''हम अमेरिका में 3 नवंबर को होने वाले मध्यावधि चुनावों से पहले किसी भी समय ईरान पर हमला नहीं करेंगे. ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होगा!''

    अमेरिका ने इसराइल के साथ मिलकर इस साल 28 फ़रवरी को 'ऑपेरशन फ़्यूरी' के तहत ईरान पर हमला किया था.

  11. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहांक्लिक करें

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

    एलन मस्क बोले- क्या अंबानी भारत के असली बॉस हैं, टकराव की ये है वजह

    ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ देश के कई हिस्सों में प्रदर्शन, 42 पूर्व जज बोले- चुनाव आयोग को बदनाम करने की कोशिश

    नाना पाटेकर ने कहा था, 'अगर ये लोग मेरी ज़िंदगी में नहीं आए होते, तो शायद मैं अंडरवर्ल्ड में होता'

    'एक भी संतरा बाज़ार नहीं पहुंचा, पूरे बाग़ सूख गए': महाराष्ट्र के सैकड़ों किसानों का दर्द