चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग दिल्ली के लिए रवाना, ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में लेंगे हिस्सा

इमेज स्रोत, Mohamed Abd El Ghany / POOL / AFP via Getty Images
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग शनिवार को 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए बीजिंग से भारत के लिए रवाना हो गए. चीनी मीडिया आउटलेट ग्लोबल टाइम्स ने इसकी जानकारी दी है.
रिपोर्ट के मुताबिक़, शी जिनपिंग के साथ भारत आ रहे प्रतिनिधिमंडल में चीनी के विदेश मंत्री वांग यी भी शामिल हैं.
इस बीच, भारत में चीन के राजदूत शू फ़ेहॉन्ग ने शुक्रवार देर रात एक्स पर लिखा कि चीन और भारत राष्ट्रपति शी जिनपिंग और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच द्विपक्षीय बैठक की तैयारियों में जुटे हैं.
चीनी राजदूत ने कहा कि चीन भारत से संवाद बढ़ाने, सहयोग को मज़बूत करने और मतभेदों का उचित तरीक़े से समाधान करने पर ज़ोर देगा.
शू फ़ेहॉन्ग ने कहा कि चीन और भारत को अच्छे पड़ोसी और ऐसे साझेदार के रूप में आगे बढ़ना चाहिए, जो एक-दूसरे की सफलता में सहयोग करें.
गौरतलब है कि शी जिनपिंग इससे पहले 2019 में भारत आए थे. उस दौरान चेन्नई के पास मामल्लापुरम में दोनों देशों के नेताओं के बीच अनौपचारिक शिखर वार्ता हुई थी.
संबंधित स्टोरी: शी जिनपिंग का सात साल बाद भारत दौरा कितना अहम, क्या हैं मायने










