अंकित बालियान मर्डर केस: पुलिस ने दो लोगों को मुठभेड़ में मारने का दावा किया

इमेज स्रोत, Ankit Baliyan Instagram
हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के मामले में पुलिस ने दो लोगों को मुठभेड़ में मारने का दावा किया है.
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के हरियाणा से सटे ज़िले शामली में बुधवार देर शाम अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.
शामली के एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक़ "एक जाने-माने स्थानीय हरियाणवी गायक की जिम के बाहर हत्या कर दी गई थी. इसके बाद मैंने जिले में रात के समय नाकाबंदी करने और हर चौराहे पर वाहनों की अनिवार्य जांच के आदेश दिए थे.''
उन्होंने बताया, "'रविवार तड़के चार बजे मोटरसाइकिल सवार दो बदमाश एक पुलिस चेकपोस्ट से गुजरे. पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो रुकने के बजाय बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पर गोली चला दी. एक गोली पुलिस की गाड़ी में लगी और बदमाशों ने भागने की कोशिश की. बदमाशों ने दाएं मुड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन एक बंद गली में फंस गए. पुलिस से घिरने के बाद उन्होंने मोर्चा संभाल लिया और जान से मारने की नीयत से पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी.''
उन्होंने कहा, ''इस मुठभेड़ में हमारे दो कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें शामली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल रेफर कर दिया गया.''
''पुलिस की जवाबी गोलीबारी में दोनों बदमाश भी गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें सीएचसी ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई.''



