लाइव, ब्रिटेन के स्थानीय चुनावों में रिफ़ॉर्म यूके को बढ़त, पीएम स्टार्मर ने पद छोड़ने को लेकर क्या कहा?

वामपंथी ग्रीन पार्टी और सेंट्रिस्ट लिबरल डेमोक्रेट्स को भी पहले से अधिक समर्थन मिला है.

लाइव कवरेज

अरशद मिसाल, रौनक भैड़ा

  1. अब इस लाइव ब्लॉग को रोकने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल को इजाज़त दीजिए. कल सुबह एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  2. ब्रिटेन के स्थानीय चुनावों में रिफ़ॉर्म यूके को बढ़त, पीएम स्टार्मर ने पद छोड़ने को लेकर क्या कहा?

    किएर स्टार्मर

    इमेज स्रोत, Leon Neal/Getty Images

    इमेज कैप्शन, प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने कहा है कि वो पीछे नहीं हटेंगे

    ब्रिटेन की दक्षिणपंथी पार्टी रिफ़ॉर्म यूके स्थानीय चुनावों में मतगणना के दौरान लगातार बढ़त हासिल कर रही है.

    जिन सीटों को ये जीत रही है उसमें से अधिकतर सत्तारूढ़ लेबर पार्टी और मुख्य विपक्षी कंज़र्वेटिव पार्टी की हैं.

    वामपंथी ग्रीन पार्टी और सेंट्रिस्ट लिबरल डेमोक्रेट्स को भी पहले से अधिक समर्थन मिला है.

    लेबर पार्टी का कहना है कि वह वेल्स में हार गई है, जहां 27 साल पहले सत्ता के विकेंद्रीकरण के बाद से उसकी कम से कम हिस्सेदारी सत्ता में रही थी.

    वेल्स और स्कॉटलैंड में मतगणना जारी है, जहां स्कॉटिश नेशनल पार्टी जीत का दावा कर रही है.

    वहीं लेबर पार्टी को मिल रही करारी शिकस्त के बाद ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने कहा है, “मैं पीछे हटकर देश को अराजकता में नहीं धकेलने वाला हूं.”

    उन्होंने जुलाई 2024 के आम चुनाव में लेबर पार्टी की भारी जीत का ज़िक्र करते हुए कहा, “मैंने अपनी पार्टी को उस जीत तक पहुंचाया. यह देश को बदलने के लिए पांच साल का जनादेश है.”

    किएर स्टार्मर ने कहा कि “आने वाले दिनों में” वह उन अगले कदमों की रूपरेखा पेश करेंगे जो लेबर पार्टी के मतदाताओं का विश्वास जीतने के लिए उठाएगी.

    जब उनसे पूछा गया कि क्या वह अगला आम चुनाव लड़ेंगे, तो उन्होंने जवाब दिया, “हां. मुझे पांच साल के कार्यकाल के लिए चुना गया है और मैं इसे पूरा करने का इरादा रखता हूं.”

  3. होर्मुज़ स्ट्रेट में ईरान और अमेरिका के बीच ताज़ा झड़पों की ख़बर

    स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, प्रतीकात्मक तस्वीर

    स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ में एक बार फिर अमेरिका और ईरान के बीच झड़प की ख़बरें सामने आ रही हैं.

    ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी फ़ार्स के मुताबिक़, स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ में ईरानी सशस्त्र बलों और अमेरिकी नौसेना के बीच ताज़ा झड़पें हुई हैं.

    दूसरी ओर, अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक, ओमान की खाड़ी में एक ईरानी बंदरगाह में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे ईरानी झंडे वाले दो ख़ाली टैंकरों पर उसने हमला किया है.

    वहीं पिछली रात भी अमेरिका और ईरान के बीच झपड़ों की ख़बरें आई थीं. अमेरिका ने दावा किया कि उसने ईरान में सैन्य ठिकानों पर बमबारी की.

    अमेरिका ने कहा कि उसने होर्मुज़ स्ट्रेट में अमेरिकी जहाज़ों पर हुए ईरानी हमलों के जवाब में ये क़दम उठाया था.

    वहीं ईरान ने दावा किया कि उसने मिसाइलें इसलिए दागीं क्योंकि पहले एक ईरानी तेल टैंकर पर हमला किया गया था.

  4. इस देश में एक महिला ने एक साथ पांच बच्चों को जन्म दिया, माइकल तेफेरी, बीबीसी अफ़्रीका

    बच्चे

    इमेज स्रोत, Hiwot Fana Specialised Hospital

    इमेज कैप्शन, पांचों बच्चों के ये नाम रखे गए हैं - नैफ़, अम्मार, मुन्ज़िर, नाज़िरा और अंसार

    इथियोपिया के हरारी में एक महिला ने 12 साल तक कोशिश करने के बाद आख़िरकार एक साथ पांच बच्चों को जन्म दिया है.

    बेद्रिया अदेम नाम की इस महिला ने कहा कि वह और उनके पति एकसाथ पांच बच्चों के होने से "बेहद ख़ुश" हैं.

    अस्पताल ने बताया कि 35 वर्षीय महिला ने हिवोट फाना स्पेशलाइज़्ड अस्पताल में चार लड़कों और एक लड़की को जन्म दिया. सभी बच्चे पूरी तरह से स्वस्थ हैं.

    बेद्रिया अदेम ने बीबीसी को बताया, "मैं अपनी ख़ुशी को शब्दों में बयान नहीं कर सकती."

    उन्होंने वो दौर याद किया जब वह काफ़ी डिप्रेशन में चली गई थीं. अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. मोहम्मद नूर अब्दुलाही ने बताया कि मां और बच्चे अस्पताल की देखरेख में हैं.

    बच्चों का वजन 1.3 से 1.4 किलोग्राम के बीच है.

    उन्होंने बीबीसी को बताया कि एक किलोग्राम से अधिक वज़न वाले नवजात शिशुओं के जीवित रहने और स्वस्थ विकास की उम्मीद अधिक होती है.

    डॉक्टर ने बीबीसी को बताया कि बेद्रिया ने बिना किसी 'इन विट्रो फ़र्टिलाइजे़शन' (आईवीएफ) की मदद के स्वाभाविक रूप से गर्भधारण किया था.

  5. राहुल गांधी ने लगाया ‘चुनाव चोरी’ का आरोप, पार्टी की सद्भावना यात्रा के दौरा दिया बयान, सुमेधा पाल, बीबीसी संवाददाता

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता राहुल गांधी (फ़ाइल फ़ोटो)

    कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हरियाणा में ‘सद्भाव यात्रा’ के अंतिम चरण में पार्टी नेताओं के साथ पदयात्रा की.

    यह यात्रा पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने अक्तूबर 2025 में शुरू की थी.

    राहुल गांधी का यह दौरा हरियाणा कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी के बीच बृजेंद्र सिंह के अभियान को समर्थन के तौर पर देखा जा रहा है.

    यात्रा में भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, कुमारी सैलजा, दीपेंद्र हुड्डा और दूसरे सीनियर नेता भी शामिल हुए.

    यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने बीजेपी पर “चुनाव चोरी” का आरोप लगाते हुए कहा, “बीजेपी ने चुनाव आयोग और ब्यूरोक्रेसी को कंट्रोल कर लिया है और उन्हें लगता है कि उनकी सत्ता को रोका नहीं जा सकता.”

    उन्होंने कहा, “जनता अब समझ चुकी है कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह देश को बेचने की कोशिश कर रहे हैं.”

    राहुल गांधी ने हरियाणा में बेरोज़गारी को सबसे बड़ा मुद्दा बताते हुए कहा, “डिग्री मिल जाती है, लेकिन रोज़गार नहीं मिलता. छोटी और मझोली इंडस्ट्री बंद हो गई हैं.”

    उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि युवाओं को “सोशल मीडिया और इंस्टाग्राम का नशा” दिया गया है.

    उन्होंने भारत-अमेरिका कृषि समझौते का ज़िक्र करते हुए कहा कि भारतीय कृषि क्षेत्र को अमेरिकी किसानों के लिए खोल दिया गया है.

  6. पश्चिम बंगाल चुनाव पर बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख़ हसीना ने क्या कहा?

    प्रधानमंत्री शेख़ हसीना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना ने शुभेंदु अधिकारी को बधाई दी है (फ़ाइल फ़ोटो)

    बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने वाले विधायकों को बधाई दी है.

    शेख़ हसीना की पार्टी, बांग्लादेश अवामी लीग ने प्रेस रिलीज़ जारी कर इसकी सूचना दी.

    बीएएल ने प्रेस रिलीज़ में लिखा, "भारत में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में निर्वाचित सभी उम्मीदवारों को बांग्लादेश अवामी लीग की अध्यक्ष और बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना की ओर से शुभकामनाएं और बधाई."

    प्रेस रिलीज़ के मुताबिक़, "अपने संदेश में उन्होंने (शेख हसीना) पश्चिम बंगाल बीजेपी के नेता शुभेंदु अधिकारी को विशेष रूप से बधाई दी. साथ ही उन्होंने सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों की लगातार सफलता की कामना की और पश्चिम बंगाल के लोगों और पूरे भारत की समृद्धि और खुशहाली की दुआएं दी."

    बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना 5 अगस्त 2024 को हुए तख़्तापलट के बाद भारत पहुंची थीं. शेख़ हसीना इस समय भारत की राजधानी दिल्ली में निर्वासित जीवन बिता रही हैं.

  7. कार्टून: थोड़ा जल्दी ...

    आज का कार्टून
    इमेज कैप्शन, महिलाओं के ख़िलाफ़ अपराध के आंकड़ों पर आज का कार्टून.
  8. स्टालिन ने राज्यपाल से की नई सरकार के गठन प्रक्रिया शुरू करने की गुज़ारिश

    पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन (फ़ाइल फोटो)

    डीएमके नेता एमके स्टालिन ने एक्स पर पोस्ट कर जल्द से जल्द सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है.

    एमके स्टालिन ने एक्स पर लिखा, "तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित हो चुके हैं और चुनाव आयोग ने चुने गए विधायकों की सूची जारी कर दी है, जिन्हें जनता ने चुना है."

    "मौजूदा विधानसभा पहले ही भंग की जा चुकी है और इस संबंध में महामहिम राज्यपाल अधिसूचना जारी कर चुके हैं."

    उन्होंने आगे लिखा, "ऐसे में निर्वाचित विधायकों के शपथ ग्रहण करने और राज्य के कल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए नई सरकार का गठन होना न सिर्फ समय की मांग है, बल्कि लोकतंत्र का सबसे महत्वपूर्ण दायित्व भी है."

    "इस संदर्भ में, डीएमके की ओर से, मैं महामहिम राज्यपाल से अनुरोध करता हूं कि सरकार गठन में किसी भी तरह की देरी से बचने के लिए संविधान के मुताबिक फौरन नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू की जाए."

    तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 में किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं मिला है. अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके को सबसे ज़्यादा 108 सीटें मिली हैं. कांग्रेस और वामापंथी दलों ने अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके को समर्थन देने की घोषणा की है.

  9. ईरानी विदेश मंत्री बोले- हम दबाव के आगे नहीं झुकते

    अब्बास अराग़ची

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची

    ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने कहा है कि जब भी राजनयिक समाधान की ओर बढ़ते हैं, तो अमेरिका एक खतरनाक सैन्य अभियान का रास्ता चुन लेता है.

    एक्स पर पोस्ट कर ईरान के विदेश मंत्री ने पूछा, "क्या यह सिर्फ एक घटिया दबाव बनाने की रणनीति है? या यह किसी विध्वंसक का काम है, जो एक बार फिर अमेरिकी राष्ट्रपति को एक नए दलदल में धकेल रहा है?"

    उन्होंने आगे कहा, "वजह चाहे जो भी हो, नतीजा हमेशा एक ही होता है, और वह यह है कि ईरानी कभी दबाव के आगे नहीं झुकते."

    अब्बास अराग़ची ने अमेरिकी केंद्रीय खुफिया एजेंसी (सीआईए) के ईरान के मिसाइल भंडारों के बारे में लगाए गए अनुमानों को भी गलत बताया है.

    उन्होंने दावा किया, "हमारे मिसाइल भंडारों और लॉन्चरों की क्षमता 28 फ़रवरी की तुलना में 75 फ़ीसदी नहीं है, सही आंकड़ा 120 फ़ीसदी है."

    ईरान के विदेश मंत्री का यह बयान कल रात होर्मुज़ स्ट्रेट में अमेरिका और ईरान के बीच हुई झड़प के बाद आया है.

    अमेरिका ने दावा किया कि उसकी सेनाओं ने कल रात ईरान में सैन्य ठिकानों पर बमबारी की और यह कार्रवाई होर्मुज स्ट्रेट में अमेरिकी जहाजों पर ईरानी हमलों के जवाब में की गई थी.

    हालांकि, झड़प के बाद, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका और ईरान के बीच गोलीबारी के बावजूद युद्धविराम बरकरार है.

  10. पुडुचेरी: एक बार फिर मुख्यमंत्री होंगे एन. रंगासामी

    मुख्यमंत्री एन. रंगासामी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, एनडीए विधायक दल के नेता एन. रंगासामी और केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया

    पुडुचेरी विधानसभा चुनाव 2026 के बाद एन. रंगासामी एक बार फिर से एनडीए विधायक दल के नेता चुने गए हैं.

    वहीं ए. नमस्सिवयम एनडीए विधायक दल के उपनेता चुने गए.

    बीजेपी पुडुचेरी ने एक्स पर पोस्ट कर जानकारी दी है कि, केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया आज पुडुचेरी पहुंचे और पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगासामी को विधायक दल के नेता चुने जाने पर शुभकामनाएं दी.

    एआईएनआरसी के नेता एन. रंगासामी ने गुरुवार को उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन को मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा सौंपा था.

    पुडुचेरी विधानसभा चुनाव में एनडीए को 18 सीटें मिली हैं. जिनमें एआईएनआरसी को 12 सीटें, और बीजेपी को चार सीटें मिली थी.

  11. तमिलनाडु में विजय को समर्थन देने के सवाल पर क्या बोले सीपीएम महासचिव एमए बेबी

    सीपीआई(एम) के महासचिव एम.ए. बेबी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सीपीएम के महासचिव एमए बेबी ने कहा है कि तमिलनाडु की सबसे बड़ी पार्टी टीवीके को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया जाना चाहिए

    तमिलनाडु में विजय की पार्टी टीवीके को समर्थन देने पर विचार-विमर्श के लिए शुक्रवार को वामपंथी दलों की बैठक जारी है.

    सीपीएम के महासचिव एम.ए. बेबी ने कहा, “ हमारी पार्टी सीपीएम, सहयोगी दल सीपीआई और वीसीके से सलाह-मशविरा करने के बाद, कुछ घंटों के अंदर अपना रुख़ साफ़ करेंगे.”

    उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी पार्टी को सरकार बनाने का मौक़ा मिलना चाहिए और इसके लिए जो भी ज़रूरी है, उस पर उनकी पार्टी और सहयोगी पार्टियां विचार-विमर्श कर रही हैं.

    उन्होंने कहा, "तमिलनाडु चुनाव के नतीजों में किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला. लेकिन विजय की टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी. परंपरा के मुताबिक सबसे बड़ी पार्टी को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया जाना चाहिए था और सदन में बहुमत साबित करने के लिए एक निश्चित समय दिया जाना चाहिए था. तमिलनाडु के राज्यपाल ने ऐसा क्यों नहीं किया, यह बेहद हैरान करने वाला और चिंताजनक है.”

    वामपंथी दलों की बैठक पर एमए बेबी ने कहा, "ये सभी दल यह सुनिश्चित करने के लिए ज़रूरी क़दम उठाएंगे कि विजय को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया जाए."

  12. इंडोनेशिया: ज्वालामुखी फटने से तीन लोगों की मौत

    इंडोनेशिया
    इमेज कैप्शन, इंडोनेशिया के वोल्केनोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक, ज्वालामुखी स्थानीय समय के मुताबिक सुबह 7:41 बजे फटा

    इंडोनेशिया में आज सुबह माउंट डूकोनों ज्वालामुखी फटने से तीन हाइकर्स की मौत हो गई.

    इंडोनेशिया के वोल्केनोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक, ज्वालामुखी स्थानीय समय के मुताबिक सुबह 7:41 बजे फटा.

    इंडोनेशिया के नॉर्थ मोलूकू प्रांत का डूकोनो वोल्केनो देश के सबसे सक्रिया ज्वालामुखियों में से एक है. यह पर्यटकों के बीच भी काफ़ी मशहूर है.

    लोकल पुलिस चीफ ने बताया कि करीब 15 लोगों को वहां से बचाया गया है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

  13. ईरान के सांसद ने कहा, यूएई अब पड़ोसी नहीं बल्कि दुश्मन का ठिकाना

    ईरान

    इमेज स्रोत, ATTA KENARE / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरानी संसद की नेशनल सिक्योरिटी कमिशन के सदस्य अली खे़ज़रियन ने यूएई पर गंभीर आरोप लगाए (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान के एक सांसद ने कहा है कि अब वो संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को पड़ोसी नहीं मानते, बल्कि उसे "दुश्मन का ठिकाना" समझते हैं.

    ईरानी संसद की नेशनल सिक्योरिटी कमिशन के सदस्य अली खे़ज़रियन ने कहा है, "यूएई ने ईरान के ख़िलाफ़ जंग के दौरान अहम सैन्य और ख़ुफ़िया मदद दी थी."

    उन्हें इस बात का भी शक है कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के जहाज़ों ने झंडा हटाकर सीधे ईरान की ज़मीन पर हमला किया है.

    ईरान ने पिछले दो महीनों से शुरू हुई जंग में कई बार यूएई के ठिकानों और दूसरे इलाक़ों पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए हैं.

    यूएई के रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को फिर दावा किया कि ईरान ने उस पर हमला किया है. मंत्रालय का कहना है उसका एयर डिफ़ेंस सिस्टम ईरान से आ रहे मिसाइल और ड्रोन हमलों से निपट रहा है.

    इससे पहले यूएई के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया था कि 4 मई को भी उस पर ईरान की ओर से कई मिसाइलें दाग़ी गईं, जिन्हें उसके डिफ़ेंस सिस्टम ने रोक लिया था. इस दौरान तीन भारतीय भी घायल हुए थे.

  14. अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक इस लाइव ब्लॉग के ज़रिये ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आप तक ताज़ा ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  15. 'बिना इजाज़त आने वालों को एंट्री नहीं', बीसीसीआई ने आईपीएल के दौरान क्या रोक लगाई?

    आईपीएल

    इमेज स्रोत, Debajyoti Chakraborty/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, बीसीसीआई ने 10 आईपीएल टीमों को भेजी एक एडवाइज़री (फ़ाइल फ़ोटो)

    इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल में खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और टीम अधिकारियों के होटल कमरों में बिना इजाज़त आने वाले लोगों पर बीसीसीआई ने रोक लगा दी है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, बोर्ड की एंटी-करप्शन यूनिट ने कुछ "ग़लत व्यवहार और नियम तोड़ने" की घटनाओं की जानकारी दी थी, जिसके बाद यह क़दम उठाया गया.

    बीसीसीआई ने चेतावनी दी है कि ऐसे मामलों से "हनी ट्रैप, क़ानूनी परेशानी और सुरक्षा ख़तरे" हो सकते हैं.

    बीसीसीआई ने 10 आईपीएल टीमों को भेजी गई एक विस्तृत एडवाइज़री में कहा, "अगर किसी मेहमान को खिलाड़ियों या अधिकारियों के कमरे में जाना है तो उसके लिए टीम मैनेजर की लिखित अनुमति ज़रूरी होगी."

    बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने टीमों के सीईओ को भेजे गए संदेश में लिखा, "यह सलाह मौजूदा सीज़न में देखी गई कुछ घटनाओं के बाद जारी की गई है."

    इसमें लिखा है, "इसका मक़सद आईपीएल से जुड़े सभी लोगों में प्रोफ़ेशनल रवैया, अनुशासन, सुरक्षा जागरूकता और नियमों का पालन मज़बूत करना है."

  16. तमिलनाडु: कांग्रेस ने राज्यपाल के ख़िलाफ़ प्रदर्शन किया

    कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस की मांग है कि विजय को सरकार बनाने का न्योता मिलना चाहिए

    तमिलनाडु कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी की अगुवाई वाली केंद्र सरकार और राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर के ख़िलाफ़ शुक्रवार को राजधानी चेन्नई में विरोध प्रदर्शन किया.

    दरअसल, विधानसभा चुनावों में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) के प्रमुख विजय को अगली सरकार बनाने के लिए न्योता नहीं दिया गया. कांग्रेस की मांग है कि विजय को सरकार बनाने का न्योता मिलना चाहिए.

    234 विधानसभा सीटों वाले तमिलनाडु में विजय की पार्टी ने 108 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि बहुमत का आंकड़ा 118 है. कांग्रेस ने पहले ही अपने 5 विधायकों के साथ टीवीके को समर्थन दे दिया है.

    इसके अलावा, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की तमिलनाडु यूनिट ने भी टीवीके को बिना किसी देरी के सरकार बनाने का न्योता देने की मांग की है.

  17. जिस जहाज़ पर फैला हंता वायरस, उस पर 2 भारतीय भी सवार

    डच जहाज़ एमवी होंडियस

    इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, जहाज़ पर 28 देशों के क़रीब 150 यात्री सवार थे, लेकिन दर्जनों लोग 24 अप्रैल को सेंट हेलेना द्वीप पर उतर गए (फ़ाइल फ़ोटो)

    डच जहाज़ एमवी होंडियस पर हंता वायरस के पांच मामलों की पुष्टि हुई है और तीन लोगों की मौत हो गई है.

    बीबीसी न्यूज़ की रिपोर्ट के मुताबिक़, इस जहाज़ पर कम से कम दो भारतीय नागरिक भी सवार हैं.

    दरअसल, इस जहाज़ पर 28 देशों के क़रीब 150 यात्री सवार थे, लेकिन दर्जनों लोग 24 अप्रैल को सेंट हेलेना द्वीप पर उतर गए. यह जहाज़ इस हफ़्ते के अंत तक कैनरी आइलैंड्स में डॉक करने वाला है.

    विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की विशेषज्ञ मारिया वैन केरखोवे ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा कि यह हालात कोविड-19 जैसे नहीं हैं.

    उन्होंने बताया कि हंता वायरस वैसे नहीं फैलता जैसे कोरोना फैला था, बल्कि यह सिर्फ़ "बहुत नज़दीकी और निजी संपर्क" से फैलता है.

  18. जम्मू और कश्मीर के उप राज्यपाल को केंद्र सरकार ने क्या विशेष शक्तियां दी?

    उप राज्यपाल मनोज सिन्हा

    इमेज स्रोत, Sanjeev Verma/Hindustan Times via Getty Images

    केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल (एलजी) को दूरसंचार सेवाओं से जुड़ी कुछ ख़ास शक्तियां दी हैं.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, जब भी क़ानून-व्यवस्था बिगड़ने या राष्ट्रीय सुरक्षा को ख़तरा होने की आशंका होगी, तब एलजी सीधे तौर पर दूरसंचार सेवाओं से जुड़े फ़ैसले ले सकेंगे.

    इसमें मोबाइल या इंटरनेट सिग्नल को रोकना, सर्विस को बंद करना और मैसेज को डिक्रिप्ट करना जैसे अधिकार शामिल हैं.

    नोटिफ़िकेशन

    इमेज स्रोत, egazette.gov

    इमेज कैप्शन, केंद्र सरकार की ओर से जारी किया गया नोटिफ़िकेशन

    गुरुवार को जारी आदेश के अनुसार, "राष्ट्रपति ने एलजी को निर्देश दिया है कि वे दूरसंचार अधिनियम 2023 (धारा 20(2)) के तहत राज्य सरकार के अधिकारों और ज़िम्मेदारियों को निभाएं. यह धारा सार्वजनिक सुरक्षा और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े हालात में लागू होती है."

    गौरतलब है कि ये अधिकार केवल सार्वजनिक सुरक्षा की घटनाओं या राष्ट्रीय आपातकाल के समय इस्तेमाल किए जा सकते हैं.

  19. ईरान ने संयुक्त राष्ट्र से कहा- 'होर्मुज़ स्ट्रेट का मामला तभी सुलझेगा, जब...'

    अमीर सईद इरवानी

    इमेज स्रोत, Michael M. Santiago/Getty Images

    इमेज कैप्शन, संयुक्त राष्ट्र में ईरानी राजदूत अमीर सईद इरवानी ने एक अमेरिकी मसौदे का विरोध किया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान ने कहा है कि युद्ध ख़त्म होने और अमेरिकी नाकाबंदी हटाने से ही होर्मुज़ स्ट्रेट से जुड़ी समस्या सुलझ सकती है.

    ईरान ने संयुक्त राष्ट्र में एक अमेरिकी मसौदे का भी विरोध किया. ईरानी राजदूत अमीर सईद इरवानी ने कहा कि अमेरिका संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में ‘फ़्रीडम ऑफ़ नेविगेशन’ नाम का एक ग़लत और राजनीतिक मक़सद वाला मसौदा पेश कर रहा है.

    दरअसल, बहरीन के संयुक्त राष्ट्र प्रतिनिधि ने इस मसौदे के बारे में जानकारी दी थी. उन्होंने बताया था, "ये मसौदा ईरान से मांग करता है कि वह तुरंत सभी हमले रोके और व्यापारिक जहाज़ों को धमकी देना बंद करे. मसौदे में माइन्स बिछाने और ग़ैरक़ानूनी शुल्क वसूली के मुद्दे भी शामिल हैं. इसमें इन्हें अस्वीकार्य बताया गया है."

    इस पर इरवानी ने कहा, "ईरान देशों से अपील करता है कि वे दबाव में आकर नहीं बल्कि तर्क, न्याय और सिद्धांतों के आधार पर काम करें. इस मसौदे को ख़ारिज करें और इसका समर्थन न करें."

    ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव और सुरक्षा परिषद के अध्यक्ष को पत्र लिखकर इसे "एकतरफ़ा और भड़काऊ मसौदा" बताया.

  20. यूएई के रक्षा मंत्रालय का दावा- ईरान ने हमला किया, आम लोगों से की ये अपील

    मिसाइल (सांकेतिक तस्वीर)

    इमेज स्रोत, Wisam Hashlamoun/Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, यूएई के रक्षा मंत्रालय ने आम लोगों से रक्षा एजेंसियों की ओर से जारी किए गए निर्देशों का पालन करने के लिए कहा (सांकेतिक तस्वीर)

    यूएई ने एक बार फिर दावा किया है कि ईरान ने उस पर हमला किया है. यूएई के रक्षा मंत्रालय का कहना है उसका एयर डिफ़ेंस सिस्टम ईरान से आ रहे मिसाइल और ड्रोन हमलों से निपट रहा है.

    रक्षा मंत्रालय ने एक्स पोस्ट पर जानकारी देते हुए कहा, "यूएई का एयर डिफ़ेंस सिस्टम बैलिस्टिक मिसाइल, क्रूज़ मिसाइल और ड्रोन को रोक रहा है, इस वजह से देश के अलग-अलग हिस्सों में आवाज़ें सुनाई दे रही हैं."

    रक्षा मंत्रालय ने जनता से अपील की है कि शांत रहें और सुरक्षा एजेंसियों की ओर से जारी किए गए निर्देशों का पालन करें.

    रक्षा मंत्रालय ने आम लोगों से कहा है, "गिरे हुए टुकड़ों या मलबे के पास न जाएं, उन्हें न छुएं और उनकी तस्वीरें न लें. सफल एयर इंटरसेप्शन के बाद गिरे हुए हिस्सों की जांच संबंधित अधिकारी करेंगे."

    गौरतलब है कि इससे पहले यूएई के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया था कि 4 मई को उस पर ईरान की ओर से कई मिसाइलें दाग़ी गईं, जिन्हें उसके डिफ़ेंस सिस्टम ने रोक लिया था. इस दौरान तीन भारतीय भी घायल हुए थे.