लाइव, ईरान के सांसद ने कहा, यूएई अब पड़ोसी नहीं बल्कि दुश्मन का ठिकाना

ईरानी संसद की नेशनल सिक्योरिटी कमिशन के सदस्य अली खे़ज़रियन ने कहा है, "यूएई ने ईरान के ख़िलाफ़ जंग के दौरान अहम सैन्य और ख़ुफ़िया मदद दी थी."

सारांश

लाइव कवरेज

अरशद मिसाल, रौनक भैड़ा

  1. ईरान के सांसद ने कहा, यूएई अब पड़ोसी नहीं बल्कि दुश्मन का ठिकाना

    ईरान

    इमेज स्रोत, ATTA KENARE / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरानी संसद की नेशनल सिक्योरिटी कमिशन के सदस्य अली खे़ज़रियन ने यूएई पर गंभीर आरोप लगाए (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान के एक सांसद ने कहा है कि अब वो संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को पड़ोसी नहीं मानते, बल्कि उसे "दुश्मन का ठिकाना" समझते हैं.

    ईरानी संसद की नेशनल सिक्योरिटी कमिशन के सदस्य अली खे़ज़रियन ने कहा है, "यूएई ने ईरान के ख़िलाफ़ जंग के दौरान अहम सैन्य और ख़ुफ़िया मदद दी थी."

    उन्हें इस बात का भी शक है कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के जहाज़ों ने झंडा हटाकर सीधे ईरान की ज़मीन पर हमला किया है.

    ईरान ने पिछले दो महीनों से शुरू हुई जंग में कई बार यूएई के ठिकानों और दूसरे इलाक़ों पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए हैं.

    यूएई के रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को फिर दावा किया कि ईरान ने उस पर हमला किया है. मंत्रालय का कहना है उसका एयर डिफ़ेंस सिस्टम ईरान से आ रहे मिसाइल और ड्रोन हमलों से निपट रहा है.

    इससे पहले यूएई के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया था कि 4 मई को भी उस पर ईरान की ओर से कई मिसाइलें दाग़ी गईं, जिन्हें उसके डिफ़ेंस सिस्टम ने रोक लिया था. इस दौरान तीन भारतीय भी घायल हुए थे.

  2. अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक इस लाइव ब्लॉग के ज़रिये ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आप तक ताज़ा ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  3. 'बिना इजाज़त आने वालों को एंट्री नहीं', बीसीसीआई ने आईपीएल के दौरान क्या रोक लगाई?

    आईपीएल

    इमेज स्रोत, Debajyoti Chakraborty/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, बीसीसीआई ने 10 आईपीएल टीमों को भेजी एक एडवाइज़री (फ़ाइल फ़ोटो)

    इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल में खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और टीम अधिकारियों के होटल कमरों में बिना इजाज़त आने वाले लोगों पर बीसीसीआई ने रोक लगा दी है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, बोर्ड की एंटी-करप्शन यूनिट ने कुछ "ग़लत व्यवहार और नियम तोड़ने" की घटनाओं की जानकारी दी थी, जिसके बाद यह क़दम उठाया गया.

    बीसीसीआई ने चेतावनी दी है कि ऐसे मामलों से "हनी ट्रैप, क़ानूनी परेशानी और सुरक्षा ख़तरे" हो सकते हैं.

    बीसीसीआई ने 10 आईपीएल टीमों को भेजी गई एक विस्तृत एडवाइज़री में कहा, "अगर किसी मेहमान को खिलाड़ियों या अधिकारियों के कमरे में जाना है तो उसके लिए टीम मैनेजर की लिखित अनुमति ज़रूरी होगी."

    बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने टीमों के सीईओ को भेजे गए संदेश में लिखा, "यह सलाह मौजूदा सीज़न में देखी गई कुछ घटनाओं के बाद जारी की गई है."

    इसमें लिखा है, "इसका मक़सद आईपीएल से जुड़े सभी लोगों में प्रोफ़ेशनल रवैया, अनुशासन, सुरक्षा जागरूकता और नियमों का पालन मज़बूत करना है."

  4. तमिलनाडु: कांग्रेस ने राज्यपाल के ख़िलाफ़ प्रदर्शन किया

    कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस की मांग है कि विजय को सरकार बनाने का न्योता मिलना चाहिए

    तमिलनाडु कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी की अगुवाई वाली केंद्र सरकार और राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर के ख़िलाफ़ शुक्रवार को राजधानी चेन्नई में विरोध प्रदर्शन किया.

    दरअसल, विधानसभा चुनावों में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) के प्रमुख विजय को अगली सरकार बनाने के लिए न्योता नहीं दिया गया. कांग्रेस की मांग है कि विजय को सरकार बनाने का न्योता मिलना चाहिए.

    234 विधानसभा सीटों वाले तमिलनाडु में विजय की पार्टी ने 108 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि बहुमत का आंकड़ा 118 है. कांग्रेस ने पहले ही अपने 5 विधायकों के साथ टीवीके को समर्थन दे दिया है.

    इसके अलावा, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की तमिलनाडु यूनिट ने भी टीवीके को बिना किसी देरी के सरकार बनाने का न्योता देने की मांग की है.

  5. जिस जहाज़ पर फैला हंता वायरस, उस पर 2 भारतीय भी सवार

    डच जहाज़ एमवी होंडियस

    इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, जहाज़ पर 28 देशों के क़रीब 150 यात्री सवार थे, लेकिन दर्जनों लोग 24 अप्रैल को सेंट हेलेना द्वीप पर उतर गए (फ़ाइल फ़ोटो)

    डच जहाज़ एमवी होंडियस पर हंता वायरस के पांच मामलों की पुष्टि हुई है और तीन लोगों की मौत हो गई है.

    बीबीसी न्यूज़ की रिपोर्ट के मुताबिक़, इस जहाज़ पर कम से कम दो भारतीय नागरिक भी सवार हैं.

    दरअसल, इस जहाज़ पर 28 देशों के क़रीब 150 यात्री सवार थे, लेकिन दर्जनों लोग 24 अप्रैल को सेंट हेलेना द्वीप पर उतर गए. यह जहाज़ इस हफ़्ते के अंत तक कैनरी आइलैंड्स में डॉक करने वाला है.

    विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की विशेषज्ञ मारिया वैन केरखोवे ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा कि यह हालात कोविड-19 जैसे नहीं हैं.

    उन्होंने बताया कि हंता वायरस वैसे नहीं फैलता जैसे कोरोना फैला था, बल्कि यह सिर्फ़ "बहुत नज़दीकी और निजी संपर्क" से फैलता है.

  6. जम्मू और कश्मीर के उप राज्यपाल को केंद्र सरकार ने क्या विशेष शक्तियां दी?

    उप राज्यपाल मनोज सिन्हा

    इमेज स्रोत, Sanjeev Verma/Hindustan Times via Getty Images

    केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल (एलजी) को दूरसंचार सेवाओं से जुड़ी कुछ ख़ास शक्तियां दी हैं.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, जब भी क़ानून-व्यवस्था बिगड़ने या राष्ट्रीय सुरक्षा को ख़तरा होने की आशंका होगी, तब एलजी सीधे तौर पर दूरसंचार सेवाओं से जुड़े फ़ैसले ले सकेंगे.

    इसमें मोबाइल या इंटरनेट सिग्नल को रोकना, सर्विस को बंद करना और मैसेज को डिक्रिप्ट करना जैसे अधिकार शामिल हैं.

    नोटिफ़िकेशन

    इमेज स्रोत, egazette.gov

    इमेज कैप्शन, केंद्र सरकार की ओर से जारी किया गया नोटिफ़िकेशन

    गुरुवार को जारी आदेश के अनुसार, "राष्ट्रपति ने एलजी को निर्देश दिया है कि वे दूरसंचार अधिनियम 2023 (धारा 20(2)) के तहत राज्य सरकार के अधिकारों और ज़िम्मेदारियों को निभाएं. यह धारा सार्वजनिक सुरक्षा और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े हालात में लागू होती है."

    गौरतलब है कि ये अधिकार केवल सार्वजनिक सुरक्षा की घटनाओं या राष्ट्रीय आपातकाल के समय इस्तेमाल किए जा सकते हैं.

  7. ईरान ने संयुक्त राष्ट्र से कहा- 'होर्मुज़ स्ट्रेट का मामला तभी सुलझेगा, जब...'

    अमीर सईद इरवानी

    इमेज स्रोत, Michael M. Santiago/Getty Images

    इमेज कैप्शन, संयुक्त राष्ट्र में ईरानी राजदूत अमीर सईद इरवानी ने एक अमेरिकी मसौदे का विरोध किया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान ने कहा है कि युद्ध ख़त्म होने और अमेरिकी नाकाबंदी हटाने से ही होर्मुज़ स्ट्रेट से जुड़ी समस्या सुलझ सकती है.

    ईरान ने संयुक्त राष्ट्र में एक अमेरिकी मसौदे का भी विरोध किया. ईरानी राजदूत अमीर सईद इरवानी ने कहा कि अमेरिका संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में ‘फ़्रीडम ऑफ़ नेविगेशन’ नाम का एक ग़लत और राजनीतिक मक़सद वाला मसौदा पेश कर रहा है.

    दरअसल, बहरीन के संयुक्त राष्ट्र प्रतिनिधि ने इस मसौदे के बारे में जानकारी दी थी. उन्होंने बताया था, "ये मसौदा ईरान से मांग करता है कि वह तुरंत सभी हमले रोके और व्यापारिक जहाज़ों को धमकी देना बंद करे. मसौदे में माइन्स बिछाने और ग़ैरक़ानूनी शुल्क वसूली के मुद्दे भी शामिल हैं. इसमें इन्हें अस्वीकार्य बताया गया है."

    इस पर इरवानी ने कहा, "ईरान देशों से अपील करता है कि वे दबाव में आकर नहीं बल्कि तर्क, न्याय और सिद्धांतों के आधार पर काम करें. इस मसौदे को ख़ारिज करें और इसका समर्थन न करें."

    ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव और सुरक्षा परिषद के अध्यक्ष को पत्र लिखकर इसे "एकतरफ़ा और भड़काऊ मसौदा" बताया.

  8. यूएई के रक्षा मंत्रालय का दावा- ईरान ने हमला किया, आम लोगों से की ये अपील

    मिसाइल (सांकेतिक तस्वीर)

    इमेज स्रोत, Wisam Hashlamoun/Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, यूएई के रक्षा मंत्रालय ने आम लोगों से रक्षा एजेंसियों की ओर से जारी किए गए निर्देशों का पालन करने के लिए कहा (सांकेतिक तस्वीर)

    यूएई ने एक बार फिर दावा किया है कि ईरान ने उस पर हमला किया है. यूएई के रक्षा मंत्रालय का कहना है उसका एयर डिफ़ेंस सिस्टम ईरान से आ रहे मिसाइल और ड्रोन हमलों से निपट रहा है.

    रक्षा मंत्रालय ने एक्स पोस्ट पर जानकारी देते हुए कहा, "यूएई का एयर डिफ़ेंस सिस्टम बैलिस्टिक मिसाइल, क्रूज़ मिसाइल और ड्रोन को रोक रहा है, इस वजह से देश के अलग-अलग हिस्सों में आवाज़ें सुनाई दे रही हैं."

    रक्षा मंत्रालय ने जनता से अपील की है कि शांत रहें और सुरक्षा एजेंसियों की ओर से जारी किए गए निर्देशों का पालन करें.

    रक्षा मंत्रालय ने आम लोगों से कहा है, "गिरे हुए टुकड़ों या मलबे के पास न जाएं, उन्हें न छुएं और उनकी तस्वीरें न लें. सफल एयर इंटरसेप्शन के बाद गिरे हुए हिस्सों की जांच संबंधित अधिकारी करेंगे."

    गौरतलब है कि इससे पहले यूएई के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया था कि 4 मई को उस पर ईरान की ओर से कई मिसाइलें दाग़ी गईं, जिन्हें उसके डिफ़ेंस सिस्टम ने रोक लिया था. इस दौरान तीन भारतीय भी घायल हुए थे.

  9. अमेरिकी हमले के बाद ईरान की तीखी प्रतिक्रिया- शेर के दांत देखकर ये मत समझो कि वो मुस्कुरा रहा

    इस्माइल बक़ाई

    इमेज स्रोत, Fatemeh Bahrami/Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी हमले के बाद ईरान के नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया जारी की है (फ़ाइल फ़ोटो: इस्माइल बक़ाई)

    अमेरिका ने दावा किया है कि उसने ईरान में सैन्य ठिकानों पर बमबारी की है. इसके बाद ईरान के नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है.

    ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बक़ाई ने अपने एक्स हैंडल पर एक अरबी कहावत पोस्ट की, जिसमें इशारों-इशारों में अमेरिका को चेतावनी दी गई.

    उन्होंने लिखा, "अगर तुम शेर के बाहर निकले हुए दांत देखो, तो यह मत समझो कि शेर मुस्कुरा रहा है."

    ईरानी सांसद और राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति समिति के प्रमुख इब्राहिम अज़ीज़ी ने एक्स पर लिखा, "बार-बार वही ग़लती करने से अलग जवाब नहीं मिलेगा, बस और सख़्त मिलेगा. ईरान के नए समुद्री नियम का सम्मान करें."

    इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था, "पहले ईरान ने अमेरिकी जहाज़ों पर हमला किया, हमारे तीन अमेरिकी डेस्ट्रॉयर थे, जो होर्मुज़ से बिना नुकसान के निकल गए. जवाबी हमले में ईरान की कई छोटी नावें पूरी तरह तबाह कर दी गईं और अमेरिकी जहाज़ों को निशाना बनाने वाली मिसाइलें आसानी से गिरा दी गईं."

    दूसरी ओर, ईरान की सेना ने अमेरिका पर युद्धविराम तोड़ने का आरोप लगाया है.

  10. ईरान के राष्ट्रपति पेज़ेश्कियान ने सुप्रीम लीडर मोजतबा से हुई मुलाक़ात के बारे में क्या बताया?

    मसूद पेज़ेश्कियान

    इमेज स्रोत, Iranian Presidency/Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने कहा कि उन्होंने सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई से ढाई घंटे तक बातचीत की (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने दावा किया है कि उन्होंने सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई से मुलाक़ात की है.

    राष्ट्रपति पेज़ेश्कियान ने यह बात ईरान और अमेरिका के बीच होर्मुज़ स्ट्रेट में हुई नौसैनिक झड़प से एक घंटा पहले कही.

    दरअसल, पेज़ेश्कियान ने गुरुवार को तेहरान के उद्योग मंत्रालय में व्यापारियों और मार्केट प्रतिनिधियों के साथ एक अनौपचारिक बैठक की. इसमें उन्होंने कहा, "इस मुलाक़ात में जो बात मुझे सबसे ज़्यादा महसूस हुई, वह थी सुप्रीम लीडर का सामना करने का तरीका, उनका नज़रिया और उनका विनम्र व्यवहार."

    पेज़ेश्कियान और मोजतबा की मुलाक़ात की कोई फ़ोटो या वीडियो अभी तक जारी नहीं हुए हैं. हालांकि, पेज़ेश्कियान का कहना है कि दोनों के बीच ढाई घंटे तक बातचीत हुई.

    गौरतलब है कि अमेरिका और इसराइल की बमबारी में ईरान के सुप्रीम लीडर अली ख़ामेनेई की मौत के कुछ दिन बाद ही उनके बेटे मोजतबा ख़ामेनेई को सर्वोच्च नेता घोषित कर दिया था.

    सुप्रीम लीडर बनने के बाद मोजतबा ख़ामेनेई का कोई ऑडियो या वीडियो जारी नहीं हुआ है, ईरानी मीडिया ने सिर्फ़ उनके लिखित संदेश प्रकाशित किए हैं. कुछ रिपोर्टों में कहा गया है कि हमले में वे घायल भी हुए थे.

  11. अमेरिका और ईरान में तनातनी बढ़ने से कच्चे तेल की क़ीमतों में फिर उछाल, ओसमंड चिया, बिज़नेस रिपोर्टर, बीबीसी न्यूज़

    कच्चा तेल

    इमेज स्रोत, Rasid Necati Aslim/Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिका और ईरान के बीच स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ में गोलीबारी होने के बाद तेल की क़ीमतों में वृद्धि हुई (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ी तनातनी से एक बार फिर एशिया में शुक्रवार सुबह कच्चे तेल की क़ीमतों में उछाल आया है.

    वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट की क़ीमत 2.6% बढ़कर 102.70 डॉलर प्रति बैरल हो गई, जबकि अमेरिका में कारोबार होने वाला क्रूड 2.3% बढ़कर 97 डॉलर पर पहुंच गया है.

    दरअसल, अमेरिका और ईरान के बीच स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ में गोलीबारी हुई थी. जिसके बाद अमेरिकी सेना ने कहा था कि उसने ईरान की ओर से "बिना वजह" किए गए हमलों को रोकने के लिए जवाबी हमला किया गया.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बताया, "जिन अमेरिकी जहाज़ों पर हमला हुआ, वे तीन अमेरिकी डेस्ट्रॉयर थे, जो होर्मुज़ से बिना नुकसान के निकल गए. जवाबी हमले में ईरान की कई छोटी नावें पूरी तरह तबाह कर दी गईं और अमेरिकी जहाज़ों को निशाना बनाने वाली मिसाइलें आसानी से गिरा दी गईं."

    दूसरी ओर, ईरान की सेना ने अमेरिका पर युद्धविराम तोड़ने का आरोप लगाया है.

    गौरतलब है कि ईरान और अमेरिका के बीच बीते कुछ हफ़्तों से युद्धविराम चल रहा था, लेकिन इन हमलों के बाद दोनों देशों के बीच एक बार फिर युद्ध गहराने की आशंका बढ़ गई है.

  12. नासिक टीसीएस मामले में अभियुक्त निदा ख़ान को पुलिस ने हिरासत में लिया

    इस मामले में गिरफ़्तार अभियुक्त
    इमेज कैप्शन, पुलिस ने इस मामले में पहले भी कुछ अभियुक्तों को गिरफ़्तार किया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    नासिक टीसीएस मामले में पुलिस ने मुख्य अभियुक्त निदा ख़ान को गुरुवार रात को हिरासत में ले लिया.

    निदा पर यौन उत्पीड़न और जबरन धर्म परिवर्तन के आरोप लगे हैं. समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, नासिक पुलिस आयुक्त संदीप कार्णिक ने बताया कि निदा को छत्रपति संभाजीनगर पुलिस और वहां की क्राइम ब्रांच की मदद से पकड़ा गया है.

    इससे पहले 2 मई को नासिक कोर्ट ने निदा ख़ान की अग्रिम ज़मानत याचिका ख़ारिज की थी. अभियोजन पक्ष ने कोर्ट में कहा कि आरोप गंभीर हैं और उनसे हिरासत में पूछताछ ज़रूरी है. हालांकि, तब निदा फ़रार चल रही थीं.

    न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, पब्लिक प्रॉसिक्यूटर अजय मिसर ने बताया था कि निदा इस केस की मुख्य अभियुक्तों में से एक हैं. कोर्ट ने इसी आधार पर अग्रिम ज़मानत देने से मना कर दिया था.