अमेरिका के हालिया हमलों पर ईरानी विदेश मंत्रालय ने क्या कहा
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, ईरान ने अमेरिकी सेना पर 'कई बार' युद्धविराम के उल्लंघन का आरोप लगाया (फ़ाइल फ़ोटो)
बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़,
ईरान ने उसके दक्षिणी हिस्से पर हुए ताज़ा
अमेरिकी हमलों को युद्धविराम का 'घोर
उल्लंघन' बताया है.
साथ ही ईरान ने अमेरिकी सेना पर 'कई बार' युद्धविराम
के उल्लंघन का आरोप लगाया है.
ईरानी विदेश मंत्रालय ने एक बयान में
कहा कि 9 अप्रैल को युद्धविराम की घोषणा के बाद से अमेरिकी सेना ने होर्मोज़गान
क्षेत्र में 'युद्धविराम का कई बार उल्लंघन'
किया है, जिसमें 'पिछले 48 घंटों में हुई घटनाएं' भी शामिल हैं.
बयान में कहा गया, "ईरान किसी भी बुराई का जवाब दिए बिना नहीं छोड़ेगा."
इससे पहले इस्लामिक रिवोल्यूशनरी
गार्ड्स कोर (आईआरजीसी) ने कहा कि वह अमेरिकी सेना की ओर से युद्धविराम के किसी भी
उल्लंघन के ख़िलाफ़ जवाबी कार्रवाई के अधिकार को 'वैध और निर्णायक' मानता
है.
ईरानी मीडिया ने सोमवार को रिपोर्ट
किया कि बंदर अब्बास और शहर के हवाई अड्डे के आसपास एक विस्फोट की आवाज़ सुनी गई.
अमेरिकी सेना ने बाद में पुष्टि की
कि उसने सोमवार को दक्षिणी ईरान पर नए हमले किए, जिसमें ईरान के मिसाइल ठिकानों और उन बोट्स को निशाना बनाया गया जो 'माइन्स बिछाने की कोशिश कर रही थीं'.
अमेरिकी सेंट्रल कमांड के एक बयान
में कहा गया है कि ये हमले 'आत्मरक्षा'
में किए गए.
महाराष्ट्र: ठाणे की हाउसिंग सोसाइटी में बकरीद से पहले तनाव, बकरे की कुर्बानी के स्थान को लेकर है विवाद
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, महाराष्ट्र के मंत्री प्रताप सरनाइक ने कहा कि सोसाइटी में बकरे की कुर्बानी नहीं दी जानी चाहिए
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़,
महाराष्ट्र के ठाणे ज़िले के मीरा रोड इलाक़े में
बक़रीद से पहले तनाव की स्थिति बन गई, जिसके
बाद पुलिस को दख़ल देना पड़ा.
दरअसल, इस इलाक़े की हाउसिंग सोसाइटी में क़ुर्बानी के बकरों को बांधने और
अस्थायी शेड बनाए जाने को लेकर तनाव बढ़ा.
स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक़,
यह विवाद रविवार को मीरा रोड के पास पूनम क्लस्टर
इलाक़े स्थित सृष्टि कॉम्प्लेक्स में शुरू हुआ.
यहां सोसाइटी परिसर में क़ुर्बानी के
बकरों के लिए अस्थायी शेड बनाए जाने का कुछ स्थानीय निवासियों और हिंदू संगठनों ने
विरोध किया.
विरोध के बाद अस्थायी ढांचे को हटा
दिया गया, लेकिन बाद में मुस्लिम समुदाय के कुछ
लोग कथित तौर पर विरोध जताने के लिए इकट्ठा हो गए, जिसके बाद तनाव बढ़ गया.
इस मामले में काशिमीरा पुलिस स्टेशन
में शिकायत भी दर्ज कराई गई है.
इस मामले को लेकर महाराष्ट्र के
मंत्री प्रताप सरनाइक का बयान भी आया है. उनका कहना है कि किसी भी सोसाइटी में
विभिन्न समुदाय के लोग रहते हैं और वहां बकरे की कुर्बानी देने से दूसरे समुदाय के
लोग नाराज़ हो सकते हैं.
सरनाइक ने कहा, "सोसाइटी में बकरे की कुर्बानी की अनुमति नहीं
देनी चाहिए."
आरसीबी ने आईपीएल 2026 के पहले क्वालिफ़ायर में गुजरात टाइटंस को दिया 255 रन का टारगेट
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, रजत पाटीदार 33 गेंदों में 93 रन बनाकर नॉटआउट रहे
इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल 2026 के पहले क्वालिफ़ायर मैच में
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने गुजरात टाइटंस (जीटी) के सामने 255 रन का
लक्ष्य रखा है.
आरसीबी ने निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट के नुक़सान पर 254 रन
बनाए. टीम की ओर से पहले विराट कोहली और बाद में कप्तान रजत पाटीदार ने तेज़ी से
रन जुटाए.
पाटीदार ने सबसे ज़्यादा 93 रन (33 गेंदों में) बनाए. वहीं विराट
कोहली ने 25 गेंदों में 43 रन की पारी खेली. इनके अलावा क्रुणाल पंड्या ने 28
गेंदों में 43 रन बनाए.
वहीं जीटी की ओर से कगिसो रबाडा और जेसन होल्डर ने दो-दो विकेट लिए, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा को एक मिला.
पहला क्वालिफ़ायर मैच धर्मशाला में खेला जा रहा है. जीटी ने टॉस
जीतकर पहले गेंदबाज़ी चुनी थी.
क्या सिद्धारमैया छोड़ेंगे सीएम की कुर्सी, दिल्ली में बैठकों के दौर के बाद क्या हुआ फ़ैसला?, इमरान क़ुरैशी, बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, सिद्धारमैया और शिवकुमार को दिल्ली बुलाया गया था
बीबीसी को कांग्रेस के सूत्रों से पता चला है कि कांग्रेस हाईकमान ने
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से पद छोड़ने को कहा है ताकि डीके शिवकुमार को
उनका उत्तराधिकारी बनाया जा सके.
लेकिन अभी इसके बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.
दिल्ली में हुई बैठकों के बाद शाम को कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदलने
के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि अभी 'ये सिर्फ अटकलें
हैं.'
लेकिन बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को तीन अलग-अलग सूत्रों ने बताया है कि
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कथित तौर पर आज पहले सिद्धारमैया को राज्यसभा जाने
का सुझाव दिया. लेकिन सूत्रों ने बताया कि सिद्धारमैया ने इससे इनकार कर दिया.
खींचतान
पिछले एक साल से कर्नाटक में नेतृत्व की खींचतान पर चर्चा के लिए
सिद्धारमैया और शिवकुमार को दिल्ली बुलाया गया था.
पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने नाम न छापने की शर्त पर बीबीसी न्यूज़
हिन्दी से पुष्टि की कि "वह (सिद्धारमैया) अगले कुछ दिनों में ख़ुद ही
इस्तीफ़ा दे देंगे."
राहुल गांधी ने मंगलवार को दिल्ली स्थित कांग्रेस के दफ़्तर में पहले
सिद्धारमैया के साथ लंबी बैठक की और फिर उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के साथ छोटी
मीटिंग की.
इसके तुरंत बाद वह पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास
पहुंचे और उनसे मुलाक़ात की.
दोबारा कांग्रेस मुख्यालय लौटने के बाद उन्होंने डीके शिवकुमार के
अलावा अन्य नेताओं से मुलाक़ात की.
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, कांग्रेस ने अभी कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है
डीके शिवकुमार की मांग
शिवकुमार खेमे की ओर से पिछले नवंबर से यह मांग की जा रही है कि सिद्धारमैया को उस कथित समझौते के मुताबिक़ पद छोड़ देना चाहिए, जिसके बारे में कहा जाता है कि 2023 में पार्टी के सत्ता में आने के बाद यह तय हुआ था.
अनौपचारिक समझौता यह था कि ढाई साल पद पर रहने के बाद सिद्धारमैया इस्तीफ़ा देंगे, ताकि डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनने का रास्ता मिल सके.
बैठक के अंत में कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने पत्रकारों से कहा, "आप (मीडिया) जो भी अटकलें लगा रहे हैं, वे सिर्फ़ अटकलें हैं."
उन्होंने कहा, "हमने राज्यसभा और विधान परिषद के चुनावों पर चर्चा की. कर्नाटक से चुनाव के उम्मीदवारों के नाम मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ आदि के उम्मीदवारों के साथ घोषित किए जाएंगे."
चुनाव प्रक्रिया 18 जून तक पूरी होने की उम्मीद है.
जब उनसे पूछा गया कि क्या कैबिनेट फेरबदल पर कोई चर्चा हुई, तो सिद्धारमैया ने कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से कहा, "यह मुद्दा नहीं उठा."
बकरीद के दिन एग्ज़ाम नहीं देने वाले स्टूडेंट्स के लिए होगी विशेष परीक्षा: डीयू
इमेज स्रोत, Sanchit Khanna/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, जो स्टूडेंट बक़रीद के दिन एग्ज़ाम नहीं दे पाएंगे, उन्हें लॉ फ़ैकल्टी के डीन को ईमेल के ज़रिए सूचना देनी होगी (फ़ाइल फ़ोटो)
दिल्ली यूनिवर्सिटी ने मंगलवार को
दिल्ली हाई कोर्ट में कहा है कि वह बकरीद के दिन होने वाली परीक्षा में जो
स्टूडेंस्ट शामिल नहीं हो पाएंगे उनके लिए विशेष परीक्षा होगी.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़,
डीयू ने कोर्ट को भरोसा दिलाया कि लॉ के जिन
स्टूडेंट्स का सेमेस्टर एग्ज़ाम 28 मई को ईद-उल-अज़हा यानी बकरीद के दिन पड़ रहा
है और जो उसमें शामिल नहीं हो पाएंगे, उनके लिए
4 जुलाई के बाद विशेष परीक्षा आयोजित की जाएगी.
डीयू की ओर से पेश वकील ने यह
जानकारी जस्टिस जसमीत सिंह के सामने दी.
अदालत इस मुद्दे पर लॉ फ़ैकल्टी के
छठे सेमेस्टर के एक छात्र की याचिका पर सुनवाई कर रही थी.
डीयू की ओर से अदालत को बताया गया कि
जो छात्र परीक्षा में शामिल नहीं होने का फ़ैसला करते हैं, उन्हें बुधवार तक लॉ फ़ैकल्टी के डीन को ईमेल भेजना होगा.
चीन और पाकिस्तान के साझा बयान में जम्मू-कश्मीर के ज़िक्र पर भारत ने क्या कहा
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, भारतीय विदेश मंत्रालय ने सीपेक परियोजना का विरोध करते हुए उसे 'ग़ैरक़ानूनी' बताया है (फ़ाइल फ़ोटो)
भारतीय विदेश मंत्रालय ने चीन और
पाकिस्तान के संयुक्त बयान में जम्मू-कश्मीर के ज़िक्र को 'अनुचित' बताते हुए 'स्पष्ट रूप से ख़ारिज' कर दिया
है.
जारी बयान में विदेश मंत्रालय के
प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "इस
मुद्दे पर भारत का रुख़ एक ही है और संबंधित पक्ष इससे अच्छी तरह वाक़िफ़ हैं.
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा थे,
हैं और हमेशा रहेंगे. किसी दूसरे देश को इस पर
टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है."
भारतीय विदेश मंत्रालय ने
चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे यानी सीपेक परियोजना का विरोध करते हुए उसे 'ग़ैरक़ानूनी' और 'भारत की संप्रभुता और क्षेत्रीय
अखंडता का उल्लंघन' बताया है.
इसके अलावा विदेश मंत्रालय ने चीन और
पाकिस्तान के बीच 'सीमा पार जल संसाधन सहयोग' के मुद्दे पर भी टिप्पणी की है.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा,
"हमने चीन और पाकिस्तान के बीच
तथाकथित 'सीमा पार जल संसाधन सहयोग' के संदर्भ भी देखे हैं. चूंकि दोनों देशों के बीच
कोई साझा सीमा नहीं है, इसलिए इस तरह के तथाकथित 'सीमा पार जल संसाधन सहयोग' का सवाल ही नहीं उठता."
उन्होंने कहा, "भारत ने 1963 में पाकिस्तान और चीन के बीच हुए
तथाकथित सीमा समझौते को कभी मान्यता नहीं दी है."
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़
शरीफ़ चीन के दौरे पर थे. मंगलवार को दोनों देशों ने साझा बयान जारी किया, जिसमें जम्मू-कश्मीर का ज़िक्र था.
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की ओर
से जारी साझा बयान में कहा गया है, "पाकिस्तान
ने चीन को जम्मू-कश्मीर की ताज़ा स्थिति बताई, जिस पर चीन ने कहा कि यह विवाद पुराना है और इसे संयुक्त राष्ट्र
चार्टर, सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों और
द्विपक्षीय समझौतों के अनुसार शांतिपूर्ण तरीक़े से हल किया जाना चाहिए."
इसके अलावा दोनों देशों ने सीमा पार
पानी के संसाधनों पर सहयोग करने की इच्छा जताई.
आईपीएल 2026 का पहला क्वालिफ़ायर: गुजरात टाइटंस ने जीता टॉस, आरसीबी की पहली बल्लेबाज़ी
इमेज स्रोत, AFP via Getty Image
इमेज कैप्शन, इस मुक़ाबले को जीतने वाली टीम आईपीएल 2026 के फ़ाइनल में पहुंच जाएगी (फ़ाइल फ़ोटो)
इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल
2026 का पहला क्वालिफ़ायर मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और गुजरात टाइटंस
(जीटी) के बीच धर्मशाला में खेला जा रहा है.
गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल
ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी चुनी है.
इस मुक़ाबले को जीतने वाली टीम
आईपीएल 2026 के फ़ाइनल में पहुंच जाएगी, जबकि
हारने वाली टीम को एक और मौक़ा मिलेगा.
हारने वाली टीम एलिमिनेटर मैच जीतने
वाली टीम से 29 मई को दूसरे क्वालिफ़ायर मैच में भिड़ेगी.
एलिमिनेटर मुक़ाबला राजस्थान रॉयल्स
और सनराइज़र्स हैदराबाद के बीच 27 मई को खेला जाएगा.
इंजीनियर रशीद को दिल्ली हाई कोर्ट ने दी अंतरिम ज़मानत
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, इंजीनियर रशीद को 25 जून से 30 जून तक के लिए अंतरिम ज़मानत मिली है (फ़ाइल फ़ोटो)
दिल्ली हाई कोर्ट ने मंगलवार को जेल
में बंद बारामूला सांसद शेख़ अब्दुल रशीद उर्फ़ इंजीनियर रशीद को अंतरिम ज़मानत दी
है.
यह अंतरिम ज़मानत 25 जून से 30 जून
तक के लिए दी गई है, ताकि वह अपने पिता की मौत से
जुड़ीं धार्मिक रस्मों में शामिल हो सकें.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़,
जस्टिस प्रतिभा एम सिंह और जस्टिस मधु जैन की
बेंच ने रशीद को 2 जून को सरेंडर करने का निर्देश दिया है. इससे पहले रशीद को 18 मई को अपने
पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अंतरिम ज़मानत दी गई थी.
रशीद की ओर से पेश वरिष्ठ वकील ने
अदालत से अनुरोध किया कि टेरर फंडिंग मामले का सामना कर रहे सांसद की अंतरिम
ज़मानत बढ़ाई जाए, जिससे वह श्रीनगर में अपने पिता के
दफ़न के 40वें दिन होने वाली कुछ रस्मों में शामिल हो सकें.
हालांकि, अदालत ने रशीद को सरेंडर करने का निर्देश दिया.
चीन ने भारत में हुई क्वाड देशों की बैठक का किया विरोध
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, माओ निंग ने कहा कि चीन 'छोटे समूहों' का समर्थन नहीं करता (फ़ाइल फ़ोटो)
चीन ने नई दिल्ली में हुई क्वाड
देशों की बैठक का विरोध किया है. इस संबंध में चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता
माओ निंग ने मंगलवार को एक बयान दिया है.
माओ से क्वाड को लेकर एक सवाल किया
गया था, जिसके जवाब में उन्होंने कहा कि चीन ऐसे 'छोटे समूहों' का समर्थन नहीं करता.
चीन के सरकारी अख़बार ग्लोबल टाइम्स के मुताबिक़, माओ ने कहा, "हम हमेशा मानते रहे हैं कि देशों के बीच सहयोग से
क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा मिलना
चाहिए और उसका निशाना किसी तीसरे पक्ष को नहीं बनाया जाना चाहिए."
उन्होंने कहा, "हम ख़ास 'छोटे
समूहों' या गुटीय टकराव का समर्थन नहीं करते
और कोई भी सहयोग क्षेत्र के देशों के बीच आपसी भरोसे और सहयोग को कमज़ोर नहीं करना
चाहिए."
क्वाड देशों में भारत, अमेरिका, जापान और
ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं. मंगलवार को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में क्वाड देशों के
विदेश मंत्रियों ने बैठक की.
भारत की ओर से एस जयशंकर, अमेरिका की ओर से मार्को रुबियो, जापान से तोशीमित्सु मोतेगी और ऑस्ट्रेलिया की
तरफ़ से पेनी वोंग ने बैठक में हिस्सा लिया.
इस बैठक में इंडो-पैसिफ़िक क्षेत्र
से जुड़े कई मुद्दों पर सहमति की जानकारी दी गई.
भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर के
मुताबिक़, बैठक में इंडो-पैसिफ़िक क्षेत्र में
समुद्र की निगरानी और जानकारी साझा करने पर सहमति बनी है.
साथ ही उन्होंने बताया कि पोर्ट से
जुड़ी सुविधाओं पर एक एक्सपर्ट टीम बनाने पर विचार होगा. फ़िज़ी में एक नया पोर्ट
प्रोजेक्ट शुरू होगा और अंडर-सी केबल्स पर भी मिलकर काम होगा.
ईरान: ताज़ा अमेरिकी हमलों पर आईआरजीसी का बयान, एक ड्रोन इंटरसेप्ट करने का दावा
इमेज स्रोत, Islamic Revolutionary Guard Corps/Anadolu via Getty Images
इमेज कैप्शन, आईआरजीसी ने एक एमक्यू-9 ड्रोन मार गिराने की बात कही है (फ़ाइल फ़ोटो)
बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़,
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कोर
(आईआरजीसी) के जनसंपर्क विभाग ने कहा है कि वह अमेरिकी सेना की ओर से युद्धविराम
के किसी भी उल्लंघन के ख़िलाफ़ जवाबी कार्रवाई के अधिकार को 'वैध और
निर्णायक' मानता है.
आईआरजीसी की यह चेतावनी ऐसे समय में
आई है जब अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने कहा कि उसने सोमवार रात दक्षिणी ईरान
पर 'आत्मरक्षा में' हमले किए थे.
हालांकि, आईआरजीसी के बयान में अमेरिकी हमलों का सीधे तौर पर ज़िक्र नहीं किया गया. लेकिन कहा गया कि अमेरिकी
सेना ने 'फ़ारस की खाड़ी क्षेत्र में ईरानी हवाई क्षेत्र में प्रवेश
किया.'
बयान में कहा गया, "आईआरजीसी की रक्षा इकाइयों ने ईरान की क्षेत्रीय
अखंडता की रक्षा के लिए ख़ुफ़िया निगरानी के बाद एक एमक्यू-9 ड्रोन की पहचान की और
उसे मार गिराया."
आईआरजीसी ने यह भी कहा कि उसने
"एक आरक्यू-4 ड्रोन और एक एफ़-35 लड़ाकू विमान पर गोलीबारी की, जिससे वे भागने और क्षेत्रीय जल सीमा छोड़ने पर मजबूर हो गए."
हालांकि, आईआरजीसी ने इन हमलों के सटीक समय और स्थान का ज़िक्र नहीं किया है.
मध्य प्रदेश: पन्ना में निर्माणाधीन कुएँ की मिट्टी धंसने से पांच मज़दूरों की मौत, विष्णुकांत तिवारी, भोपाल से बीबीसी संवाददाता
इमेज स्रोत, Jansampark Office, Panna
इमेज कैप्शन, ग्रामीणों और परिजनों का आरोप है कि हादसे के कई घंटे बाद तक प्रशासन की ओर से राहत कार्य शुरू नहीं हुआ
मध्य प्रदेश के पन्ना ज़िले में एक
निर्माणाधीन कुएँ की मिट्टी धंसने से पांच मज़दूरों की मौत हो गई है. हादसा
मंगलवार को अजयगढ़ विकासखंड के बीहरपुरवा ग्राम पंचायत के नयापुरवा गांव में हुआ.
पन्ना ज़िला प्रशासन के जनसंपर्क
कार्यालय की ओर से जारी जानकारी में कहा गया है कि ग्राम पंचायत की ओर से कुएँ का
निर्माण कराया जा रहा था. प्रशासन के अनुसार, हादसे में दो लोग सुरक्षित बाहर निकल आए जबकि पांच लोगों की मौत हुई
है.
स्थानीय लोगों के मुताबिक़, खेत में पिछले क़रीब दस दिनों से कुएँ की खुदाई
का काम चल रहा था. ग्रामीणों का कहना है कि मंगलवार दोपहर मिट्टी अचानक भरभराकर ढह
गई और कई मज़दूर उसके नीचे दब गए.
ग्रामीणों और परिजनों का आरोप है कि
हादसे के कई घंटे बाद तक प्रशासनिक राहत कार्य शुरू नहीं हुआ और शुरुआती बचाव की
कोशिशें गांव वालों ने खुद कीं.
इमेज स्रोत, Jansampark Office, Panna
इमेज कैप्शन, मृतकों के परिजनों का आरोप है कि मज़दूरों को सामान्य मज़दूरी से अधिक पैसे देने का लालच देकर काम पर बुलाया गया था
अब तक की जानकारी के अनुसार गांव के ही चुन्नू यादव, राजकुमार यादव, आशीष यादव, चुनवाद पाल और एक अन्य मज़दूर की मौत हुई है.
मृतकों में एक के रिश्तेदार राकेश यादव ने बीबीसी से कहा, "पिछले साल भी यहां खुदाई हुई थी और पानी भरने की वजह से कुएँ की हालत सही नहीं थी. कोई मज़दूर वहां काम करने को तैयार नहीं था. काम पंचायत के ज़रिए ठेकेदार को दिया गया था. मेरे पिता भी उसी में दब गए."
ग्रामीणों के मुताबिक़, कुएँ के आसपास की मिट्टी पहले से ही कमज़ोर थी और उसके गिरने की आशंका बनी हुई थी.
मृतकों के परिजनों का आरोप है कि मज़दूरों को सामान्य मज़दूरी से अधिक पैसे देने का लालच देकर काम पर बुलाया गया था क्योंकि जगह को ख़तरनाक माना जा रहा था.
फ़िलहाल बचाव कार्य जारी है.
कार्टून: युद्धविराम में अल्पविराम
इमेज कैप्शन, अमेरिका के ईरान पर हालिया हमले पर आज का कार्टून.
पूर्व राज्यसभा सांसद देबाशीष सामंतराय बीजेडी छोड़ बीजेपी में शामिल हुए
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, देबाशीष सामंतराय ने सोमवार को ही बीजू जनता दल (बीजेडी) और अपनी राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफ़ा दिया था
ओड़िशा से पूर्व राज्यसभा सांसद देबाशीष सामंतराय आज यानी मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल हो गए.
उन्होंने सोमवार को ही बीजू जनता दल (बीजेडी) और अपनी राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफ़ा दिया था. इसके साथ ही राज्यसभा में बीजेडी सदस्यों की संख्या घटकर अब पांच हो गई.
बीजेपी में शामिल होने के बाद देबाशीष सामंतराय ने कहा, "मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देना चाहता हूं. उनके व्यक्तित्व से प्रेरित होकर मैं बीजेपी में शामिल हुआ हूं. ओड़िशा में भाजपा के लिए मुझे बहुत काम करना है, मैं पार्टी को मज़बूत करने की दिशा में प्रयास करूंगा."
इससे पहले पूर्व सीएम नवीन पटनायक को भेजे गए अपने इस्तीफ़े में सामंतराय ने लिखा था, "पिछले एक वर्ष से दल में मेरी लगातार अनदेखी हो रही है और मुझे लगता है कि पार्टी को अब मेरी कोई ज़रूरत नहीं रही."
गौरतलब है कि सामंतराय से पहले राज्यसभा सदस्य ममता महंत और सुजीत कुमार ने भी बीजेडी छोड़ दी थी. इसके बाद वो बीजेपी से राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे.
ब्रेकिंग न्यूज़, बेल्जियम में ट्रेन और स्कूल बस की टक्कर में चार लोगों की मौत
इमेज स्रोत, Belga/AFP
इमेज कैप्शन, मिनीबस में सात बच्चे और दो वयस्क सवार थे
बेल्जियम की मीडिया रिपोर्ट्स के
मुताबिक़, देश के बुगेनहाउट में एक ट्रेन और
स्कूल मिनीबस की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई है.
मरने वालों में 12 और 15 साल के दो बच्चे और दो वयस्क शामिल हैं.
देश की पब्लिक ब्रॉडकास्टर वीआरटी
की रिपोर्ट के अनुसार, हादसे के समय शहर के एक लेवल
क्रॉसिंग पर मिनीबस में सात बच्चे, एक सहायक
और ड्राइवर सवार थे.
बेल्जियम के शिक्षा मंत्री ज़ुहाल देमिर ने सोशल मीडिया पर लिखा, "यह बेहद
दुखद ख़बर है. मेरी संवेदनाएं सभी प्रभावित लोगों, उनके परिवारों और इस घटना से जुड़े हर व्यक्ति के साथ हैं."
फ़ेडरल पुलिस की प्रवक्ता आन बेरगर ने कहा कि यह घटना स्थानीय समय के मुताबिक़ सुबह आठ बजे के कुछ देर बाद हुई, जब लेवल क्रॉसिंग के बैरियर नीचे थे.
उन्होंने वीआरटी से कहा कि वह तुरंत मृतकों या घायलों के बारे में जानकारी नहीं दे सकतीं, क्योंकि मिनीबस में सवार लोगों के परिवारों को पहले सूचना दी जा रही थी. हालांकि उन्होंने कहा कि ट्रेन में सवार कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ.
अमेरिका के ताज़ा हमलों के बाद ईरान के सुप्रीम लीडर का आया बयान
इमेज स्रोत, ATTA KENARE / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, मार्च में सुप्रीम लीडर चुने जाने के बाद से ख़ामेनेई सार्वजनिक रूप से नज़र नहीं आए हैं
बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़,
ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई ने लिखित
संदेश जारी किया है. यह संदेश सरकारी टेलीविज़न पर भी प्रसारित किया गया.
ख़ामेनेई का यह संदेश ताज़ा अमेरिकी
हमलों के बाद आया है.
अमेरिकी सेना ने कहा है कि उसने
दक्षिणी ईरान में नए हमले किए हैं, जिनमें
ईरानी मिसाइल ठिकानों और उनके जहाज़ों को निशाना बनाया गया जो समुद्र में बारूदी
सुरंगें बिछाने की कोशिश कर रही थीं.
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने एक बयान
में कहा कि ये हमले आत्मरक्षा में किए गए और उनका मक़सद ईरानी बलों से सैनिकों को
होने वाले ख़तरे से बचाना था.
मार्च में सुप्रीम लीडर चुने जाने के
बाद से ख़ामेनेई सार्वजनिक रूप से नज़र नहीं आए हैं. अब तक उन्होंने लिखित बयान
ही जारी किए हैं.
बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़,
मोजतबा ख़ामेनेई ने लिखित संदेश में कहा है कि
खाड़ी क्षेत्र के देश अब अमेरिकी ठिकानों के लिए ढाल नहीं बनेंगे.
उन्होंने कहा, "यह निश्चित है कि समय का पहिया पीछे नहीं मुड़ेगा
और इस क्षेत्र के देश और ज़मीन अब अमेरिकी ठिकानों के लिए ढाल नहीं बनेंगी."
उन्होंने यह भी कहा, "अमेरिका दिन-प्रतिदिन अपनी पिछली स्थिति से दूर
होता जा रहा है."
अपने संदेश में ख़ामेनेई ने इसराइल
का भी ज़िक्र किया. उन्होंने कहा, "अस्थिर
ज़ायोनी शासन और इसराइल अपने दुर्भाग्यपूर्ण जीवन के अंतिम चरण में पहुँच रहे
हैं."
इस लिखित संदेश में ख़ामेनेई ने 10
साल पहले अपने पिता के बयानों को याद करते हुए कहा कि इसराइल "25 साल बाद का
इतिहास नहीं देख पाएगा."
नमस्कार!
अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
भारत और अमेरिका के बीच क्रिटिकल मिनरल्स को लेकर हुआ अहम समझौता
इमेज स्रोत, Julia Demaree Nikhinson / POOL / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, नई दिल्ली में क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान अमेरिका और भारत के बीच समझौता हुआ
भारत और अमेरिका ने मंगलवार को एक अहम समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसका मक़सद क्रिटिकल मिनरल्स की सप्लाई को सुनिश्चित करना है.
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, यह समझौता नई दिल्ली में क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान हुआ. विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की मौजूदगी में कहा, "यह समझौता बहुत सही समय पर हुआ और ज़रूरी है."
उन्होंने कहा, "यह समझौता खनिजों और रेयर अर्थ की पूरी सप्लाई चेन में हमारे सहयोग को गहरा करेगा. इसमें खनन, प्रोसेसिंग, रीसाइक्लिंग और निवेश शामिल हैं."
जयशंकर ने बताया कि यह समझौता मज़बूत और अलग-अलग सप्लाई चेन बनाने में मदद करेगा और प्रोजेक्ट्स को फ़ाइनेंस करने में मददगार होगा.
रुबियो ने अपने बयान में भारत-अमेरिका की रणनीतिक साझेदारी पर ज़ोर दिया और कहा कि यह दोनों देशों के राष्ट्रीय हितों के लिए अहम है.
उन्होंने कहा, "दोनों देश चाहते हैं कि लंबे समय तक क्रिटिकल मिनरल्स और सप्लाई चेन तक एक्सेस रहे, क्योंकि यह हमारी नई तकनीक और इनोवेशन वाली अर्थव्यवस्था के लिए बहुत ज़रूरी है."
रुबियो ने अमेरिका समर्थित 'पैक्स सिलिका' पहल का भी ज़िक्र किया. उन्होंने कहा, "इसकी नींव चार फ़रवरी को रखी गई थी जब आप (भारत) वॉशिंगटन डीसी में हमारे क्रिटिकल मिनरल्स फ़ोरम में शामिल हुए थे. इसके बाद भारत के पैक्स सिलिका से जुड़ने पर इसे और गति मिली."
पैक्स सिलिका पहल दिसंबर में शुरू की गई थी. इसका मक़सद क्रिटिकल मिनरल्स और आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस (एआई) के लिए सुरक्षित, मज़बूत और इनोवेशन-आधारित सप्लाई चेन बनाना है.
जिमख़ाना: केंद्र सरकार के आदेश पर दिल्ली हाई कोर्ट का रोक लगाने से इनकार
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, दिल्ली स्थित जिमख़ाना क्लब (फ़ाइल फ़ोटो)
दिल्ली हाई कोर्ट ने जिमख़ाना क्लब को ख़ाली कराने के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका पर केंद्र सरकार को नोटिस जारी किया है.
हालांकि, कोर्ट ने मंगलवार को हुई सुनवाई में केंद्र सरकार के उस आदेश पर रोक लगाने से इनकार कर दिया, जिसमें क्लब को 27.3 एकड़ ज़मीन ख़ाली करने को कहा गया है.
लाइव लॉ के मुताबिक़, सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कोर्ट से कहा, "क्लब से शांतिपूर्ण तरीक़े से जगह ख़ाली करने को कहा गया है और अगर बेदख़ली करनी पड़ी तो वह क़ानून के मुताबिक़ होगी और पहले से नोटिस दिया जाएगा."
बार एंड बेंच के मुताबिक़, जस्टिस अवनीश झिंगन ने कहा, "अभी तक रिकॉर्ड में ऐसा कुछ नहीं है, जिससे साबित हो कि क्लब के ख़िलाफ़ पब्लिक प्रिमाइसेज़ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है. अगर भविष्य में ऐसा होता है, तो याचिकाकर्ता क़ानून के मुताबिक़ अपने अधिकारों का इस्तेमाल कर सकते हैं."
हाई कोर्ट ने दो याचिकाओं पर सुनवाई की है. एक याचिका क्लब के पुराने सदस्य विजय खुराना ने दायर की थी और दूसरी दिल्ली जिमख़ाना स्टाफ़ वेलफ़ेयर एसोसिएशन की ओर से दायर हुई.
क्वाड की बैठक से क्या नतीजे निकले, विदेश मंत्री जयशंकर ने बताया
इमेज स्रोत, Julia Demaree Nikhinson / POOL / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, इस बैठक में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के विदेश मंत्री शामिल हुए
देश की राजधानी दिल्ली में चल रही क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक ख़त्म हो गई है. भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इस बैठक से निकले तीन नतीजों के बारे में बताया है.
एस जयशंकर ने एक्स पोस्ट में इस बैठक के तीन नतीजे बताए-
- इंडो-पैसिफ़िक में समुद्र की निगरानी और जानकारी साझा करने पर सहमति बनी. पोर्ट से जुड़ी सुविधाओं पर एक एक्सपर्ट टीम बनाने पर विचार होगा. फ़िज़ी में एक नया पोर्ट प्रोजेक्ट शुरू होगा और अंडर-सी केबल्स पर भी मिलकर काम होगा.
- क्वाड ने क्रिटिकल मिनरल्स (ज़रूरी खनिज) पर अपना फ़्रेमवर्क तय कर लिया है. भारत और अमेरिका ने भी इस पर अलग समझौता किया है. क्वाड इस काम में और देशों को भी साथ ले रहा है.
- इंडो-पैसिफ़िक में ऊर्जा सुरक्षा के लिए क्वाड ने नई पहल शुरू की है. इसमें तकनीक, प्रबंधन, नीतियां, अंतरराष्ट्रीय बाज़ार का विश्लेषण और इमरजेंसी रिस्पॉन्स एक्सरसाइज़ जैसी चीज़ें शामिल हैं.
गौरतलब है कि इस बैठक में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के विदेश मंत्री शामिल हुए. अमेरिका की ओर से मार्को रुबियो, जापान से तोशीमित्सु मोतेगी और ऑस्ट्रेलिया की तरफ़ से पेनी वोंग ने बैठक में हिस्सा लिया.