लाइव, यूएई के अबू धाबी में न्यूक्लियर पावर प्लांट पर ड्रोन हमला

संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अबू धाबी स्थित बराकाह न्यूक्लियर पावर प्लांट में ड्रोन हमला हुआ है. इसकी जानकारी अबू धाबी के सरकारी मीडिया ऑफ़िस ने दी है.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, सुमंत सिंह

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को विस्तार से पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. यूएई के अबू धाबी में न्यूक्लियर पावर प्लांट पर ड्रोन हमला

    अबू धाबी के ज़ायेद पोर्ट पर हमला

    इमेज स्रोत, Ryan Lim / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान युद्ध के दौरान यूएई समेत खाड़ी देशों के नागरिक ढांचों पर कई हमले हुए थे (एक मार्च 2026 को अबू धाबी के ज़ायेद पोर्ट पर हुए हमले की तस्वीर)

    संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अबू धाबी स्थित बराकाह न्यूक्लियर पावर प्लांट में ड्रोन हमला हुआ है. इसकी जानकारी अबू धाबी के सरकारी मीडिया ऑफ़िस ने दी है.

    हालांकि, यूएई ने अब तक यह नहीं बताया है कि यह हमला किस ओर से हुआ है.

    हमले के बाद पावर प्लांट में आग लग गई, जिस पर काबू पा लिया गया है. अधिकारियों के मुताबिक़, यह पावर प्लांट अल दफ़रा क्षेत्र में स्थित है.

    सरकारी मीडिया ऑफ़िस की ओर से जारी बयान में कहा गया, "अबू धाबी के अधिकारियों ने अल दफ़रा क्षेत्र स्थित बराकाह न्यूक्लियर पावर प्लांट की आंतरिक सीमा के बाहर एक विद्युत जनरेटर में लगी आग की घटना पर तुरंत कार्रवाई की."

    "यह आग ड्रोन हमले की वजह से लगी थी. इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है और रेडियोलॉजिकल सुरक्षा स्तर पर भी कोई असर नहीं पड़ा है. सभी एहतियाती क़दम उठाए गए हैं."

    बयान में यह भी बताया गया कि आग का असर पावर प्लांट की सुरक्षा या उसकी ज़रूरी प्रणालियों की तैयारियों पर नहीं पड़ा है और सभी यूनिट सामान्य रूप से काम कर रही हैं.

    बीबीसी न्यूज़ फ़ारसी के मुताबिक़, इस घटना पर अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने गहरी चिंता व्यक्त की है.

    आईएईए के महानिदेशक राफ़ेल ग्रॉसी ने यूएई के विदेश मंत्री शेख़ अब्दुल्ला बिन ज़ायेद से फ़ोन पर बातचीत की और इस हमले की कड़ी निंदा की है.

  3. गंगा में जूठा मांसाहारी खाना फेंकने से धार्मिक भावनाएं हो सकती हैं आहत- इलाहाबाद हाई कोर्ट

    इलाहाबाद हाई कोर्ट

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, 15 मई को इलाहाबाद हाई कोर्ट ने एक मामले में आठ अभियुक्तों को ज़मानत दे दी (फ़ाइल फ़ोटो)

    लीगल मामलों को रिपोर्ट करने वालीं वेबसाइट 'लाइव लॉ' और 'बार एंड बेंच' के मुताबिक़, इलाहाबाद हाई कोर्ट ने कहा है कि गंगा नदी में नॉन-वेजिटेरियन फ़ूड वेस्ट (जूठा मांसाहारी भोजन) फेंकने से हिन्दू समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं.

    हाई कोर्ट ने यह टिप्पणी उस मामले की सुनवाई के दौरान की, जिसमें वाराणसी में गंगा नदी में नाव पर आयोजित इफ़्तार पार्टी के दौरान मांसाहारी भोजन करने और उसका बचा हुआ कचरा नदी में फेंकने के आरोप हैं.

    हालांकि, 15 मई को कोर्ट ने इस मामले में 14 में से आठ अभियुक्तों को ज़मानत दे दी है. उसी दिन अदालत ने यह टिप्पणी भी की.

    लाइव लॉ के मुताबिक़, 15 मई को जारी किए गए अलग-अलग आदेशों में जस्टिस राजीव लोचन शुक्ला ने पांच अभियुक्तों को, जबकि जस्टिस जितेंद्र कुमार सिन्हा ने तीन अभियुक्तों को ज़मानत दी.

    लाइव लॉ के मुताबिक़, अपने 16 पन्नों के आदेश में जस्टिस शुक्ला ने कहा कि कथित कृत्य से हिन्दू समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं, लेकिन अभियुक्तों ने अपने शपथ पत्रों में "पछतावे" की बात कही है.

    बार एंड बेंच के मुताबिक़, अदालत ने कहा, "मौजूदा मामला मुस्लिम समुदाय के लोगों की रोज़ा इफ़्तार पार्टी से जुड़ा है. आरोप है कि इफ़्तार पार्टी के दौरान मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मांसाहारी भोजन किया और उसका बचा हुआ खाना गंगा नदी में फेंक दिया. अदालत की निष्पक्ष राय में यह तथ्य हिन्दू समुदाय की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला माना जा सकता है."

  4. पश्चिम बंगाल: कोलकाता में पुलिस पर पत्थरबाज़ी, अधिकारी ने क्या बताया

    कोलकाता के एडिशनल एसीपी अशेष बिस्वास

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पत्थरबाज़ी की घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं

    कोलकाता में पुलिस पर पत्थरबाज़ी की घटना सामने आई है. इसकी जानकारी कोलकाता के एडिशनल एसीपी अशेष बिस्वास ने दी है.

    समाचार एजेंसी एएनआई को उन्होंने बताया, "कुछ लोगों ने इकट्ठा होकर रास्ता रोकने की कोशिश की थी. ये लोग अवैध तरीक़े से इकट्ठा हुए थे. पुलिस जब उन्हें हटाने की कोशिश कर रही थी, पुलिस पर थोड़ी पत्थरबाज़ी हुई."

    इस घटना में तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं.

    एडिशनल एसीपी ने कहा, "हमारे तीन साथी घायल हुए हैं. पुलिस की तरफ़ से कार्रवाई की गई है और बाद में भी हम क़ानूनी कार्रवाई करेंगे. किसी को नहीं छोड़ेंगे."

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, यह घटना पश्चिम बंगाल के पार्क सर्कस की है. पत्थरबाज़ी की घटना के बाद इलाक़े में क़ानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस और केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है और पुलिस ने फ़्लैग मार्च निकाला.

    एजेंसी के मुताबिक़, कथित अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए चलाए जा रहे बुलडोज़र अभियान का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने पुलिसकर्मियों पर पथराव किया.

    इस घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हुए, जबकि सड़क किनारे खड़े वाहनों में तोड़फोड़ की गई. इनमें केंद्रीय बलों के वाहन भी शामिल थे.

  5. राहुल गांधी ने सीबीएसई के स्टूडेंट्स के लिए तीन भाषाओं की पढ़ाई अनिवार्य करने पर क्या कहा?

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि "14 साल के बच्चों को क्लास 6 की किताबें दी जा रही हैं" (फ़ाइल फ़ोटो)

    सेंट्रल बोर्ड ऑफ़ सेकेंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) ने नौवीं क्लास से तीन भाषाओं की पढ़ाई करना ज़रूरी कर दिया है. इस पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सरकार पर निशाना साधा है.

    राहुल गांधी ने नीट पेपर लीक और सीबीएसई के क्लास 12 में ओएसएम सिस्टम को लेकर भी सरकार को घेरा है.

    कांग्रेस नेता ने एक्स पर लिखा, "पहले नीट पेपर लीक, जिससे 22 लाख स्टूडेंट्स प्रभावित हुए. फिर सीबीएसई क्लास 12 के स्टूडेंट्स को ख़राब ओएसएम सिस्टम की वजह से उम्मीद से कम अंक मिले. इससे कई स्टूडेंट्स कॉलेज में दाख़िले की पात्रता खो बैठे. अब सीबीएसई की ओर से क्लास 9 के लाखों स्टूडेंट्स से 1 जुलाई से अचानक नई भाषा सीखने को कहा गया है, जबकि न शिक्षक हैं, न किताबें."

    उन्होंने आरोप लगाया कि "14 साल के बच्चों को 'अस्थायी' तौर पर क्लास 6 की किताबें दी जा रही हैं."

    राहुल गांधी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर आरोप लगाया कि उन्होंने देश के हर आयु वर्ग के स्टूडेंट्स को निराश किया है. उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्रालय 'आपदाओं का विभाग' बन गया है.

    सीबीएसई ने साल 2026-27 एकेडमिक सेशन से क्लास 9 में आने वाले स्टूडेंट्स को तीसरी भाषा (आर 3) की पढ़ाई अनिवार्य कर दी है. हालाँकि 10वीं बोर्ड एग्ज़ाम में तीसरी भाषा के पेपर से छूट दी गई है.

    15 मई को जारी एक सर्कुलर में बोर्ड ने कहा कि नेशनल एजुकेशन पॉलिसी 2020 और स्कूल एजुकेशन के लिए नेशनल करिकुलम फ़्रेमवर्क 2023 के मुताबिक, इन तीन भाषाओं में से कम से कम दो भाषाएँ भारतीय मूल की होनी चाहिए.

  6. केरल में वीडी सतीशन की कैबिनेट में शामिल होंगे ये नेता

    वीडी सतीशन

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, यूडीएफ़ ने केरल विधानसभा की 140 सीटों में से 102 सीटें जीती हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    केरल के नामित मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों के नाम का एलान किया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, सतीशन ने रविवार को कहा कि कांग्रेस नेता रमेश चेन्नीतला, के. मुरलीधरन और सनी जोसेफ़ केरल में यूडीएफ़ सरकार में मंत्री होंगे.

    उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तिरुवंचूर राधाकृष्णन केरल विधानसभा के स्पीकर होंगे. वहीं, शनिमोल उस्मान डिप्टी स्पीकर होंगी.

    हाल ही में हुए चुनाव में यूडीएफ़ ने केरल विधानसभा की 140 सीटों में से 102 सीटें जीती हैं. वहीं सत्ताधारी एलडीएफ़ के खाते में महज़ 35 सीटें आईं.

    एलडीएफ़ यानी लेफ़्ट डेमोक्रेटिक फ़्रंट कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ़ इंडिया (एम) के नेतृत्व वाला गठबंधन है, जबकि यूडीएफ़ यानी यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ़्रंट कांग्रेस के नेतृत्व वाला गठबंधन है.

  7. ब्रेकिंग न्यूज़, आईपीएल 2026 के प्लेऑफ़ में पहुंची आरसीबी, पंजाब को 23 रन से हराया

    विराट कोहली और राशिख़ सलाम

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, आरसीबी ने पंजाब किंग्स को 23 रन से हराया

    रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) आईपीएल 2026 में प्लेऑफ़ के लिए क्वालिफ़ाई करने वाली पहली टीम बन गई है.

    आरसीबी ने रविवार को धर्मशाला में हुए मुक़ाबले में पंजाब किंग्स को 23 रन से हरा दिया.

    इसी के साथ आरसीबी के 18 अंक हो गए हैं और वह प्लेऑफ़ में पहुंच गई है.

    पिछले साल आरसीबी आईपीएल चैंपियन बनी थी और पंजाब उप-विजेता रही थी.

  8. नीदरलैंड्स के बाद स्वीडन पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी क्या बोले

    नरेंद्र मोदी और उल्फ़ क्रिस्टरसोन

    इमेज स्रोत, X/@narendramodi

    इमेज कैप्शन, स्वीडिश प्रधानमंत्री उल्फ़ क्रिस्टरसोन ने एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का स्वागत किया

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीदरलैंड्स के बाद स्वीडन पहुंच गए हैं. उनका विमान स्वीडन के गॉथेनबर्ग में उतरा, जहां उनका स्वागत स्वीडिश प्रधानमंत्री उल्फ़ क्रिस्टरसोन ने किया.

    पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर उनके स्वागत के लिए स्वीडिश पीएम का आभार जताया. उन्होंने अपनी इस यात्रा के दौरान भारत और स्वीडन के बीच दोस्ती को और मज़बूत करने की बात कही.

    एक अन्य पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा, "मैं प्रधानमंत्री क्रिस्टरसोन से मुलाक़ात करूंगा, जिसका मक़सद व्यापार, निवेश, इनोवेशन, डिफ़ेंस और दूसरे क्षेत्रों में भारत-स्वीडन दोस्ती को आगे बढ़ाना है."

    उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री क्रिस्टरसोन और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेयर लेयेन के साथ मैं यूरोपियन बिज़नेस राउंड टेबल फ़ॉर इंडस्ट्री में यूरोप के कारोबारी नेताओं से भी मुलाक़ात करूंगा. इससे भारत और यूरोप के बीच निवेश संबंध और मज़बूत होंगे."

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, प्रधानमंत्री मोदी के विमान 'इंडिया वन' के स्वीडिश एयरस्पेस में दाखिल होने के बाद स्वीडिश एयर फ़ोर्स के लड़ाकू विमानों ने उसे एस्कॉर्ट किया.

    इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी नीदरलैंड्स की दो दिवसीय यात्रा पर थे. उन्होंने रविवार को अफ़्स्लुडाइक डैम का दौरा किया और जल संसाधन के क्षेत्र में नीदरलैंड्स के काम की तारीफ़ की.

    पीएम मोदी ने कहा कि नीदरलैंड्स ने जल संसाधन के क्षेत्र में बेहतरीन काम किया है और पूरी दुनिया उनके अनुभवों से बहुत कुछ सीख सकती है.

  9. रूस के मॉस्को क्षेत्र में हुए ड्रोन हमले में एक भारतीय की मौत, दूतावास ने क्या बताया

    रूस में यूक्रेनी हमला

    इमेज स्रोत, EPA/Shutterstock

    इमेज कैप्शन, रूसी अधिकारियों ने दावा किया है कि मॉस्को क्षेत्र में यूक्रेन की ओर से बड़े पैमाने पर ड्रोन हमले हुए हैं

    रूस में भारतीय दूतावास ने कहा है कि रविवार को मॉस्को क्षेत्र में हुए एक ड्रोन हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हुई है, जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं.

    दूतावास ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा, "आज मॉस्को क्षेत्र में हुए ड्रोन हमले में एक भारतीय कर्मी की मौत हो गई है, जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं. दूतावास के अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया और अस्पताल में भर्ती घायल कर्मियों से मुलाक़ात की."

    भारतीय दूतावास ने यह भी कहा कि अधिकारी ज़रूरी सहायता उपलब्ध कराने के लिए कंपनी प्रबंधन और स्थानीय अधिकारियों के साथ काम कर रहे हैं.

    इससे पहले रूसी अधिकारियों ने दावा किया कि मॉस्को क्षेत्र में यूक्रेन की ओर से बड़े पैमाने पर ड्रोन हमले हुए.

    रूसी अधिकारियों के मुताबिक़, इन हमलों में तीन लोगों की मौत हुई है.

    क्षेत्रीय गवर्नर आंद्रेई वोरोब्योव ने कहा कि राजधानी के उत्तर में स्थित ख़िमकी में एक घर में एक महिला की मौत हुई, जबकि पोगोरेलकी गांव में एक पुरुष और एक महिला की जान गई.

    वहीं, मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने कहा कि शहर की एक ऑयल रिफ़ाइनरी पर हुए हमलों में 12 लोग घायल हुए हैं.

    रूस की सेना ने दावा किया कि 556 ड्रोन्स को इंटरसेप्ट किया गया.

    वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा कि ये हमले यूक्रेन के शहरों पर रूस के घातक हमलों के जवाब में "पूरी तरह जायज़" थे.

    इस हफ़्ते की शुरुआत में रूस की तरफ़ से किए गए बड़े ड्रोन और मिसाइल हमले में कीएव में 24 लोगों की मौत हुई थी.

  10. अमेरिका से युद्ध के दौरान तेहरान में इतना हुआ नुक़सान, ईरानी संगठन ने बताया

    ईरान में हुए हमले में क्षतिग्रस्त इमारत

    इमेज स्रोत, NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, युद्ध के दौरान 12 हज़ार से ज़्यादा कार और बाइक भी नष्ट हुई हैं

    ईरान की राजधानी तेहरान में संकट प्रबंधन से जुड़े एक संगठन ने कहा है कि राजधानी में 51 हज़ार ऐसे घरों और इमारतों की पहचान की गई है, जिन्हें अमेरिका और इसराइल के साथ हुए युद्ध के दौरान नुक़सान पहुंचा है.

    बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, संगठन से जुड़े अली नासिरी ने कहा कि इनमें से 691 इकाइयों की मरम्मत करने की ज़रूरत है, जबकि 1791 इकाइयों को पूरी तरह से ध्वस्त करके फिर से बनाना होगा.

    उन्होंने कहा कि न्यायिक विशेषज्ञ नुक़सान का आकलन कर रहे हैं.

    अली नासिरी ने यह भी कहा कि युद्ध के दौरान 12 हज़ार से ज़्यादा कार और बाइक भी नष्ट हुई हैं.

  11. पीएम मोदी स्वीडन रवाना, नीदरलैंड्स में किन मुद्दों पर हुई चर्चा

    नरेंद्र मोदी और रोब येटेन

    इमेज स्रोत, X/@MEAIndia

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने कहा कि नीदरलैंड्स ने जल संसाधन के क्षेत्र में बेहतरीन काम किया है

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीदरलैंड्स से स्वीडन के लिए रवाना हो गए हैं. उनकी रवानगी के वक़्त नीदरलैंड्स के प्रधानमंत्री रोब येटेन मौजूद रहे.

    पीएम मोदी ने गर्मजोशी से स्वागत और एयरपोर्ट पर ख़ुद आकर विदाई देने के लिए रोब येटेन का आभार व्यक्त किया है.

    इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने नीदरलैंड्स के अफ़्स्लुडाइक डैम का दौरा किया.

    पीएम मोदी ने कहा कि नीदरलैंड्स ने जल संसाधन के क्षेत्र में बेहतरीन काम किया है और पूरी दुनिया उनके अनुभवों से बहुत कुछ सीख सकती है.

    उन्होंने नीदरलैंड्स के प्रधानमंत्री रोब येटेन का आभार जताते हुए एक्स पर लिखा, "आज मुझे अफ़्स्लुडाइक परियोजना का दौरा करने और इसकी अहम विशेषताओं को समझने का अवसर मिला. हम भारत में सिंचाई, बाढ़ नियंत्रण और जलमार्ग नेटवर्क के विस्तार में मदद के लिए आधुनिक तकनीक लाने पर काम कर रहे हैं."

    प्रधानमंत्री मोदी ने एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि उनकी यात्रा से भारत-नीदरलैंड्स के बीच संबंधों को नई गति मिली है.

    उन्होंने कहा, "रणनीतिक साझेदारी बढ़ाने से लेकर जल संसाधन, सेमीकंडक्टर, इनोवेशन, डिफ़ेंस, स्टेबिलिटी और मोबिलिटी जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने तक, हमने भविष्य के लिए एक महत्वाकांक्षी रोडमैप तैयार किया है."

    पीएम मोदी ने भरोसा जताया कि भारत और नीदरलैंड्स के बीच आने वाले सालों में दोस्ती और मज़बूत होगी.

  12. ईरानी संसद के स्पीकर बग़र ग़ालिबाफ़ को अब मिली ये अहम ज़िम्मेदारी

    बग़र ग़ालिबाफ़

    इमेज स्रोत, Morteza Nikoubazl/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ग़ालिबाफ़ की नियुक्ति ईरानी राष्ट्रपति के प्रस्ताव और सुप्रीम लीडर की सहमति के बाद हुई है (फ़ाइल फ़ोटो)

    बीबीसी न्यूज़ फ़ारसी के मुताबिक़, ईरान की तसनीम न्यूज़ एजेंसी का कहना है कि ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बग़र ग़ालिबाफ़ को "चीन मामलों का विशेष प्रतिनिधि" बनाया गया है.

    एजेंसी के मुताबिक़, ये नियुक्ति राष्ट्रपति के प्रस्ताव और सुप्रीम लीडर की सहमति के बाद हुई है.

    इससे पहले ग़ालिबाफ़ ने पाकिस्तान की मध्यस्थता में अमेरिका और ईरान के बीच हुई बातचीत में ईरानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया था.

    तसनीम न्यूज़ एजेंसी ईरान के सैन्य और सुरक्षा संस्थानों की क़रीबी मानी जाती है.

    एजेंसी ने लिखा है कि ग़ालिबाफ़ "चीन के संबंध में ईरान के विभिन्न क्षेत्रों के कोऑर्डिनेटर" होंगे और चीन मामलों को लेकर उनके पास पिछले प्रतिनिधियों से "अलग" अधिकार होंगे.

    रिपोर्ट के मुताबिक़, इससे पहले ईरान के सर्वोच्च नेता के विशेष प्रतिनिधि के रूप में अली लारिजानी और चीन मामलों में राष्ट्रपति के प्रतिनिधि के रूप में अब्दुलरज़ा रहमानी फ़ज़ली काम कर चुके हैं.

    ईरान पर अमेरिका और इसराइल के हमलों में 17 मार्च को राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव अली लारिजानी की मौत हो गई थी.

    चीन ईरान का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है और दोनों देशों ने 25 साल की साझा सहयोग योजना पर हस्ताक्षर किए हैं.

    पिछले साल, ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने अब्दुलरज़ा रहमानी फ़ज़ली को बीजिंग में ईरान के राजदूत, राष्ट्रपति के विशेष प्रतिनिधि और इस्लामी गणराज्य के पूर्णाधिकार प्राप्त प्रतिनिधि के रूप में नियुक्त किया था.

  13. दिल्ली मेट्रो ने इस दिन अधिक ट्रेन चलाने का किया एलान, क्या है वजह

    दिल्ली मेट्रो

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, डीएमआरसी ने अतिरिक्त ट्रेनें चलाने की घोषणा की है (फ़ाइल फ़ोटो)

    दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने घोषणा की है कि वह 18 मई 2026 से हर सोमवार छह अतिरिक्त ट्रेनों के ज़रिए 24 अतिरिक्त फेरे शुरू करेगा.

    डीएमआरसी ने यह भी कहा है कि ज़रूरत पड़ने पर यह व्यवस्था अन्य दिनों में भी लागू होगी.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, इस व्यवस्था के तहत अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती, टिकट सुविधाओं का विस्तार और लास्ट-माइल कनेक्टिविटी सेवाओं को मज़बूत करने की योजना है.

    एजेंसी का यह भी कहना है कि डीएमआरसी ने दिल्ली-एनसीआर में लोगों को निजी वाहनों की जगह पब्लिक ट्रांसपोर्ट के इस्तेमाल के लिए प्रोत्साहित करने के मक़सद से इन उपायों का एलान किया है.

  14. नीट पेपर लीक मामला: अभियुक्त मनीषा मंधारे को 14 दिन की सीबीआई हिरासत में भेजा गया

    मनीषा मंधारे

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, अभियुक्त मनीषा मंधारे पुणे के एक नामी कॉलेज में बॉटनी की सीनियर प्रोफ़ेसर हैं

    नीट पेपर लीक मामले की एक और अभियुक्त को सीबीआई की हिरासत में भेज दिया गया है. दिल्ली की राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने अभियुक्त मनीषा मंधारे की सीबीआई को 14 दिन की हिरासत दे दी है.

    बीबीसी मराठी के मुताबिक़, मनीषा मंधारे को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने एक्सपर्ट के तौर पर नियुक्त किया था.

    यह सामने आया है कि उनका बॉटनी और ज़ूलॉजी विषयों के प्रश्नपत्रों तक एक्सेस था.

    मनीषा मंधारे पुणे के एक नामी कॉलेज में बॉटनी की सीनियर प्रोफ़ेसर हैं. उनका नाम इस मामले में आने के बाद सीबीआई ने पूरी जांच की और फिर दिल्ली में उन्हें गिरफ़्तार किया.

    गौरतलब है कि अब तक इस मामले में कुल 9 अभियुक्तों को दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे और अहिल्यानगर से गिरफ़्तार किया गया है.

    इनमें से 5 अभियुक्तों को पहले ही कोर्ट में पेश कर 7 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है.

  15. अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ाआप तक इस लाइव पेज के ज़रिये ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  16. राहुल गांधी ने नीट पेपर लीक मामले पर अब क्या कहा?

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, Anindito Mukherjee/Bloomberg via Getty Images

    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर सरकार की आलोचना की (फ़ाइल फ़ोटो)

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने नीट पेपर लीक मामले में एक बार फिर सरकार की आलोचना की है.

    राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, "नीट 2024 का पेपर लीक हुआ. परीक्षा रद्द नहीं हुई. मंत्री ने इस्तीफ़ा नहीं दिया. सीबीआई ने जांच बिठाई. एक कमेटी बनी."

    उन्होंने आगे लिखा, "नीट 2026 का पेपर लीक हुआ. परीक्षा रद्द हुई. मंत्री ने फिर इस्तीफ़ा नहीं दिया. सीबीआई फिर जांच कर रही है. एक और कमेटी बनेगी."

    राहुल गांधी ने लिखा, "मोदी जी, देश आपसे कुछ सवाल पूछ रहा है- जवाब दो! बार-बार पेपर लीक क्यों हो रहे हैं? बार-बार इस 'परीक्षा पे चर्चा' पर आप चुप क्यों हैं? बार-बार फ़ेल हो रहे शिक्षा मंत्री को आप बर्ख़ास्त क्यों नहीं कर रहे हैं?"

    नीट 2026 की परीक्षा 3 मई को हुई थी, लेकिन पेपर लीक और धांधली के आरोपों के बाद 12 मई को यह परीक्षा रद्द कर दी गई थी.

  17. तमिलनाडु के सीएम विजय पर बोले रजनीकांत- दो साल तक उन्हें परेशान नहीं करना चाहिए

    रजनीकांत

    इमेज स्रोत, SUJIT JAISWAL/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, अभिनेता रजनीकांत ने कहा कि लोगों की विजय से बहुत उम्मीदें हैं

    अभिनेता रजनीकांत ने जोसेफ़ विजय को तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी. उन्होंने कहा कि विजय ने काफ़ी कम उम्र में एनटीआर से भी ज़्यादा हासिल किया है.

    रजनीकांत ने रविवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस करते हुए कहा, "जब अचानक मीडिया ने मुझसे विजय के बारे में पूछा तो मैं हैरान रह गया. मैं उनके लिए खुश हूं, मुझे जलन नहीं है."

    उन्होंने कहा, "लोगों को विजय से बहुत उम्मीदें हैं, आशा है कि वह उन्हें पूरा करेंगे. लेकिन पहले 2 साल हमें उन्हें परेशान नहीं करना चाहिए, उनके फ़ैन्स को ध्यान रखना चाहिए कि उनके सम्मान को नुकसान न पहुंचे."

    रजनीकांत ने आगे कहा, "सिनेमा और सोशल मीडिया ने 60 साल की द्रविड़ राजनीति से बदलाव लाने में बहुत मदद की है."

    गौरतलब है कि तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) अध्यक्ष सी जोसेफ़ विजय ने 10 मई को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी.

  18. इस देश में फैला इबोला वायरस, विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा- 'पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी'

    इबोला वायरस

    इमेज स्रोत, BADRU KATUMBA/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, इबोला बुंडीबुग्यो वायरस से हुआ है, जिसके लिए दवा या टीका नहीं है (फ़ाइल फ़ोटो)

    डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ़ कांगो के पूर्वी इतूरी प्रांत में इबोला फैलने से कई मौतें हो गई हैं. विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी घोषित किया है.

    डब्ल्यूएचओ ने कहा कि इससे लगभग 246 संदिग्ध मामले और 80 मौतें दर्ज हुई हैं, लेकिन यह 'वैश्विक महामारी आपातकाल' की कैटेगरी में नहीं आती.

    डब्ल्यूएचओ के डायरेक्टर जनरल ने चेतावनी दी, "अभी संक्रमित लोगों की सही संख्या और इस बीमारी के फैलने को लेकर काफी अनिश्चितता है."

    डब्ल्यूएचओ ने बताया कि इस बार का इबोला बुंडीबुग्यो वायरस से हुआ है, जिसके लिए दवा या टीका नहीं है.

    वैश्विक स्वास्थ्य एजेंसी ने बताया कि वायरस कांगो से बाहर भी फैल चुका है और पड़ोसी युगांडा में दो मामले मिले हैं. युगांडा अधिकारियों ने कहा कि 59 साल के एक व्यक्ति की गुरुवार को मौत हुई और उसकी रिपोर्ट पॉज़िटिव आई थी.

    इस वायरस से कांगो के पड़ोसी देशों को ज़्यादा ख़तरा माना जा रहा है क्योंकि यहां लोगों की आवाजाही, व्यापार और यात्रा ज़्यादा होती है.

  19. अमेरिका वापस लौटा दुनिया का सबसे बड़ा एयरक्राफ़्ट कैरियर यूएसएस जेराल्ड आर फ़ोर्ड

    एयरक्राफ़्ट कैरियर

    इमेज स्रोत, Mike Kropf/Getty Images

    इमेज कैप्शन, एयरक्राफ़्ट कैरियर ने मिशन के दौरान कैरेबियन क्षेत्र में अमेरिकी ऑपरेशनों में हिस्सा लिया

    अमेरिका के रक्षा विभाग ने बताया है कि उनका एयरक्राफ़्ट कैरियर 'यूएसएस जेराल्ड आर फ़ोर्ड' शनिवार को अमेरिका लौट आया है.

    इसे ईरान के साथ युद्ध शुरू होने से पहले मध्य पूर्व भेजा गया था, लेकिन यह शनिवार को 326 दिन के मिशन के बाद लौट आया.

    यह वियतनाम युद्ध के बाद से किसी अमेरिकी एयरक्राफ़्ट कैरियर बैटल ग्रुप का सबसे लंबा मिशन था.

    अमेरिकी सेना के मुताबिक़, इस एयरक्राफ़्ट कैरियर ने अपने मिशन के दौरान कैरेबियन क्षेत्र में अमेरिकी ऑपरेशनों में हिस्सा लिया.

    वहां अमेरिकी बलों ने नशे की तस्करी करने वाली संदिग्ध नावों पर हमला किया, प्रतिबंधित टैंकर ज़ब्त किए और वेनेज़ुएला के नेता निकोलस मादुरो को हिरासत में लिया.

    इसके बाद जहाज़ को मध्य पूर्व भेजा गया, जहां उसने ईरान के ख़िलाफ़ लड़ाई में हिस्सा लिया.

    बीते मार्च में इस कैरियर पर दो मार्च को आग लगने की घटना हुई थी, जिसमें कई नाविक घायल हुए थे. बाद में इसे मरम्मत के लिए लाल सागर से क्रेटे भेजा गया था.

  20. सोने के बाद अब चांदी पर सरकार ने लिया ये फ़ैसला, क्या होगा असर

    चांदी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, चांदी के आयात को ‘रिस्ट्रिक्टेड’ कैटेगरी में डाल दिया गया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    केंद्र सरकार ने शनिवार को चांदी के आयात को सीमित करने के लिए नया फ़ैसला लिया है.

    पहले इसका आयात करना आसान था, लेकिन अब इसे ‘रिस्ट्रिक्टेड’ कैटेगरी में डाल दिया गया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने सरकारी नोटिफ़िकेशन के हवाले से बताया, शुद्ध चांदी के अलावा सोने या प्लेटिनम की परत चढ़ी चांदी को विदेश से मंगवाने के लिए भी सरकार से अनुमति लेनी ज़रूरी है.

    इसका मतलब है कि अब आयात के लिए सरकार से लाइसेंस लेना होगा.

    इससे पहले 13 मई को ही सरकार ने सोना और चांदी पर इंपोर्ट ड्यूटी 6% से बढ़ाकर 15% कर दिया था.

    गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विदेशी मुद्रा बचाने और ऊर्जा संकट से निपटने के लिए एक साल तक सोना न ख़रीदने, पेट्रोल-डीज़ल की खपत कम करने और विदेश यात्राओं से बचने की अपील की थी.