पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक के भारत दौरे का कांग्रेस ने क्यों किया विरोध

इमेज स्रोत, ANI
- Author, शकील अख़्तर
- पदनाम, बीबीसी उर्दू, दिल्ली
- प्रकाशित
- पढ़ने का समय: 4 मिनट
पाकिस्तान सरकार के एक मंत्री तीन साल बाद भारत के दौरे पर आए हैं, लेकिन उनका यह दौरा विवादों से अछूता नहीं है.
पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मलिक शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के पहले 'डायलॉग ऑफ़ सिविलाइजेशंस' में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली में हैं.
हालांकि, भारत की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस मुसादिक मलिक के भारत दौरे से खुश नहीं है.
मुसादिक मलिक बैठक में हिस्सा लेने के लिए शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंच गए हैं. साल 2023 के बाद भारत आने वाले वह पाकिस्तान के पहले केंद्रीय मंत्री हैं.
इससे पहले 2023 में पाकिस्तान के तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो एससीओ के विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने भारत आए थे.
विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने मुसादिक मलिक के दौरे को लेकर मोदी सरकार पर पाकिस्तान के प्रति नरम रुख़ अपनाने का आरोप लगाया है.
वहीं भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "यह एससीओ के तहत एक बहुपक्षीय मंच है, जिसमें सभी सदस्य देशों, पर्यवेक्षक देशों और संवाद साझेदारों को आमंत्रित किया गया है."
यह सम्मेलन 20 नवंबर को शुरू हुआ और 22 नवंबर तक चलेगा.
कांग्रेस ने क्या कहा

इमेज स्रोत, X/@ClimateChangePK
सम्मेलन से पहले कांग्रेस ने एक बयान जारी कर कहा, "पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक मोदी सरकार के न्योते पर भारत आए हैं."
"मुसादिक लगातार भारत को धमकियां देते रहे हैं. कभी हाथ काटने की धमकी देते हैं, तो कभी खून बहाने की. एक तरफ़ पाकिस्तान हमारे देश में आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है और भारतीय नागरिकों की हत्या कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ़ मोदी सरकार भारत से नफ़रत करने वाले पाकिस्तानी मंत्री की मेहमाननवाज़ी में जुटी है. उनके लिए बिरयानी और कबाब परोसने की तैयारी की जा रही है."
"जब तक पाकिस्तान आतंकवाद को पूरी तरह ख़त्म नहीं करता, तब तक उससे कोई बातचीत नहीं होनी चाहिए. यह देश और उसके नागरिकों के साथ धोखा है."
भारत ने अपनी ज़मीन पर हुई चरमपंथी घटनाओं में पाकिस्तान की भूमिका होने के आरोप कई बार लगाए हैं. पाकिस्तान इन आरोपों से इनकार करता है.
पाकिस्तान भी भारत पर अपने देश में विद्रोह भड़काने का आरोप लगाता है, ख़ासकर बलूचिस्तान में. भारत भी इस आरोप से इनकार करता है.
'कांग्रेस वही कर रही है जो बीजेपी करती थी'

इमेज स्रोत, NurPhoto via Getty Images
आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ
और जानें
समाप्त
कांग्रेस की वरिष्ठ प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, "सवाल यह है कि पाकिस्तान पर आतंकवाद को समर्थन देने के आरोप हैं, फिर भी मोदी सरकार उसके प्रतिनिधियों का स्वागत कर रही है. आपका काम भारत-विरोधी पाकिस्तान के बिना क्यों नहीं हो सकता?"
इस पर टिप्पणी करते हुए विश्लेषक इंद्राणी बागची कहती हैं, "कांग्रेस वही कर रही है, जो कभी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) उसके साथ किया करती थी. इससे किसी भी राजनीतिक पार्टी को फ़ायदा नहीं होने वाला."
"कुछ ही दिनों में राज्यों में चुनाव होने वाले हैं. ऐसे में इस तरह के बयान तेज़ होंगे. यह हमारी राजनीति का एक पहलू है."
18 नवंबर को शिकागो यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम के दौरान पाकिस्तान के एक छात्र के सवाल के जवाब में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी कहा था, "पाकिस्तान भारत में आतंकवाद का समर्थन करता है."
राहुल गांधी ने कहा था कि इन आरोपों के रहते दोनों देशों के बीच बातचीत शुरू करना मुमकिन नहीं है.
इंद्राणी बागची के मुताबिक़, पाकिस्तान के मुद्दे पर कांग्रेस और बीजेपी के रुख़ काफ़ी हद तक एक जैसे हो गए हैं. दोनों पार्टियां आतंकवाद के ख़ात्मे को बातचीत की बुनियादी शर्त मानती हैं.
हालांकि, उनका कहना है कि इसका यह मतलब नहीं है कि दोनों देशों के प्रतिनिधि बहुपक्षीय मंचों पर एक-दूसरे से बातचीत नहीं करते.
वह कहती हैं कि एससीओ जैसे अंतरराष्ट्रीय संगठनों की बैठकों में संपर्क सामान्य बात है, लेकिन भारतीय घरेलू राजनीति में पाकिस्तान का मुद्दा हमेशा प्रमुख बना रहता है.
"कबाब-बिरयानी वाला मुहावरा पहले बीजेपी इस्तेमाल करती थी, अब कांग्रेस बीजेपी के लिए इसका इस्तेमाल कर रही है. जब भी पाकिस्तान का नाम आता है, राजनीतिक पार्टियां उसे अपने फ़ायदे के लिए इस्तेमाल करने की कोशिश करती हैं."
सिविलाइजेशनल डायलॉग क्या है?

इमेज स्रोत, ANI
'डायलॉग ऑफ सिविलाइजेशंस' यानी सभ्यताओं के बीच संवाद की अवधारणा भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेश की थी.
इसका मक़सद अलग-अलग सभ्यताओं के बीच टकराव के बजाय बातचीत, समझ और आपसी सद्भाव को बढ़ावा देना है.
सम्मेलन के उद्घाटन समारोह के लिए दिल्ली के ऐतिहासिक पुराने क़िले को चुना गया. मुग़ल बादशाह शाहजहां के बनवाए इस क़िले को ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विविधता का प्रतीक माना जाता है, क्योंकि यहां अलग-अलग दौर के अवशेष मिले हैं.
भारत के केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने इस मौक़े पर कहा कि सांस्कृतिक मुद्दों पर दोनों देशों के बीच असहमति की गुंजाइश बहुत कम है.
"पाकिस्तान की संस्कृति और सभ्यता का विकास हमसे अलग नहीं है. हमें अलग हुए अभी 100 साल भी नहीं हुए हैं. वे भी हमारे साथ ही विकसित हुए हैं."
सम्मेलन से इतर पत्रकारों से बात करते हुए पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक ने कहा, "सभ्यताओं और संस्कृतियों पर बहुपक्षीय संवाद का यह एक शानदार मौक़ा है."
"संस्कृतियां और सभ्यताएं सीमाओं से परे होती हैं. इसलिए यह स्वागत योग्य है कि हम यहां अपने इतिहास, भूगोल, संस्कृतियों और सभ्यताओं पर चर्चा कर रहे हैं."
जब उनसे पूछा गया कि क्या इस तरह के संपर्क से पाकिस्तान और भारत के रिश्तों में सुधार की उम्मीद है, तो उन्होंने कहा, "मुझे यक़ीन है कि हमारे सभी रिश्तों में सुधार होगा. आप जानते हैं कि यह क्षेत्र इस समय बदलाव के दौर से गुज़र रहा है और भू-राजनीति की बुनियादी विशेषताएं बहुत तेज़ी से बदल रही हैं."
"मुझे उम्मीद है कि हम चीज़ों को व्यापक नज़रिए से देखेंगे और भू-राजनीति, ग़रीबी और अन्य सभी मुद्दों पर चर्चा के ज़रिए क्षेत्र के साझा एजेंडे को आगे बढ़ाएंगे."
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.




























