मध्य प्रदेश: डकैती का ब्योरा देती पत्नी का वीडियो वायरल, बाद में पति की हत्या के आरोप में गिरफ़्तार

इमेज स्रोत, ANI
- Author, समीर ख़ान
- पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए, इंदौर से
- पढ़ने का समय: 5 मिनट
मध्य प्रदेश के धार ज़िले में सात अप्रैल को एक मिर्च कारोबारी देवकरण पुरोहित की हत्या के आरोप में उनकी पत्नी प्रियंका पुरोहित को गिरफ़्तार किया गया है.
धार के पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने दावा किया है कि अभियुक्त प्रियंका पुरोहित ने अपने कथित प्रेमी कमलेश पुरोहित के साथ मिलकर ये साज़िश रची.
वहीं अभियुक्त प्रियंका का घटना के बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वह बेसुध हालत में एक घटना का ब्योरा पेश कर रही हैं.
प्रियंका ने मीडिया के सामने दिए अपने बयान में कहा था कि हमलावर कमरे के भीतर घुस गए थे और गहने-ज़ेवर लूटने के साथ ही उनके पति पर हमला कर फ़रार हो गए.
बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
ये मामला धार के राजोदा थाने के तहत आने वाले गांव गोंदी खेड़ा का है.
धार के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह घटना दंपति के घर पर ही हुई थी. उनका दावा है कि पुलिस ने इस मामले की गुत्थी छह घंटे के भीतर ही सुलझा दी.
क्या है पूरा मामला?

इमेज स्रोत, Samir Khan
पुलिस को सात अप्रैल को सूचना मिली थी कि मिर्च के कारोबारी देवकरण पुरोहित और उनकी पत्नी प्रियंका पुरोहित पर उनके ही कमरे में कुछ लुटेरों ने हमला कर दिया. देवकरण पुरोहित की मां दूसरे कमरे में सो रही थीं.
देवकरण पुरोहित की पत्नी प्रियंका ने पुलिस को बताया था कि उनके सोते हुए पति पर धारदार हथियार से हमला किया गया और उन्हें बंधक बनाकर उनके साथ भी मारपीट की गई और मुंह में कपड़ा डाल दिया ताकि उनकी चीख़ बाहर न जा सके.
उनका कहना था कि हमलावर उनके क़ीमती गहने लूट कर चले गए. इसके बाद उन्होंने किसी तरह पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी और फिर देखा कि उनके पति घायल पड़े हुए थे. अस्पताल ले जाने के दौरान ही उनकी मौत हो गई.
पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने कहा, "इस मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल से साक्ष्य जमा किए गए और जांच में पता चला कि यह घटना लूट और डकैती की न होकर, एक आपराधिक षड्यंत्र की थी. इस हत्या में मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी कमलेश पुरोहित के साथ मिलकर एक व्यक्ति को एक लाख रुपये की सुपारी दी थी और यह सब सुनियोजित था और जानबूझकर घर का दरवाज़ा खुला रखा गया था."
अधीक्षक ने बताया कि इस मामले का मुख्य अभियुक्त सुरेंद्र प्रताप सिंह फ़रार चल रहा है. वहीं मृतक की पत्नी और कमलेश पुरोहित को पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया है. पुलिस ने दावा किया है कि मृतक की पत्नी ने पूछताछ के दौरान अपना अपराध कबूल कर लिया है.
मृतक की पत्नी ने क्या कहा, मां ने क्या बताया..
इस घटना के बाद प्रियंका ने मीडिया को अपने घर पर दिए बयान में दावा किया था कि हमलावरों ने उनका मुंह दबा दिया था और धमकाया था कि वह सारे गहने-पैसे दे दें और अगर वह ऐसा नहीं करेंगी तो उन्हें जान से मार देंगे.
उन्होंने कहा, "मैंने कहा कि सब ले लो लेकिन हमें छोड़ दो. इसके बाद फिर मेरे हाथ-पैर बांध दिए और मुझे मारा. मैंने सारा सामान निकाल कर दे दिया. उन्होंने कहा कि चिल्लाओगी तो तुम्हारे पति को मार देंगे."

इमेज स्रोत, Samir Khan
उनसे जब ये पूछा गया था कि कितने हमलावर थे तो उनका कहना था कि उन्हें दो दिखे और बाक़ी इधर-उधर भी लोग थे.
पति पर हमले के सवाल पर उन्होंने कहा, "मुझे बंद कर दिया था तो इन्हें कब मारा, ये मुझे नहीं पता."
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दंपति का पारंपरिक रीति रिवाज़ से विवाह साल 2015 के क़रीब हुआ था. उस समय अभियुक्त प्रियंका नाबालिग थीं और बाद में उनका गौना हुआ था.
2021 से ये दोनों साथ रहे लेकिन फिर कुछ विवाद के बाद महिला अपने परिजनों के साथ रहने लगी थी. पिछले एक सप्ताह से ही दोनों वापस साथ में रह रहे थे.
मृतक की मां खेची बाई ने कहा कि घटना वाली रात दो-ढाई बजे एक पड़ोसी का फ़ोन आया कि भाभी (मृतक की पत्नी) क्यों चिल्ला रही हैं, तब हमें इस घटना का पता चला.
वह कहती हैं, "हम आए अपने कमरे से तो बेटा पलंग पर पड़ा था और मैं पीछे गई तो देखा कि बहू का मुंह बंधा हुआ था और वह कुछ कह रही थी. मैंने बेटे को उठाना चाहा तो देखा कि पलंग पर ख़ून ही ख़ून था."
खेंची बाई ने हत्या का आरोप अपनी बहू पर लगाते हुए कहा कि उसे कड़ी से कड़ी सज़ा मिलनी चाहिए.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.



































