लाइव, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मिलने के बाद ट्रंप ने ताइवान को लेकर क्या कहा?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ताइवान को चेताया है कि वो चीन से अलग होकर औपचारिक रूप से आज़ादी का एलान न करे.

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा

  1. चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मिलने के बाद ट्रंप ने ताइवान को लेकर क्या कहा?, इयान ऐकमैन

    ट्रंप और जिनपिंग

    इमेज स्रोत, Brendan Smialowski - Pool/Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने पत्रकारों से कहा कि उन्होंने और राष्ट्रपति जिनपिंग ने ताइवान पर काफ़ी बात की

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ताइवान को चेताया है कि वो चीन से अलग होकर औपचारिक रूप से आज़ादी का एलान न करे.

    चीन की राजधानी बीजिंग में राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ बैठक के बाद ट्रंप ने शुक्रवार को फ़ॉक्स न्यूज़ से कहा, "मैं नहीं चाहता कि कोई अलग होकर आज़ादी ले."

    वॉशिंगटन लौटते समय विमान में ट्रंप ने पत्रकारों से कहा कि उन्होंने और राष्ट्रपति जिनपिंग ने ताइवान पर काफ़ी बात की.

    उन्होंने कहा, "देखो, हमें 9,500 मील (15,289 किलोमीटर) दूर जाकर लड़ाई करनी है. मैं ऐसा नहीं चाहता. मैं चाहता हूं कि वो (ताइवान) शांत रहे. मैं चाहता हूं कि चीन शांत रहे."

    जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या उन्हें ताइवान को लेकर चीन से टकराव दिखता है, तो उन्होंने कहा, "नहीं, मुझे ऐसा नहीं लगता. मुझे लगता है सब ठीक रहेगा. जिनपिंग युद्ध नहीं देखना चाहते."

    दूसरी ओर चीनी सरकारी मीडिया के मुताबिक़, बातचीत के दौरान शी जिनपिंग ने चेतावनी दी, "ताइवान का मुद्दा चीन-अमेरिका रिश्तों में सबसे अहम है. अगर इसे ग़लत तरीके से संभाला गया तो दोनों देशों में टकराव या संघर्ष हो सकता है."

    हालांकि, ताइवान के राष्ट्रपति विलियम लाई पहले ही कह चुके हैं कि ताइवान को औपचारिक आज़ादी घोषित करने की ज़रूरत नहीं है, क्योंकि वह ख़ुद को पहले से ही एक स्वतंत्र देश मानता है.

  2. पीएम मोदी ने ख़ुद ही एक 'ख़बर' को बताया झूठ

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, Prakash Singh/Bloomberg via Getty Images

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने एक्स पोस्ट कर विदेश यात्राओं पर टैक्स/सैस/सरचार्ज लगाने की ख़बरों को ग़लत बताया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विदेश यात्रा पर भारत सरकार के टैक्स‑सैस लगाने की ख़बरों को ग़लत बताया है.

    पीएम मोदी ने शुक्रवार को एक्स पोस्ट में लिखा कि विदेश यात्रा पर इस तरह की पाबंदियां लगाने का तो कोई सवाल ही नहीं उठता.

    उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, "यह पूरी तरह से ग़लत है. इसमें ज़रा भी सच्चाई नहीं है. विदेश यात्रा पर ऐसी पाबंदियां लगाने का कोई सवाल ही नहीं उठता. हम अपने लोगों के लिए ईज़ ऑफ़ डूइंग बिज़नेस और ईज़ ऑफ़ लिविंग को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं."

    दरअसल, पीएम मोदी ने एक मीडिया आउटलेट के एक्स पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए इस दावे को ग़लत बताया था.

    पोस्ट में दावा किया गया था कि भारत सरकार विदेश यात्रा पर टैक्स/सरचार्ज लगाने के बारे में विचार कर रही है, जिसके लिए उच्चस्तरीय पर चर्चा हो रही है. हालांकि, पीएम की प्रतिक्रिया के बाद में मीडिया आउटलेट ने इस पोस्ट को डिलीट कर दिया.

    इससे पहले पीएम मोदी ने विदेशी मुद्रा बचाने के लिए लोगों से ग़ैर-ज़रूरी विदेश यात्रा टालने की अपील की थी.

  3. इसराइल और लेबनान के बीच अमेरिका ने की अहम समझौते की घोषणा, ब्रैंडन ड्रेनन और यांग तियान

    दक्षिण लेबनान

    इमेज स्रोत, Jalaa MAREY / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइल और लेबनान के बीच इससे पहले भी सीज़फ़ायर हुआ था, लेकिन तब भी इसराइल और हिज़्बुल्लाह के बीच गोलीबारी जारी रही

    इसराइल और लेबनान के बीच एक बार फिर अमेरिका ने युद्धविराम करवाया है. अमेरिका ने एलान किया है कि दोनों देशों ने 45 दिन के सीज़फ़ायर पर सहमति जताई है.

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि वॉशिंगटन डीसी में दो दिन की बातचीत के बाद इसराइल और लेबनान युद्धविराम को बढ़ाने पर सहमत हुए हैं.

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने बताया, "29 मई को पेंटागन में सुरक्षा को लेकर बातचीत शुरू होगी, जिसमें दोनों देशों की सैन्य टीमें शामिल होंगी."

    हालांकि, इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 16 अप्रैल को युद्धविराम का एलान किया था, लेकिन इसके बाद भी इसराइल और हिज़्बुल्लाह के बीच गोलीबारी जारी रही.

    गौरतलब है कि बुधवार को ही लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया था कि इसराइली हवाई हमलों में दक्षिणी इलाकों में 22 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें आठ बच्चे भी शामिल थे.

  4. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी हिन्दी के पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.