लाइव, नेपाल बाढ़ में अब तक क़रीब 12 हजार लोग बचाए गए, चार हजार से ज्यादा लोग अब भी लापता

नेपाल की बाढ़ में मरने वालों की संख्या 1200 से ज़्यादा हो चुकी है. सुरक्षाकर्मी नदी के किनारों, बाढ़ प्रभावित बस्तियों, सड़कों और भूस्खलन प्रभावित इलाकों में तलाशी अभियान चला रहे हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

दीपक मंडल

  1. नेपाल बाढ़ में अब तक क़रीब 12 हजार लोग बचाए गए, चार हजार से ज्यादा लोग अब भी लापता

    नेपाल

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, नेपाल बाढ़ में लापता लोगों के बारे में जानकारी देते एक नोटिस बोर्ड को खंगालते लोग

    नेपाल की सरकारी एजेंसियों के मुताबिक, भोटेकोशी और त्रिशूली नदियों में आई विनाशकारी बाढ़ के आठ दिन बाद बुधवार शाम तक 11,993 लोगों को बचाया जा चुका था.

    हालांकि, बुधवार शाम तक के आंकड़ों के मुताबिक 4,216 लोगों से अब भी संपर्क नहीं हो पाया है.

    नेपाल की बाढ़ में मरने वालों की संख्या अब 1200 से ऊपर पहुंच चुकी है.

    अधिकारियों का कहना है कि लापता लोगों की तलाश को प्राथमिकता दी जा रही है. नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी की प्रवक्ता शांति महत ने नेपाल की सरकारी समाचार एजेंसी आरएसएस को बताया कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में नेपाल सेना, नेपाल पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल के कुल 21,314 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है.

    खोज और बचाव अभियान में नेपाल पुलिस के 7,912, सशस्त्र पुलिस बल के 4,203 और नेपाल सेना के 9,199 सुरक्षाकर्मी शामिल हैं.

    सुरक्षाकर्मी नदी के किनारों, बाढ़ प्रभावित बस्तियों, सड़कों और भूस्खलन प्रभावित इलाकों में तलाशी अभियान चला रहे हैं.

    राष्ट्रीय आपदा एजेंसी (एनईए) के मुताबिक, बाढ़ के बाद नेपाल सेना के 45, नेपाल पुलिस के 25 और सशस्त्र पुलिस बल के 13 सदस्य भी लापता हैं.

  2. राघव चड्ढा ने पंजाब सरकार पर लगाया बदला लेने का आरोप, वोटर लिस्ट में अपने नाम को लेकर क्या कहा

    राघव चड्ढा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    बीजेपी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर बदले की भावना से काम करने का आरोप लगाया है.

    राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, ''पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार ने अब बदले की राजनीति को ड्राफ़्ट वोटर लिस्ट तक पहुंचा दिया है.''

    उन्होंने लिखा, ''मैं पंजाब से राज्यसभा का मौजूदा सांसद हूं और मेरा वोटर आईडी पंजाब के मोहाली में रजिस्टर्ड है. इसके बावजूद ड्राफ़्ट वोटर लिस्ट में मतदाता सूची में मेरे नाम के सामने ‘शिफ़्टेड’ लिखा गया है.''

    ''सौभाग्य से ये अभी ड्राफ़्ट वोटर लिस्ट हैं. अंतिम वोटर लिस्ट नहीं.''

    '' 'दावे और आपत्तियों' की प्रक्रिया के दौरान नामों में सुधार किया जाता है और यह प्रक्रिया अभी जारी है.''

    ''अंतिम वोटर लिस्ट अक्टूबर 2026 में प्रकाशित होंगीं.''

    ''मैं एसआईआर के दिशा-निर्देशों के तहत उपायों का लाभ उठाने की प्रक्रिया में हूं.''

    ''यह महज किसी कर्मचारी की गलती नहीं लगती. यह राजनीतिक बदले की कार्रवाई का साफ मामला है.''

  3. ईरान ने बताया- अमेरिकी हमलों में मौतों की संख्या 18 पहुंची, 142 घायल

    अमेरिका

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान ने आरोप लगाया है कि अमेरिका ने मंगलवार को सिरिक में एक शादी समारोह में हमला किया गया था

    ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के जनसंपर्क निदेशक हुसैन करमानपुर ने मंगलवार को हुए अमेरिकी हवाई हमलों में हुई मौतों और घायलों के नए आंकड़े जारी किए हैं.

    बीबीसी की फ़ारसी सेवा के मुताबिक़ करमानपुर ने बताया कि इन हमलों में मारे गए लोगों की संख्या 18 और घायलों की संख्या 142 हो गई है.

    मृतकों में एक बच्चा और दो महिलाएं शामिल हैं. घायलों में 61 महिलाएं और 18 वर्ष से कम उम्र के 44 लोग शामिल हैं,

    अमेरिका ने ईरान पर कई हफ़्तों के बाद दोबारा हमला शुरू किया है. बुधवार को ईरान के सिरिक में एक शादी समारोह में हुए हमले में शुरू में चार लोगों के मारे जाने की ख़बर आई थी.

    ईरानी रेड क्रिसेंट ने बताया था कि सिरिक में एक शादी समारोह के दौरान एक घर पर अमेरिकी मिसाइल के टुकड़े गिरने से चार लोगों की मौत हुई है.

    अमेरिकी सेना के हमले के जवाब में ईरान ने जॉर्डन, कुवैत, इराक़ और बहरीन में अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइलें और ड्रोन दागे हैं.

  4. सऊदी अरब का दावा- ईरान ने उसके तेल टैंकर पर किया हमला, फ़िलीपींस के दो नाविकों की मौत, डेविड ग्रिटन

    होर्मुज़ स्ट्रेट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान में युद्ध शुरू होने के बाद से होर्मुज़ स्ट्रेट लगभग पूरी तरह बंद है (फ़ाइल फ़ोटो).

    सऊदी अरब ने सोमवार रात अपने एक बड़े तेल टैंकर पर ईरान की ओर से किए गए कथित हमले की निंदा की है.

    इस हमले में फ़िलीपींस के दो नाविकों की मौत हो गई.

    सऊदी अरब की राष्ट्रीय शिपिंग कंपनी बाहरी ने बुधवार को पुष्टि की कि उसके सिद्र नाम के एक जहाज़ के साथ ये घटना घटी.

    समुद्री सुरक्षा कंपनियों के मुताबिक़, ओमान के मुसंदम प्रायद्वीप के उत्तर में सिद्र पर कुछ प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ.

    इसी दौरान दक्षिण कोरिया के एक बड़े तेल टैंकर सेनेगल प्रॉस्पेरिटी को भी मुसंदम के पूर्व में निशाना बनाए जाने की ख़बर है.

    सऊदी अरब के इस आरोप पर ईरान की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

    हालांकि, इससे पहले ईरान ने कहा था कि होर्मुज़ स्ट्रेट से गुजरते समय दो टैंकरों में बारूदी सुंरगों से टकराने के बाद आग लग गई.

    ईरान के मुताबिक़, ये टैंकर एक ऐसे रास्ते से जा रहे थे, जिसके इस्तेमाल की अनुमति नहीं थी.

    नाविकों की मौत की खबर ऐसे समय आई है, जब अमेरिकी सेना ने ईरान पर हवाई हमले शुरू किए हैं.

    इसके जवाब में ईरानी सेना ने पड़ोसी अरब देशों में मौजूद अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया.

    जुलाई के बाद दोनों देशों के बीच यह सबसे बड़ा सैन्य टकराव है.

  5. जर्मनी: एयरपोर्ट पर 'हमले' की घटना के बाद यूरोपीय देशों की रूस को चेतावनी, पॉल किर्बी, डिजिटल एडिटर, यूरोप

    नेटो

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, उर्सुला वॉन डेर लेयेन और मार्क रुटे ने यूरोप पर रूस के बढ़ते 'दुस्साहसिक हमलों' को लेकर चेतावनी दी

    नेटो और यूरोपियन कमीशन के प्रमुखों ने चेतावनी दी है कि रूस लगातार गैर-जिम्मेदार और दुस्साहसी रवैया अपना रहा है.

    उन्होंने कहा कि अब इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए नए तरीके से जवाब देने की तैयारी करनी होगी.

    पिछले महीने जर्मनी के लीपज़िग एयरपोर्ट पर हुए एक ड्रोन हमले की कोशिश के लिए जर्मनी ने रूस को ज़िम्मेदार ठहराया है.

    यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा, "लीपज़िग की घटना यूरोपीय संघ की ज़मीन पर बढ़ते तनाव का एक नया लेवल है, जिसका सीधा संबंध रूस से है."

    वॉन डेर लेयेन ने कहा, "हमें अपनी कार्रवाई तेज़ करनी होगी और इसका मतलब है कि रूस के इस गैर-जिम्मेदार रवैये का पहले से कहीं अधिक तेज़ और बेहतर तरीके से जवाब देने के लिए तैयार रहना."

    नेटो के महासचिव मार्क रुटे ने कहा कि अमेरिका समेत पूरा नेटो गठबंधन "जर्मनी के साथ पूरी एकजुटता के साथ खड़ा है."

    रूस ने जर्मनी के इन आरोपों को ख़ारिज किया है कि 4 अगस्त को विस्फोटकों से लैस एक ड्रोन ने जानबूझकर एक यूक्रेनी मालवाहक विमान को निशाना बनाया था.

    लीपज़िग/हाले एयरपोर्ट पर इस ड्रोन को एक रोबोट की मदद से निष्क्रिय कर दिया गया. माना जाता है कि दूसरा ड्रोन एक अन्य मालवाहक विमान से टकरा गया था.

    रिपोर्टों के मुताबिक, दस दिन बाद एयरपोर्ट पर एक तीसरा ड्रोन भी मिला.

    यह एयरपोर्ट नेटो के लिए एक अहम केंद्र है और यहां यूक्रेन के एंतोनोव परिवहन विमान नियमित रूप से आते-जाते हैं.

  6. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    शादी समारोह वाले घर में मौतों को ईरान ने बताया 'युद्ध अपराध', अमेरिका ने किया इनकार

    जीतेंद्र मिश्र अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट के पहले सीईओ होंगे, पद के लिए चुने जाने पर बोले

    पाकिस्तान में टिकटॉक पर फॉलोअर्स को लेकर दो बहनों में झगड़ा, एक की मौत