लाइव, ड्रग टेस्ट पॉजिटिव आने पर ‘थाईलैंड-दिल्ली फ्लाइट’ के पायलट को एयर इंडिया ने हटाया

4 अगस्त को फुकेत से दिल्ली आ रहे एयर इंडिया के एयरबस ए320 की ऊंचाई अचानक लगभग 91 मीटर (300 फ़ीट) कम हो गई थी, इस घटना के जांच में पायलट को नशीले पदार्थ लेने का दोषी पाया गया.

सारांश

  • स्वतंत्र भारद्वाज को बुलंदशहर में पुलिस ने हिरासत में लिया
  • ड्रग टेस्ट पॉजिटिव आने पर 'फुकेत-दिल्ली फ्लाइट' के पायलट की नौकरी ख़त्म
  • ट्रंप ने कहा- अमेरिका जल्द ही ईरान के कलांग पर्वत पर हमला कर सकता है
  • दक्षिणी लेबनान पर इसराइली हमले में तीन लोगों की मौत

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े

  1. ट्रंप ने ईरान के साथ युद्ध को कहा ‘मामूली बात’, दी नए हमले की चेतावनी

    ट्रंप ने कहा है कि बहुत से लोग ईरान के साथ संघर्ष को युद्ध नहीं मानते

    इमेज स्रोत, Kevin Dietsch/Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने कहा है कि बहुत से लोग ईरान के साथ अमेरिका के संघर्ष को युद्ध नहीं मानते

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को पत्रकारों से कहा कि अमेरिका बहुत जल्द ईरान में स्थित कलांग पर्वत पर हमला कर सकता है.

    नतांज़ परमाणु संयंत्र के पास स्थित माउंट कलांग एक क़िलेबंद ठिकाना है, जिसमें दो कई गहरे सुरंग मौजूद हैं.

    ट्रंप ने साथ ही कहा कि ईरान के साथ अमेरिका का संघर्ष कोई बड़ी बात नहीं है.

    उन्होंने कहा, "बहुत से लोग इसे युद्ध नहीं कहते. मैं इसे सैन्य संघर्ष कहता हूं, क्योंकि यह हमारे लिए बहुत मामूली है. यह कोई बड़ी बात नहीं है."

    ट्रंप ने कहा, "हमने वेनेज़ुएला में कार्रवाई की और हमने उसे अंजाम दिया. वेनेज़ुएला में हमारा कोई हताहत नहीं हुआ. ईरान के साथ संघर्ष में हमने 18 लोग खोए. वियतनाम में हमने एक लाख लोग खोए थे."

    इससे पहले उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी कहा था कि ईरान में महीनों से जारी अमेरिकी सैन्य कार्रवाई को युद्ध नहीं कहा जाना चाहिए. उन्होंने इसे "सैन्य संघर्ष" बताया और कहा कि अमेरिका के लिए यह "बहुत मामूली" है.

  2. ड्रग टेस्ट पॉजिटिव आने पर ‘थाईलैंड-दिल्ली फ्लाइट’ के पायलट को एयर इंडिया ने हटाया

    एयर इंडिया के एक विमान के 4 अगस्त को उड़ान के दौरान अचानक क़रीब 300 फीट नीचे आने के बाद पायलट की जांच चल रही थी (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Bloomberg via Getty Images

    इमेज कैप्शन, एयर इंडिया के एक विमान के 4 अगस्त को उड़ान के दौरान अचानक क़रीब 300 फीट नीचे आने के बाद पायलट की जांच चल रही थी (सांकेतिक फ़ोटो)

    एयर इंडिया ने फुकेत-दिल्ली फ्लाइट के पायलट-इन-कमांड की सेवाएं समाप्त कर दी हैं. पायलट का ड्रग टेस्ट पॉजिटिव आया था.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ एयरलाइन ने यह घोषणा जांच एजेंसी एयरक्राफ़्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो की फुकेत फ्लाइट घटना पर आई शुरुआती रिपोर्ट के कुछ घंटे बाद की.

    रिपोर्ट में पायलट के ड्रग इस्तेमाल को गंभीर चिंता का विषय बताया गया था और नियामक डीजीसीए से उचित कार्रवाई करने को कहा गया था.

    एयर इंडिया ने एक बयान में कहा, "फुकेत-दिल्ली फ्लाइट के पायलट-इन-कमांड का साइकोएक्टिव (नशीले) पदार्थ का टेस्ट पॉजिटिव आया. सुरक्षा और फिटनेस ज़रूरतों के उल्लंघन को लेकर एयर इंडिया की ज़ीरो-टॉलरेंस नीति के तहत पायलट की नौकरी तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है."

    ठीक एक महीने पहले चार अगस्त को फुकेत से दिल्ली आ रहे एयर इंडिया के एयरबस ए320 की ऊंचाई अचानक लगभग 91 मीटर (300 फ़ीट) कम हो गई.

    इससे 13 यात्री और चार क्रू सदस्य घायल हो गए. 137 यात्रियों और आठ क्रू सदस्यों वाला यह विमान दिल्ली में सुरक्षित उतर गया.

    इसी घटना की जांच के सिलसिले में पाया गया कि पाटलट ने नशीले पदार्थ का सेवन किया था.

  3. बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद इन अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए इनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.