लाइव, पाकिस्तान: पूर्व पीएम इमरान ख़ान को ले जाया गया अस्पताल

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान को इस्लामाबाद के पीआईएमएस अस्पताल ले जाया गया और सुबह 4 बजे मेडिकल जांच के बाद वापस जेल भेज दिया गया.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा

  1. पाकिस्तान: पूर्व पीएम इमरान ख़ान को ले जाया गया अस्पताल

    इमरान ख़ान

    इमेज स्रोत, Chip Somodevilla/Getty Images

    इमेज कैप्शन, इमरान ख़ान फ़िलहाल रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान को इस्लामाबाद के पीआईएमएस अस्पताल ले जाया गया और सुबह 4 बजे मेडिकल जांच के बाद वापस जेल भेज दिया गया.

    पूर्व पीएम इमरान ख़ान फ़िलहाल रावलपिंडी की अडियाला जेल में बंद हैं.

    अस्पताल प्रशासन की तरफ़ से जारी जानकारी में कहा गया, "28 अप्रैल को इमरान ख़ान को पीआईएमएस लाया गया, जहां उनकी आंख में इंट्राविट्रियल इंजेक्शन का चौथा डोज़ दिया गया."

    पीआईएमएस प्रशासन के बयान में कहा गया कि इंजेक्शन देने से पहले आंखों के डॉक्टरों ने इमरान ख़ान की जांच की और उनकी हेल्थ को ठीक पाया.

    बयान के मुताबिक़, इमरान ख़ान की मंज़ूरी लेने के बाद सर्जनों ने ऑपरेशन थिएटर में सभी सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए उनकी आंख में चौथा इंजेक्शन लगाया.

    प्रशासन के अनुसार, अस्पताल में रहने के दौरान इमरान ख़ान की हालत स्थिर रही. बाद में उन्हें आगे की देखभाल और फ़ॉलो-अप से जुड़ी हिदायतों के साथ छुट्टी दे दी गई.

  2. ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई ज़िंदा हैं या नहीं? अमेरिकी विदेश मंत्री ने दिया ये जवाब

    मोजतबा ख़ामेनेई

    इमेज स्रोत, Morteza Nikoubazl/NurPhoto via Getty Images

    अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि ईरान की ताक़त उन लोगों के हाथ में हैं, जो 'कट्टरपंथी सोच' के हैं.

    फ़ॉक्स न्यूज़ को दिए इंटरव्यू में रुबियो ने कहा, "धार्मिक सोच वाले कट्टरपंथी लोग सिर्फ़ इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) के अधिकारी ही नहीं हैं, बल्कि ईरान की राजनीति और उनके आसपास की परिषद में भी शामिल हैं."

    इस इंटरव्यू में रुबियो से पूछा गया कि क्या उन्हें लगता है कि ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई ज़िंदा हैं?

    इस पर मार्को रुबियो ने कहा, "हां, हमारे पास संकेत हैं कि वह ज़िंदा हैं लेकिन इस बात का पुख़्ता सबूत नहीं है. ईरान भी उनके ज़िंदा होने का दावा करता रहा है."

    गौरतलब है कि आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की हत्या के बाद सुप्रीम लीडर बने मोजतबा ख़ामेनेई का कोई वीडियो या ऑडियो जारी नहीं हुआ है, सिर्फ़ लिखित संदेश मीडिया में आए हैं.

  3. अरविंद केजरीवाल के बाद मनीष सिसोदिया ने जस्टिस स्वर्ण कांता को लिखा पत्र

    मनीष सिसोदिया

    इमेज स्रोत, Sanchit Khanna/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, आबकारी नीति मामले में मनीष सिसोदिया की भी सुनवाई चल रही है

    अरविंद केजरीवाल के बाद आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने भी दिल्ली हाईकोर्ट की जस्टिस स्वर्ण कांता को एक चिट्ठी लिखी है.

    मनीष सिसोदिया ने चिट्ठी में कहा है कि आबकारी नीति मामले में कोई वकील उनकी तरफ़ से पेश नहीं होगा.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "मैंने दिल्ली हाई कोर्ट की जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा को पत्र लिखकर निवेदन किया है कि वर्तमान परिस्थितियों में मेरी अंतरात्मा मुझे इस मामले की कार्यवाही में उनके समक्ष, आगे भाग लेने की अनुमति नहीं देती."

    "मेरे लिए यह किसी व्यक्ति विशेष का प्रश्न नहीं है, बल्कि उस भरोसे का प्रश्न है जिस पर न्याय व्यवस्था खड़ी होती है कि हर नागरिक को न्याय न केवल निष्पक्ष हो, बल्कि निष्पक्ष दिखाई भी दे."

    सिसोदिया ने लिखा, "मैं यह भी स्पष्ट करना चाहता हूं कि न्यायपालिका और संविधान पर मेरा विश्वास पूरी तरह अटूट है. लेकिन जब मन में गंभीर संदेह रह जाए, तो केवल औपचारिक भागीदारी मेरे लिए सही नहीं है. इसलिए मेरे पास सत्याग्रह के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा."

    इससे पहले अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को दिल्ली हाई कोर्ट की जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा को चिट्ठी लिख कर कहा कि आबकारी मामले में सीबीआई की अपील याचिका पर वो ख़ुद या उनके वकील पेश नहीं होंगे.

  4. अफ़ग़ानिस्तान का आरोप- पाकिस्तानी हमले में 7 लोगों की मौत और 75 घायल हुए, योगिता लिमये और गैब्रिएला पोमेरे

    तालिबान

    इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, तालिबान शासन के अधिकारियों का आरोप है कि हमले पाकिस्तान ने किए (फ़ाइल फ़ोटो: तालिबान के सदस)

    अफ़ग़ानिस्तान के पूर्वी प्रांत कुनार में सोमवार को हुए हमलों में कम से कम सात लोगों की मौत हुई और 75 से ज़्यादा लोग घायल हुए.

    अफ़ग़ानिस्तान के तालिबान शासन के अधिकारियों का आरोप है कि ये हमले पाकिस्तान ने किए.

    तालिबान शासन के डिप्टी प्रवक्ता हमदुल्लाह फ़ित्रत ने दावा किया कि सोमवार दोपहर 2 बजे शुरू हुए पाकिस्तानी हमलों में मोर्टार और रॉकेट दाग़े गए.

    जबकि कुछ सूत्रों ने बीबीसी न्यूज़ को बताया कि लड़ाकू विमान और ड्रोन भी इस्तेमाल किए गए.

    तालिबान के मुताबिक़, घायलों में यूनिवर्सिटी के 30 छात्र, बच्चे और आम नागरिक शामिल हैं.

    दूसरी तरफ़, पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय ने आरोपों को ख़ारिज करते हुए कहा है कि यूनिवर्सिटी और रिहायशी इलाक़ों को निशाना बनाने की ख़बरें झूठी हैं.

    कुछ हफ़्ते पहले अफ़ग़ानिस्तान की राजधानी काबुल में एक नशा मुक्ति केंद्र पर हवाई हमला हुआ था, जिसमें संयुक्त राष्ट्र के अनुसार 269 लोगों की मौत हुई थी.

  5. अमेरिका पहुंचे किंग चार्ल्स, राष्ट्रपति ट्रंप ने किया स्वागत, देखें तस्वीरें

    डोनाल्ड ट्रंप, मेलानिया ट्रंप, किंग चार्ल्स और क्वीन कैमिला

    इमेज स्रोत, Suzanne Plunkett-Pool/Getty Images

    ब्रिटेन के किंग चार्ल्स और क्वीन कैमिला अमेरिका पहुंचे हैं. उनका यहां पर चार दिन का राजकीय दौरा है. मंगलवार को किंग चार्ल्स अमेरिकी कांग्रेस को संबोधित करेंगे.

    किंग चार्ल्स ने अमेरिका पहुंचकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से भी मुलाक़ात की है. इस दौरे की कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं.

    किंग चार्ल्स और क्वीन कैमिला

    इमेज स्रोत, Julia Demaree Nikhinson-Pool/Getty Images

    इमेज कैप्शन, किंग चार्ल्स और क्वीन कैमिला मैरीलैंड के एंड्रयूज़ मिलिट्री एयरबेस पर उतरे, अमेरिकी प्रोटोकॉल प्रमुख मोनिका क्राउली और ब्रिटिश राजदूत सर क्रिश्चियन टर्नर ने उनका स्वागत किया.
    व्हाइट हाउस में ट्रंप और किंग चार्ल्स

    इमेज स्रोत, Suzanne Plunkett-Pool/Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसके बाद किंग और क्वीन व्हाइट हाउस पहुंचे, व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और फ़र्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप ने उनका स्वागत किया.
    डोनाल्ड ट्रंप, मेलानिया ट्रंप, किंग चार्ल्स और क्वीन कैमिला

    इमेज स्रोत, Suzanne Plunkett / POOL / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप और मेलानिया ने व्हाइट हाउस के साउथ लॉन पर दोपहर की चाय के दौरान शाही मेहमानों का स्वागत किया.
    ट्रंप दंपति के साथ किंग चार्ल्स

    इमेज स्रोत, Suzanne Plunkett-Pool/Getty Images

    इमेज कैप्शन, ग्रीन रूम में चाय के बाद उन्हें बगीचे में ले जाया गया, जहां एक मधुमक्खी का एक नया छत्ता दिखाया गया. यह छत्ता मिनी व्हाइट हाउस के आकार में बनाया गया है. किंग चार्ल्स मधुमक्खी पालन के बड़े समर्थक हैं.
    अधिकारियों से मिलते किंग चार्ल्स

    इमेज स्रोत, Julia Demaree Nikhinson-Pool/Getty Images

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस में किंग चार्ल्स का भाषण 'मेल-मिलाप और नएपन' की अपील करेगा. वो सहिष्णुता, स्वतंत्रता और समानता जैसे साझा मूल्यों की बात करेंगे.
  6. अमेरिकी विदेश मंत्री ने किसे बताया ईरान का 'आर्थिक परमाणु हथियार'

    मार्को रुबियो

    इमेज स्रोत, NATHAN HOWARD/POOL/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि अमेरिका ईरानी जनता को नुकसान नहीं पहुंचाना चाहता (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने होर्मुज़ स्ट्रेट को "आर्थिक परमाणु हथियार" जैसा बताया और कहा कि ईरान इसे दुनिया के खिलाफ इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहा है.

    अमेरिकी टीवी चैनल फ़ॉक्स न्यूज़ को दिए इंटरव्यू में मार्को रुबियो ने कहा, "ईरान गर्व से कह रहा है कि वह दुनिया की 20 से 25 प्रतिशत एनर्जी को रोक सकता है. सोचिए अगर ईरान को परमाणु हथियार मिल गए, तो वह पूरे क्षेत्र को बंधक बना लेगा."

    मार्को रुबियो ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इस संघर्ष के बाद पूरी दुनिया ईरान से होने वाले ख़तरे को समझ गई होगी. उनके अनुसार, जो काम ईरान परमाणु हथियारों से करना चाहता है, वही वह अभी तेल के ज़रिए कर रहा है.

    मार्को रुबियो ने कहा, "जिन समस्याओं का सामना ईरान संघर्ष से पहले कर रहा था, वे अब भी हैं या और बढ़ गई हैं, लेकिन अब उसके पास पहले से आधे मिसाइल हैं. कोई फ़ैक्ट्री नहीं बची और उसकी नौसेना ख़त्म हो गई है."

    इस साल की शुरुआत में ईरान में हुए सरकार विरोधी प्रदर्शनों और सरकार की कार्रवाई का ज़िक्र करते हुए रुबियो ने कहा, "हम चाहते थे कि ईरानी जनता की आवाज़ सुनी जाए, न कि सड़कों पर 30 से 40 हज़ार लोगों को मार दिया जाए."

    ईरान ने हाल ही में अमेरिका को युद्ध ख़त्म करने का प्रस्ताव भेजा था. लेकिन रॉयटर्स ने एक अधिकारी के हवाले से बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप इससे खुश नहीं हुए.

  7. युद्ध ख़त्म करने के लिए ईरान ने भेजा प्रस्ताव, क्यों खु़श नहीं हुए डोनाल्ड ट्रंप

    अब्बास अराग़ची और डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, युद्ध को ख़त्म करने के लिए ईरान के भेजे गए प्रस्ताव से डोनाल्ड ट्रंप खुश नहीं हुए

    ईरान ने हाल ही में अमेरिका को युद्ध ख़त्म करने के लिए नया प्रस्ताव भेजा था, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इससे ख़ुश नहीं हैं.

    रॉयटर्स ने एक अधिकारी के हवाले से जानकारी दी कि ट्रंप के नाख़ुश होने की वजह ये है कि प्रस्ताव में ईरान के परमाणु कार्यक्रम का ज़िक्र नहीं है.

    इससे पहले व्हाइट हाउस की प्रवक्ता कैरोलाइन लेविट ने बताया था कि राष्ट्रपति ट्रंप इस प्रस्ताव पर अपने वरिष्ठ राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों के साथ चर्चा कर रहे हैं.

    इस बीच, अमेरिका और ईरान के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई है और इस इलाक़े से ऊर्जा की आपूर्ति कम हो गई है.

    दूसरी ओर, पिछले दो दिनों में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची पाकिस्तान, ओमान और रूस की यात्रा कर चुके हैं. माना जा रहा है कि उनका मक़सद ईरान के लिए समर्थन जुटाना है.

    गौरतलब है कि इस्लामाबाद में ईरान और अमेरिका के बीच दूसरे दौर की बातचीत नहीं हो पाई, जिसके बाद ट्रंप ने कहा था कि ईरान अपना प्रस्ताव फ़ोन के ज़रिए भी भेज सकता है.

  8. मेलानिया के बारे में कॉमेडियन ने कही ऐसी बात, ट्रंप बोले- नौकरी से निकालो

    डोनल्ड ट्रंप और मेलानिया ट्रंप

    इमेज स्रोत, Alexi J. Rosenfeld/Getty Images

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने डिज़्नी और एबीसी से होस्ट और कॉमेडियन जिमी किमेल को तुरंत नौकरी से निकालने की मांग की है.

    इसकी वजह वह मज़ाक है जो लेट-नाइट होस्ट ने फ़र्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप के बारे में अपने शो में किया, जिसमें उन्होंने मेलानिया को एक 'एक्सपेक्टेंट विडो' कह दिया था.

    डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "मैं आमतौर पर जिमी किमेल की किसी बात पर ध्यान नहीं देता, लेकिन यह टिप्पणी हद से बाहर है. जिमी किमेल को तुरंत डिज़्नी और एबीसी से निकाल देना चाहिए."

    मेलानिया ट्रंप ने भी जिमी किमेल की आलोचना की है. फ़र्स्ट लेडी ने किमेल की बातों को 'नफ़रत भरी और हिंसक' बताया. साथ ही उनके चैनल एबीसी से इस व्यवहार पर कार्रवाई की मांग की.

    मेलानिया ट्रंप ने एक्स पर पोस्ट करते लिखा, "जिमी जैसे लोगों को हर शाम हमारे घरों में घुसकर नफ़रत फैलाने का मौका नहीं मिलना चाहिए. उनके शब्द ज़हरीले हैं."

    गौरतलब है कि होस्ट जिमी किमेल की यह टिप्पणी व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर से कुछ दिन पहले की थी.

  9. ट्रंप की डिनर पार्टी में फ़ायरिंग करने वाले संदिग्ध पर लगे ये आरोप, हो सकती है उम्रकैद की सज़ा, शैमा खलील और रीगन मॉरिस

    संदिग्ध

    इमेज स्रोत, Truth Social/@realDonaldTrump

    इमेज कैप्शन, यह तस्वीर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट की थी

    व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर के दौरान फ़ायरिंग करने वाले शख़्स पर 'अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की कोशिश' का आरोप लगाया गया है.

    31 वर्षीय कोल टोमस एलेन पर सोमवार को वॉशिंगटन डीसी की अदालत में पेश होने पर दो हथियारों से जुड़े आरोप भी लगे. उसने कोई दलील नहीं दी.

    जज के सवालों का जवाब उसने धीमी आवाज़ में दिया और लगभग हर सवाल पर "हां, योर ऑनर" या "नहीं, योर ऑनर" कहा.

    अगर संदिग्ध शख़्स दोषी पाया गया तो उसे उम्रकैद की सज़ा हो सकती है.

    कॉरेस्पॉन्डेंट्स एसोसिएशन डिनर में फ़ायरिंग के दौरान एक सीक्रेट सर्विस एजेंट घायल हुआ, लेकिन गंभीर चोट नहीं आई.

    गौरतलब है कि संदिग्ध हमलावर ने लिंक्डइन पर खुद को मैकेनिकल इंजीनियर, गेम डेवलपर और शिक्षक बताया है. वह कैलिफ़ोर्निया के टॉरेंस के रहने वाला है.

  10. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.