लाइव, सीबीएसई के नए चेयरमैन का एलान, राहुल सिंह के तबादले के बाद इन्हें मिली कमान

केंद्र सरकार ने आईएएस ऑफिसर लोखंडे प्रशांत सीताराम को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) का नया चेयरमैन नियुक्त किया है. वरुण भारद्वाज को सचिव बनाया गया है.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा

  1. सीबीएसई के नए चेयरमैन का एलान, राहुल सिंह के तबादले के बाद इन्हें मिली कमान

    सीबीएसई

    इमेज स्रोत, Mayank Makhija/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, सीबीएसई के नए चेयरमैन लोखंडे प्रशांत सीताराम 2001 बैच के आईएएस अधिकारी हैं

    केंद्र सरकार ने आईएएस ऑफिसर लोखंडे प्रशांत सीताराम को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) का नया चेयरमैन नियुक्त किया है. वरुण भारद्वाज को सचिव बनाया गया है.

    यह फ़ैसला उस समय आया जब ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) सिस्टम को लेकर विवाद के बीच पुराने पदाधिकारियों को हटा दिया गया.

    मंगलवार को ही सीबीएसई के चेयरमैन राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता का ट्रांसफ़र कर दिया गया था.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, नए चेयरमैन लोखंडे प्रशांत सीताराम 2001 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी हैं. वह एजीएमयूटी (अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मिज़ोरम और केंद्र शासित प्रदेश) कैडर से आते हैं, फ़िलहाल गृह मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव हैं.

    वहीं, वरुण भारद्वाज साल 2008 बैच के भारतीय सूचना सेवा (आईआईएस) अधिकारी हैं. भारद्वाज वर्तमान में शिक्षा मंत्रालय में निदेशक के रूप में कार्यरत हैं.

  2. अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत को लेकर ये बोले डोनाल्ड ट्रंप

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Roberto Schmidt/Getty Images

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ बातचीत कहां जाएगी, यह कोई नहीं जानता

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उन ख़बरों को झूठ बताया है, जिनमें यह दावा किया गया था कि ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत बंद हो गई है.

    राष्ट्रपति ट्रंप ने मंगलवार देर रात को कहा कि ईरान और अमेरिका के बीच लगातार बातचीत हो रही है. हालांकि, उन्होंने कहा कि ये बातचीत कहां जाएगी, यह कोई नहीं जानता.

    ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में लिखा, "ऐसी ख़बरें झूठी हैं, जिनमें कहा जा रहा है कि ईरान और अमेरिका ने कुछ दिन पहले बात करना बंद कर दिया. हमारे बीच बातचीत लगातार चल रही है- चार दिन पहले, तीन दिन पहले, दो दिन पहले, एक दिन पहले और आज भी."

    उन्होंने लिखा, "यह बातचीत कहां जाएगी, कोई नहीं जानता. लेकिन मैंने ईरान से कहा, 'अब समय आ गया है कि किसी भी तरह से एक समझौता करना होगा. तुम जो कर रहे हो, वो 47 साल से चल रहा है और अब इसे जारी नहीं रखा जा सकता'."

    गौरतलब है कि इससे पहले ईरान की ओर से यह कहा गया था कि लेबनान में जारी हमलों के कारण उन्होंने बातचीत रोक दी. हालांकि, ट्रंप की सलाह के बाद इसराइल ने लेबनान पर हमले रोकने की बात कह दी थी.

  3. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.