जस्टिस शर्मा के ख़िलाफ़ केजरीवाल का अतिरिक्त हलफ़नामा

इमेज स्रोत, Getty Images
आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली हाई कोर्ट की जज स्वर्ण कांता शर्मा से शराब नीति मामले की सुनवाई से खुद को अलग करने की मांग करते हुए एक अतिरिक्त हलफ़नामा दाखिल किया है.
लाइव लॉ के मुताबिक़, अपने हलफ़नामे में केजरीवाल ने कहा है कि जस्टिस शर्मा के बेटे और बेटी दोनों केंद्र सरकार के वकील के तौर पर पैनल में शामिल हैं. उन्होंने कहा कि जस्टिस शर्मा के बच्चों को काम भारत के सॉलिसिटर जनरल की ओर से दिया जाता है, जो इस मामले में सीबीआई की ओर से पेश हुए थे.
केजरीवाल का कहना है कि इससे निष्पक्षता को लेकर संदेह पैदा होता है, इसलिए जस्टिस शर्मा को इस मामले की सुनवाई से खुद को अलग कर लेना चाहिए.
गौरतलब है कि 13 अप्रैल को जस्टिस शर्मा ने केजरीवाल और अन्य अभियुक्तों की उस याचिका पर फै़सला सुरक्षित रख लिया था, जिसमें उनसे इस मामले की सुनवाई से अलग होने की मांग की गई थी. यह याचिका सीबीआई की उस पुनर्विचार याचिका से जुड़ी है, जिसमें सभी अभियुक्तों को मिली राहत को चुनौती दी गई है.
सुनवाई के दौरान केजरीवाल ने खुद अपनी पैरवी करते हुए कहा था कि सोशल मीडिया पर जस्टिस शर्मा के बच्चों के केंद्र सरकार से पेशेवर संबंधों को लेकर चर्चा हो रही है.







