लाइव, ईरानी सांसद ने किसे बताया परमाणु हथियार से भी ज़्यादा अहम?

ईरानी सांसद मोहम्मद रज़ा रज़ाई ने कहा है कि ईरान के लिए होर्मुज़ स्ट्रेट परमाणु हथियार से ज़्यादा अहम है.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा

  1. ईरानी सांसद ने किसे बताया परमाणु हथियार से भी ज़्यादा अहम?

    ईरान

    इमेज स्रोत, ATTA KENARE / AFP via Getty Images

    ईरानी सांसद मोहम्मद रज़ा रज़ाई ने कहा है कि ईरान के लिए होर्मुज़ स्ट्रेट परमाणु हथियार से ज़्यादा अहम है.

    मोहम्मद रज़ा रज़ाई ने कहा, "होर्मुज़ स्ट्रेट को संभालना और उस पर नियंत्रण करना परमाणु हथियार बनाने से ज़्यादा ज़रूरी है."

    ईरान के सरकारी चैनल अल-आलम टीवी के मुताबिक़ रज़ाई ने कहा, "होर्मुज़ स्ट्रेट पर नियंत्रण पाना ईरानी जनता की मांग है और हम इससे पीछे नहीं हटेंगे."

    इसके अलावा, ईरान की संसद के एक सदस्य के अनुसार, होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़रने वाले जहाज़ों से ली जाने वाली फ़ीस का 30 फ़ीसदी हिस्सा सैन्य ढांचे को मज़बूत करने में खर्च किया जाएगा.

    गौरतलब है कि ईरान ने कहा था कि वह होर्मुज़ स्ट्रेट से आवाजाही करने वाले जहाज़ों से टोल वसूलेगा. हालांकि, बाद में अमेरिका ने यहां नाकाबंदी कर दी.

  2. सोमालिया के समुद्री लुटेरों ने तेल टैंकर को किया हाइजैक, अधिकारियों ने क्या बताया?

    अदन की खाड़ी

    इमेज स्रोत, Scott Wallace/Getty Images

    सोमालिया के समुद्री लुटेरों ने यमन के तट के पास एक तेल टैंकर को क़ब्ज़े में ले लिया है. यह जानकारी सोमालिया के सुरक्षा अधिकारियों ने बीबीसी को दी है.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, यमन के कोस्ट गार्ड ने बताया था कि एमटी यूरिका नाम का टैंकर हाइजैक कर सोमालिया ले जाया गया है.

    सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि एमटी यूरिका पश्चिम अफ़्रीका में टोगो का झंडा लेकर चल रहा था.

    सूत्रों ने कहा कि टैंकर पर समुद्री लुटेरों ने अदन की खाड़ी में क़ाना बंदरगाह के पास हमला किया.

    सुरक्षा अधिकारियों ने बीबीसी को बताया कि लुटेरे क़ंदाला कस्बे के पास एक दूर के तटीय इलाक़े से निकले थे

    यह 10 दिनों में दूसरी बार हुआ है जब इस क्षेत्र में तेल टैंकर हाइजैक किया गया. इससे पहले 22 अप्रैल को समुद्री लुटेरों ने ऑनर 25 नाम के टैंकर को क़ब्ज़े में लिया था.

  3. दिल्ली: शाहदरा की चार मंज़िला इमारत में भीषण आग, पार्षद ने बताया- नौ लोगों की मौत

    आग

    इमेज स्रोत, ani

    दिल्ली के शाहदरा इलाक़े के विवेक विहार में रविवार सुबह चार मंज़िला इमारत में भीषण आग लग गई. स्थानीय नगर पार्षद ने बताया कि इस हादसे के बादनौ लोगों के शव मिले हैं.

    रेस्क्यू और आग बुझाने के दौरान बिल्डिंग से 10-15 लोगों को बचाया गया.

    वहीं शाहदरा ज़िले के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने कहा, "हमें सुबह 4 बजे आग लगने की सूचना मिली. फ़ायर ब्रिगेड तुरंत मौके पर पहुंची और आग पर क़ाबू पाया. यहां 3-4 शव मिले हैं."

    स्थानीय नगर पार्षद पंकज लूथरा ने कहा, "सूचना मिलते ही मैं तुरंत मौके पर पहुंचा. दूसरी मंज़िल के पीछे की तरफ़ पांच शव मिले. पीछे की तरफ़ एक और शव मिला और सबसे ऊपर की मंज़िल पर तीन शव मिले."

    उन्होंने कहा, "अब तक नौ शव मिलने की पुष्टि हो चुकी है."

  4. आईपीएल: मुंबई इंडियंस पर चेन्नई सुपरकिंग्स की जीत के बाद ऋतुराज गायकवाड़ की चर्चा क्यों?

    ऋतुराज गायकवाड़

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, चेपॉक स्टेडियम में मुंबई ने टॉस जीतकर चेन्नई के ख़िलाफ़ पहले बल्लेबाज़ी की

    चेन्नई चेन्नई सुपर किंग्स ने शनिवार को हुए आईपीएल के मुक़ाबले में मुंबई इंडियंस को 8 विकेट से हराया. इस मैच के बाद से ही ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी पारी की खूब चर्चा हो रही है. सीएसके और मुंबई इंडियंस कट्टर प्रतिद्वंद्वी समझे जाते हैं.

    दोनों के बीच पिछले सात मुक़ाबलों में सीएसके हावी रही है.

    दरअसल, चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में मुंबई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 159 रन बनाए.

    160 रन का टारगेट चेज़ करते हुए चेन्नई की टीम ने 13 रन पर संजू सैमसन का अहम विकेट गंवा दिया.

    इसके बाद कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने पारी को संभालते हुए पहले उर्विल पटेल के साथ 49 और बाद में कार्तिक शर्मा के साथ नाबाद 98 रन की साझेदारी की.

    ऋतुराज गायकवाड़ ने 48 गेंदों पर नाबाद 67 रन की पारी खेली. चेन्नई ने 18.1 ओवर में 2 विकेट पर टारगेट चेज़ कर लिया.

  5. चीन ने अमेरिकी प्रतिबंधों को मानने से किया इनकार, जानें क्या कहा?

    शी जिनपिंग

    इमेज स्रोत, Ken Ishii - Pool/Getty Images

    इमेज कैप्शन, मई के महीने में ही डोनाल्ड ट्रंप की चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाक़ात करेंगे (फ़ाइल फ़ोटो)

    चीन ने कहा है कि वह ईरानी तेल खरीदने वाली पांच कंपनियों पर लगाई गई अमेरिकी पाबंदियों को नहीं मानेगा.

    चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने शनिवार को एक बयान में कहा, "ये पाबंदियां अन्य देशों के साथ सामान्य आर्थिक और व्यापारिक कामकाज करने से चीनी कंपनियों को रोकती हैं. अंतरराष्ट्रीय क़ानून और अंतरराष्ट्रीय संबंधों के मूल सिद्धांतों का उल्लंघन करती हैं."

    मंत्रालय ने कहा कि वह अमेरिकी पाबंदियों को मान्यता नहीं देता और चीनी कंपनियों व संस्थानों को इन्हें लागू नहीं करना चाहिए.

    मंत्रालय ने आगे कहा, "चीनी सरकार हमेशा उन एकतरफ़ा पाबंदियों का विरोध करती है जो संयुक्त राष्ट्र की मंज़ूरी के बिना और अंतरराष्ट्रीय क़ानून पर आधारित नहीं होतीं."

    कल ही अमेरिका ने एक और चीनी कंपनी पर पाबंदी लगाई थी. अमेरिका ने कहा था कि चीनी कंपनी ने "लाखों बैरल" ईरानी कच्चा तेल आयात किया और ईरान के लिए अरबों डॉलर की आमदनी जुटाई.

    हालांकि, चीन के वाणिज्य मंत्रालय के बयान में उस कंपनी का नाम नहीं बताया गया है.

    गौरतलब है कि अमेरिका की ओर से ये पाबंदियां ऐसे समय में सामने आई हैं जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इसी महीने चीन की यात्रा पर जाएंगे और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाक़ात करेंगे.

  6. पश्चिम बंगाल की इस सीट पर 21 मई को फिर होगी वोटिंग, क्या है वजह?

    महिला वोटर्स

    इमेज स्रोत, Samir Jana/ Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, फाल्टा सीट के वोटों की गिनती 24 मई को होगी (फ़ाइल फ़ोटो)

    पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना ज़िले की फाल्टा विधानसभा सीट के सभी 285 मतदान केंद्रों पर 21 मई को फिर से वोटिंग होगी.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, चुनाव आयोग की ओर से फिर से मतदान का आदेश इसलिए दिया गया क्योंकि 29 अप्रैल को हुए मतदान में 'गंभीर चुनावी गड़बड़ियां और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बिगाड़ने की घटनाएं' सामने आई थीं.

    आयोग ने अपने आदेश में कहा कि उसने मुख्य चुनाव अधिकारी, ज़िला चुनाव अधिकारी, रिटर्निंग अधिकारी और अन्य अधिकारियों की रिपोर्टों को ध्यान से देखा. साथ ही पर्यवेक्षकों की राय जानी और उपलब्ध दस्तावेज़ों को भी जांचा, उसके बाद यह फ़ैसला लिया गया.

    पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट में “मतदाताओं को डराने, बूथों के अंदर ग़ैरक़ानूनी मौजूदगी और छेड़छाड़ की आशंका” जैसी बातें सामने आईं.

    इसके बाद आयोग ने कहा कि फाल्टा विधानसभा सीट के सभी मतदान केंद्रों पर 21 मई को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक फिर से मतदान होगा.

    इस दौरान “कड़ी सुरक्षा व्यवस्था” की जाएगी ताकि मतदान स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से हो सके.

    चुनाव आयोग ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि पर्याप्त केंद्रीय बल, माइक्रो-ऑब्ज़र्वर और वेबकास्टिंग की व्यवस्था की जाए ताकि “गड़बड़ी दोबारा न हो.”

    पूरा चुनाव प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग और सख़्त निगरानी भी होगी.

    चुनाव आयोग से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि फाल्टा सीट के वोटों की गिनती 24 मई को होगी

    ग़ौरतलब है कि दो चरणों (23 अप्रैल और 29 अप्रैल) में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 मई को आएंगे.

  7. ईरान के युद्ध खत्म करने वाले प्रस्ताव पर डोनाल्ड ट्रंप ने अब क्या कहा?

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Jim LoScalzo/EPA/Bloomberg via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने शुक्रवार को कहा था कि वो ईरान के प्रस्ताव से स संतुष्ट नहीं हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिका और ईरान के बीच बीते तीन हफ़्तों से युद्धविराम चल रहा है. ईरान ने युद्ध को ख़त्म करने के लिए नया प्लान भेजा है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वो इसे रिव्यू करेंगे.

    डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में लिखा, "मैं जल्द ही उस प्लान को रिव्यू करूंगा जो ईरान ने हमें भेजा है."

    उन्होंने लिखा, "लेकिन मुझे नहीं लगता कि यह स्वीकार्य होगा, क्योंकि उन्होंने अब तक इंसानियत और दुनिया के साथ पिछले 47 सालों में जो किया है, उसकी बड़ी क़ीमत नहीं चुकाई है."

    इससे पहले भी डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को एक बयान में कहा था कि वो ईरान की ओर से भेजे गए प्लान से संतुष्ट नहीं हैं.

    उन्होंने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए कहा, ''ईरान समझौता करना चाहता है, लेकिन वे उनके प्रस्तावों से संतुष्ट नहीं हैं. अब देखते हैं आगे क्या होता है.''

  8. डोनाल्ड ट्रंप के बयान के बाद ईरान ने कहा- फ़ैसला अमेरिका के हाथ में

    काज़ेम ग़रीबाबादी

    इमेज स्रोत, Askin Kiyagan/Anadolu Agency/Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान के डिप्टी विदेश मंत्री काज़ेम ग़रीबाबादी ने राजधानी तेहरान में कुछ राजदूतों से मुलाक़ात की

    ईरान ने कहा है कि उसने अमेरिका से हमेशा के लिए युद्ध ख़त्म करने के लिए पाकिस्तान को प्लान भेजा है.

    हालांकि, इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप शुक्रवार को कह चुके हैं कि ईरान की ओर से आए एक प्लान से वो संतुष्ट नहीं हैं.

    इसके बाद शनिवार को ईरान के डिप्टी विदेश मंत्री काज़ेम ग़रीबाबादी ने कहा कि ईरान ने पाकिस्तान को मध्यस्थ बनाकर युद्ध को हमेशा के लिए ख़त्म करने का अपना प्लान दिया है.

    उन्होंने कहा, "अब फ़ैसला अमेरिका के हाथ में है कि वह बातचीत का रास्ता चुनता है या टकराव जारी रखता है."

    ग़रीबाबादी ने शनिवार को ईरान की राजधानी तेहरान में कुछ राजदूतों से मुलाक़ात की, उन्हें युद्ध ख़त्म करने के प्रस्ताव के बारे में बताया.

    गौरतलब है कि अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम को लगभग तीन हफ़्ते हो चुके हैं. हालांकि, दोनों के बीच अभी तक युद्ध ख़त्म करने पर सहमति नहीं बनी है.

  9. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.