You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लाइव, चीन के बाद अब रूस ने भी क्यूबा पर अमेरिका के इस फ़ैसले की आलोचना की

चीन के बाद अब रूस ने भी क्यूबा के पूर्व राष्ट्रपति राउल कास्त्रो पर हत्या का मुक़दमा चलाने के अमेरिकी फ़ैसले की आलोचना की है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह

  1. चीन के बाद अब रूस ने भी क्यूबा पर अमेरिका के इस फ़ैसले की आलोचना की

    चीन के बाद अब रूस ने भी क्यूबा के पूर्व राष्ट्रपति राउल कास्त्रो पर हत्या का मुक़दमा चलाने के अमेरिकी फ़ैसले की आलोचना की है.

    क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने गुरुवार को रूसी सरकारी मीडिया से कहा कि रूस के लंबे समय से सहयोगी रहे क्यूबा के ख़िलाफ़ अमेरिका का दबाव अभियान, जिसमें कास्त्रो पर मुक़दमा भी शामिल है, "स्वीकार्य नहीं है."

    उन्होंने कहा, "हम मानते हैं कि किसी भी हालत में ऐसे तरीक़ों का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए, जो हिंसा की सीमा तक पहुंचते हों, चाहे मामला किसी पूर्व या मौजूदा राष्ट्र प्रमुख का ही क्यों न हो."

    इससे पहले चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने कहा था कि अमेरिका को "हर बात पर बल प्रयोग की धमकी देना बंद करना चाहिए". उन्होंने कहा था कि चीन "क्यूबा के समर्थन में मज़बूती से खड़ा है."

    अमेरिका ने कास्त्रो पर 1996 में दो विमानों को गिराने की घटना को लेकर आरोप लगाए हैं. इस घटना में चार लोगों की मौत हुई थी और इससे वॉशिंगटन और कैरेबियाई द्वीप क्यूबा के बीच राजनयिक तनाव बढ़ गया था.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार क्यूबा पर दबाव बनाने की कोशिश करते रहे हैं और उन्होंने वहां की कम्युनिस्ट सरकार को हटाने की बात भी खुलकर कही है.

    अमेरिका ने क्यूबा पर नए प्रतिबंध लगाए हैं और वहां तेल आपूर्ति पर प्रभावी रोक लगा दी है. इससे देश में ईंधन संकट और गहरा गया है और बिजली कटौती और खाद्य पदार्थों की कमी जैसी समस्याएं बढ़ी हैं.

  2. महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल के अगले सीज़न में खेलेंगे या नहीं? ऋतुराज गायकवाड़ ने क्या बताया

    चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने आईपीएल के अगले सीज़न में महेंद्र सिंह धोनी के खेलने से जुड़े सवाल का जवाब दिया है.

    यह पहली बार है जब धोनी ने सीएसके की ओर से आईपीएल के एक सीज़न में एक भी लीग मैच नहीं खेला है.

    गुरुवार को सीएसके ने इस सीज़न का आखिरी लीग मैच खेला. यह मैच गुजरात टाइटंस के ख़िलाफ़ था, जिसे शुभमन गिल के नेतृत्व वाली टीम ने 89 रन के बड़े अंतर से जीत लिया.

    मैच के बाद सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ से अगले सीज़न में धोनी के खेलने से जुड़ा सवाल किया गया.

    जिस पर उन्होंने कहा, "इसका जवाब आपको अगले साल ही पता चलेगा. मुझे भी अगले साल ही पता चलेगा. उनकी कमी हमें निश्चित तौर पर बहुत महसूस हुई."

    उन्होंने कहा, "वह ऐसे खिलाड़ी हैं जिनसे विपक्षी टीम में डर बना रहता है, ख़ासकर आख़िरी ओवरों में. वह सिर्फ़ क्रीज़ पर टिककर मैच और उसका मोमेंटम बदल सकते हैं. इसलिए इस सीज़न में उनकी कमी हमें काफ़ी खली."

    "लेकिन अगले सीज़न के बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता."

  3. अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने अपनी भारत यात्रा को लेकर क्या कहा

    अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने अपने भारत दौरे से पहले कहा है कि भारत अमेरिका का 'एक अहम सहयोगी और साझेदार' है. उन्होंने कहा कि भारत के साथ 'कई मुद्दों पर काम किया जाना है'.

    मीडिया से बातचीत में रुबियो ने कहा, "हम उन्हें (भारत को) उतनी एनर्जी बेचना चाहते हैं, जितना वे ख़रीदना चाहें. अमेरिका इस समय उत्पादन और निर्यात के ऐतिहासिक स्तर पर है. हम इसे और बढ़ाना चाहते हैं."

    उन्होंने कहा, "इस बारे में भारत के साथ पहले से बातचीत चल रही थी और हम चाहते हैं कि भारत के ऊर्जा पोर्टफ़ोलियो में हमारी हिस्सेदारी और बड़ी हो."

    होर्मुज़ स्ट्रेट से स्वतंत्र आवाजाही बंद होने के कारण दुनियाभर में ऊर्जा संकट जारी है. भारत में भी इसका साफ़ असर दिखा है, हालांकि भारत सरकार यह दावा करती आई है कि देश में पर्याप्त ईंधन मौजूद है.

    अमेरिकी विदेश मंत्री ने यह भी कहा कि उनका आगामी भारत दौरा महत्वपूर्ण है.

    रुबियो ने कहा, "भारत के साथ कई मुद्दों पर काम किया जाना है. वे एक अहम सहयोगी और साझेदार हैं. हम उनके साथ कई सारे अच्छे काम करते हैं. इसलिए यह दौरा महत्वपूर्ण है."

    उन्होंने कहा, "मुझे ख़ुशी है कि हम यह दौरा कर पा रहे हैं. वहां हम क्वाड देशों के साथ भी बैठक करेंगे."

    आकाशवाणी के मुताबिक़, मार्को रुबियो चार दिन के भारत दौरे पर आ रहे हैं. उनका यह दौरा 23 मई से शुरू होगा, जो कि 26 मई तक चलेगा.

    इस दौरान रुबियो दिल्ली, जयपुर, कोलकाता और आगरा का दौरा करेंगे.

  4. दिल्ली: एयर इंडिया के विमान के इंजन में आग के बाद सुरक्षित लैंडिंग

    बेंगलुरु से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ़्लाइट AI2802 ने गुरुवार शाम इंजन में आग लगने के बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की. इस विमान में 160 यात्री सवार थे.

    एयर इंडिया ने इस घटना पर बयान जारी किया है, जिसमें कहा गया, "दिल्ली में विमान की अंतिम लैंडिंग प्रक्रिया के दौरान कॉकपिट क्रू को एक इंजन में आग लगने का संकेत मिला. बाद में ये संकेत सही पाए गए."

    "क्रू ने सभी मानक संचालन प्रक्रियाओं का पालन किया और विमान को सुरक्षित रूप से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतारा. सभी यात्री और क्रू सुरक्षित हैं और सामान्य तरीक़े से विमान से बाहर निकल गए."

    एयर इंडिया ने इस घटना की जांच तुरंत शुरू करने की बात कही है. यह जांच संबंधित नियामक अधिकारियों के साथ मिलकर की जाएगी.

  5. अमेरिकी विदेश मंत्री ने ईरान से बातचीत में प्रगति की बात कही, ईरान क्या बोला

    अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने गुरुवार को उम्मीद जताई कि पाकिस्तानी सेना प्रमुख की ईरान यात्रा युद्ध को समाप्त करने की दिशा में कूटनीति को आगे बढ़ाएगी, और कहा कि इस दिशा में प्रगति हुई है.

    रुबियो ने पत्रकारों को बताया कि उन्हें इस बात की जानकारी थी कि पाकिस्तानी अधिकारी तेहरान की यात्रा करेंगे.

    उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे युद्ध समाप्त करने के लिए चल रही बातचीत में और प्रगति करने में मदद मिलेगी.

    अमेरिकी विदेश मंत्री ने एक बार फिर ईरान के ख़िलाफ़ युद्ध में अमेरिका का समर्थन नहीं करने पर नेटो की आलोचना की.

    उन्होंने पत्रकारों से कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति "उनसे लड़ाकू विमान भेजने के लिए नहीं कह रहे हैं. लेकिन वे कुछ भी करने से इनकार कर रहे हैं."

    रुबियो ने कहा, "हम इससे बहुत नाराज़ हैं."

    वहीं ईरानी विदेश मंत्रालय ने कहा कि अमेरिका के साथ मौजूदा वार्ता सिर्फ़ युद्ध समाप्त करने पर केंद्रित है और यूरेनियम भंडारों के बारे में कोई चर्चा नहीं हो रही है.

    बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बक़ाई ने मीडिया को बताया, "वार्ता का मुख्य उद्देश्य लेबनान सहित सभी मोर्चों पर युद्ध को समाप्त करना है."

    उन्होंने कहा, "परमाणु मुद्दों, जिनमें संवर्धित सामग्री का मुद्दा या संवर्धन शामिल है, के बारे में मीडिया में किए गए दावे केवल अटकलें हैं और इनमें विश्वसनीयता की कमी है."

    गुरुवार को ईरान के यूरेनियम भंडार से जुड़े अमेरिकी राष्ट्रपति के बयान के बाद मीडिया में कई तरह की चर्चाएं हो रही थीं, इस्माइल बक़ाई इन्हीं रिपोर्ट्स की ओर इशारा कर रहे थे.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को व्हाइट हाउस में ईरान के यूरेनियम भंडार के बारे में कहा था कि अमेरिका इसे हासिल कर लेगा.

    उन्होंने कहा, "हम इसे हासिल कर लेंगे. हमें इसकी ज़रूरत नहीं है, हम इसे नहीं चाहते. शायद हम इसे हासिल करने के बाद नष्ट भी कर दें, लेकिन हम उन्हें इसे हासिल नहीं होने देंगे."

  6. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.