नमस्कार!
अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
तेलुगु फ़िल्मों के अभिनेता राम चरण ने भारतीय गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह से माफ़ी मांगी है.
रौनक भैड़ा, सुमंत सिंह
नमस्कार!
अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
तेलुगु फ़िल्मों के अभिनेता राम चरण ने भारतीय गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह से माफ़ी मांगी है.
दरअसल, राम चरण ने अपनी आने वाली एक फ़िल्म के प्रमोशन के दौरान इवेंट में ग़लती से जसप्रीत बुमराह को फ़ुटबॉलर बता दिया था.
राम चरण का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और इसके तुरंत बाद राम चरण ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए बुमराह से माफ़ी मांगी.
राम चरण ने शनिवार देर रात को एक्स पर लिखा, "उफ़… मैं सच में कभी-कभी नाम भूल जाता हूं."
"ग़लती के लिए जसप्रीत बुमराह जी से माफ़ी चाहता हूं, भीड़ और जोश के बीच हुई यह एक मानवीय भूल थी."
उन्होंने कहा, "मैं आपको सच में बहुत मानता हूं और आपके खेल का बड़ा प्रशंसक हूं. जब आप लगातार बल्लेबाज़ों को पीछे धकेलते हैं तो हर भारतीय को गर्व महसूस कराते हैं."
भारत में ईरान के दूतावास ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की हाल की टिप्पणियों को ख़ारिज किया है. दूतावास ने कहा है कि रुबियो ने क्षेत्र के हालात को ग़लत तरीक़े से दिखाने की कोशिश की है.
भारत में ईरान के दूतावास ने कहा कि रुबियो के बयानों का असली मकसद अमेरिका और इसराइल की अस्थिर नीतियों से ध्यान हटाना है.
दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "ईरान दुनिया के तेल और ऊर्जा के बड़े निर्यातकों में से एक है, जो भारत समेत दुनिया के सभी देशों को ऊर्जा संसाधन देने के लिए तैयार रहा है."
"लेकिन हाल के सालों में वैश्विक ऊर्जा बाज़ार की मुश्किल बढ़ाने की असली वजह अमेरिका है, जिसने ईरान के तेल निर्यात पर ग़ैरक़ानूनी और नाइंसाफ़ी वाले प्रतिबंध लगा रखे हैं. ये प्रतिबंध अंतरराष्ट्रीय क़ानून और संयुक्त राष्ट्र के नियमों के ख़िलाफ़ हैं और इनका मक़सद ईरानी जनता पर आर्थिक दबाव डालना है."
दूतावास ने आगे लिखा, "तेल पर लगाए गए प्रतिबंधों के अलावा अमेरिका ने दवाओं पर रोक लगाई. इसकी वजह से कई मासूम मरीज़ों की ज़िंदगी ख़तरे में पड़ी और लोगों को बड़ी तकलीफ़ें झेलनी पड़ीं."
हालाँकि दूतावास ने अपने बयान में मार्को रुबियो की टिप्पणियों का ज़िक्र नहीं किया है.
मार्को रुबियो ने शनिवार को ईरान पर कई गंभीर आरोप लगाए, जिनमें ईरान को वैश्विक तेल संकट और खाड़ी क्षेत्र में तनाव का मुख्य ज़िम्मेदार ठहराया गया था.
गौरतलब है कि अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो 23 मई से 26 मई तक भारत यात्रा पर हैं. बतौर विदेश मंत्री भारत में यह उनकी पहली आधिकारिक यात्रा है.
त्विषा शर्मा की मौत का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है. सर्वोच्च अदालत ने इस मामले पर शनिवार को स्वत: संज्ञान लेते हुए सुनवाई का फ़ैसला किया है.
लाइव लॉ के मुताबिक़, मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली सुप्रीम कोर्ट की एक बेंच त्विषा शर्मा की मौत के मामले पर सोमवार को सुनवाई करेगी.
त्विषा शर्मा के पति समर्थ सिंह पर दहेज़ के लिए प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है.
समर्थ सिंह ने शुक्रवार को जबलपुर में सरेंडर किया था, जिसके बाद शनिवार को उन्हें 7 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया.
दूसरी ओर, मध्य प्रदेश पुलिस ने त्विषा की सास और समर्थ की मां गिरिबाला सिंह को मिली अग्रिम ज़मानत रद्द करने के लिए हाई कोर्ट का रुख़ किया है.
त्विषा शर्मा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल के घर में मृत पाई गईं थीं.
इस मामले की जांच के लिए एम्स दिल्ली के चार वरिष्ठ डॉक्टरों की टीम शनिवार शाम राज्य सरकार के चार्टर्ड विमान से भोपाल पहुंची.
अधिकारियों के मुताबिक़, टीम अत्याधुनिक फॉरेंसिक उपकरण भी साथ लेकर आई है.
त्विषा शर्मा के शव का रविवार को दोबारा पोस्टमार्टम होगा, जो उनके परिजनों की मौजूदगी में किया जाएगा. पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी.
(आत्महत्या एक गंभीर मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्या है. अगर आप भी तनाव से गुजर रहे हैं तो भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 से मदद ले सकते हैं. आपको अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी बात करनी चाहिए.)
पाकिस्तान के क्वेटा शहर में चमन फाटक के पास रविवार को रेलवे ट्रैक पर धमाका हुआ है. इस धमाके में 20 लोगों की मौत हो गई है और 70 से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं.
धमाके की वजह से एक ट्रेन के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए, जबकि दो डिब्बे पलट गए.
चश्मदीदों के अनुसार, धमाका इतना तेज़ था कि रेलवे ट्रैक के पास खड़े कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि आसपास के घरों को भी नुक़सान पहुंचा.
सेना और पुलिस बल हादसे वाली जगह पर मौजूद हैं. अधिकारियों ने अभी तक धमाके की वजह या हताहतों की संख्या के बारे में कोई बयान जारी नहीं किया है.
रेल मंत्री मुहम्मद हनीफ़ अब्बासी ने क्वेटा में हुए धमाके की कड़ी निंदा की है.
रेलवे प्रवक्ता की ओर से जारी बयान में रेल मंत्री हनीफ़ अब्बासी ने कहा, "क्वेटा कैंट से आने वाली एक शटल ट्रेन चमन फाटक के पास धमाके की चपेट में आ गई."
उन्होंने बताया धमाके की वजह से इंजन समेत तीन डिब्बे पटरी से उतर गए, जबकि दो डिब्बे पलट गए.
अमेरिका केवॉशिंगटन में व्हाइट हाउस के बाहर हुई गोलीबारी में मारे गए संदिग्ध की पहचान हो गई है. शख़्स का नाम नासिर बेस्ट है, जिसकी उम्र 21 साल है.
जांच कर रहे एक अधिकारी ने बीबीसी के अमेरिकी मीडिया पार्टनर सीबीएस को यह जानकारी दी है.
सूत्र ने बताया कि इस संदिग्ध को जुलाई 2025 में भी अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने गिरफ़्तार किया था, जब उसने व्हाइट हाउस में घुसने की कोशिश की थी.
इसके बाद उसे मानसिक स्वास्थ्य की समस्या के चलते साइकेट्रिक वार्ड भेजा गया था.
सीक्रेट सर्विस के बयान के मुताबिक़, शनिवार शाम छह बजे 17वीं स्ट्रीट और पेंसिलवेनिया एवेन्यू के पास इस शख़्स ने अपने बैग से हथियार निकाला और फ़ायरिंग शुरू कर दी.
इसके बाद सीक्रेट सर्विस पुलिस ने जवाबी फ़ायर किया और संदिग्ध को गोली लगी. उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया.
इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपने आख़िरी मैच में तेज़ गेंदबाज़ अर्जुन तेंदुलकर को खेलने का मौक़ा दिया.
अर्जुन के प्रदर्शन को देखने के बाद उनके पिता और दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट लिखा.
दरअसल, अर्जुन तेंदुलकर ने पंजाब किंग्स के ख़िलाफ़ मैच में एलएसजी के लिए डेब्यू किया. अर्जुन ने चार ओवर गेंदबाज़ी करते हुए 36 रन दिए और एक विकेट हासिल किया.
इसके बाद सचिन तेंदुलकर ने एक्स पर लिखा, "शाबाश, अर्जुन. इस सीज़न में जिस तरह तुमने ख़ुद को संभाला है, उस पर गर्व है. हमेशा अपनी क्षमता पर भरोसा रखा, धैर्य बनाए रखा, चुपचाप मेहनत की और आख़िरी मैच तक मौक़े का इंतज़ार करते हुए भी पॉज़िटिव बने रहे."
उन्होंने लिखा, "क्रिकेट धैर्य और हुनर दोनों की परीक्षा लेता है, आज तुमने दोनों को बहुत अच्छे से संभाला. ज़मीन से जुड़े रहो, खेल से उसी तरह प्यार करते रहो जैसे हमेशा करते आए हो."
उल्लेखनीय है कि इकाना स्टेडियम में पंजाब किंग्स के ख़िलाफ़ खेले गए आख़िरी लीग मैच में एलएसजी को हार का सामना करना पड़ा.
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए एलएसजी ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुक़सान पर 196 रन बनाए. इसके जवाब में पंजाब किंग्स ने 18 ओवर की समाप्ति पर ही 7 विकेट से जीत हासिल कर ली.
मध्य-पूर्व में चल रहे तनाव के बीच पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को 'शांति स्थापित करने की कोशिशों' पर बधाई दी है.
शहबाज़ शरीफ़ ने यह उम्मीद भी जताई है कि पाकिस्तान बहुत जल्द अगली बैठक की मेज़बानी करेगा.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से शांति स्थापित करने के लिए की गई उनकी कोशिशों पर बधाई देता हूं."
शरीफ़ ने लिखा, "उन्होंने (ट्रंप) आज सुबह सऊदी अरब, क़तर, तुर्की, मिस्र, यूएई, जॉर्डन और पाकिस्तान के नेताओं के साथ टेलीफ़ोन पर उपयोगी बातचीत की. पाकिस्तान की तरफ़ से फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने इस बातचीत में हिस्सा लिया. इस प्रक्रिया में उनकी ओर से निरंतर की गई मेहनत की सराहना करता हूं."
उन्होंने आगे लिखा, "इन चर्चाओं ने मौजूदा क्षेत्रीय हालात पर विचार साझा करने और शांति स्थापित करने के प्रयासों को आगे बढ़ाने का अच्छा मौक़ा दिया. पाकिस्तान पूरी ईमानदारी से अपनी शांति कोशिशें जारी रखेगा और हमें उम्मीद है कि बहुत जल्द हम अगली बैठक की मेज़बानी करेंगे."
गौरतलब है कि पाकिस्तान के फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर शुक्रवार को ईरान की राजधानी तेहरान पहुंचे थे. यहां उन्होंने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची से मुलाक़ात की थी.
पश्चिम बंगाल की फाल्टा विधानसभा सीट पर वोटों की गिनती रविवार सुबह 8 बजे कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो गई.
चुनाव आयोग के एक अधिकारी ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, "वोटों की गिनती शांतिपूर्ण तरीके से चल रही है. मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के पूरे इंतज़ाम किए गए हैं."
दरअसल, इस सीट के सभी 285 बूथों पर 21 मई को दोबारा मतदान कराया गया था.
इससे पहले 29 अप्रैल को दक्षिण 24 परगना ज़िले की इस सीट पर दूसरे चरण में मतदान हुआ था, लेकिन ईवीएम में गड़बड़ी और अनियमितताओं के आरोपों के बाद चुनाव रद्द कर दिया गया था.
फाल्टा सीट पर तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जहांगीर ख़ान पहले ही चुनाव से पीछे हट गए थे. लेकिन ईवीएम पर उनका नाम है, क्योंकि उन्होंने यह फ़ैसला नाम वापस लेने की आख़िरी तारीख़ के बाद किया था.
यहां बीजेपी के उम्मीदवार देबांग्शु पांडा, कांग्रेस के अब्दुर रज़्ज़ाक मोल्ला और सीपीआई (एम) के संभू नाथ कुर्मी भी चुनावी मैदान में हैं.
पाकिस्तान में बलूचिस्तान के चाग़ी ज़िले और क्वेटा के बीच सफ़र करते समय अगवा किए गए 21 मज़दूर छुड़ा लिए गए हैं. जिस कंपनी के लिए मज़दूरों ने काम किया, उसके एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को इसकी पुष्टि की.
दरअसल, इन मज़दूरों को मंगलवार को अगवा किया गया था. लेकिन अपहरण की आधिकारिक पुष्टि न होने की वजह से यह घटना मुख्यधारा के मीडिया में रिपोर्ट नहीं हुई. उस समय अगवा किए गए मज़दूरों की संख्या 17 बताई गई थी.
शनिवार को मज़दूरों के छुड़ाए जाने की ख़बर आई तो बीबीसी ने एक कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी से फ़ोन पर बात की. उन्होंने नाम न बताने की शर्त पर पुष्टि करते हुए कहा कि अगवा किए गए मज़दूरों की असली संख्या 17 नहीं, बल्कि 21 थी.
उन्होंने कहा कि जिन लोगों को इस कंपनी से जोड़ा जा रहा है, उनका कंपनी से सीधा संबंध नहीं था. ये मज़दूर एक ठेकेदार के तहत काम कर रहे थे, जिसका कंपनी से किया गया कॉन्ट्रैक्ट अब ख़त्म हो चुका है.
वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक़, उन्हें यह जानकारी नहीं है कि मज़दूरों को कैसे छुड़ाया गया.
गौरतलब है कि बलूचिस्तान के अलग-अलग इलाक़ों में खनन और निर्माण कंपनियों से जुड़े मज़दूरों के अपहरण की घटनाएं सामने आती रही हैं.
पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नक़वी ईरान की यात्रा करके अपने देश लौट आए हैं.
इसके बाद पाकिस्तान में ईरान के राजदूत रज़ा अमीरी मुक़द्दम ने बताया कि पाकिस्तान कोशिशों की वजह से हाल की बातचीत अच्छी रही है.
रज़ा अमीरी मुक़द्दम ने कहा कि अगर दूसरा पक्ष गंभीरता दिखाए, तो क्षेत्र में शांति स्थापित हो सकती है.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "मोहसिन नक़वी ने तेहरान से लौटने के बाद ईरानी अधिकारियों के साथ हुई बातचीत की सफलता पर मुझे बधाई दी."
रज़ा अमीरी मुक़द्दम ने लिखा, "अगर दूसरा पक्ष पूरी तरह से गंभीर रहेगा, तो एक अच्छा क़दम सामने आने वाला है. इस बातचीत में हुई तरक़्क़ी ईरान के रुख़, उसकी सेना की मज़बूती और जनता की हिम्मत का नतीजा है. साथ ही इसमें पाकिस्तान की मध्यस्थता की कोशिशें भी शामिल हैं."
उन्होंने आगे लिखा, "मैं उम्मीद करता हूं कि पाकिस्तान की सरकार और सेना की सच्ची कोशिशें इस क्षेत्र में स्थायी शांति लाएंगी. ख़ासकर प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़, फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर, विदेश मंत्री इसहाक़ डार और गृह मंत्री मोहसिन नक़वी ने ईमानदारी से कोशिश की है."
गौरतलब है कि पाकिस्तान के फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर भी शुक्रवार को ईरान की राजधानी तेहरान पहुंचे थे. यहां उन्होंने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची से मुलाक़ात की थी.
अमेरिका के वॉशिंगटन में शनिवार को व्हाइट हाउस के पास हुई गोलीबारी में एक शख़्स घायल हो गया, जबकि गोलियां चलाने वाला संदिग्ध मारा गया.
घटना के समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के अंदर मौजूद थे. दरअसल, शाम क़रीब छह बजे व्हाइट हाउस में मौजूद कई पत्रकारों ने गोलियों की आवाज़ सुनी.
सीक्रेट सर्विस के बयान के मुताबिक़, 17वीं स्ट्रीट और पेंसिलवेनिया एवेन्यू के पास एक व्यक्ति ने अपने बैग से हथियार निकाला और फ़ायरिंग शुरू कर दी.
सीक्रेट सर्विस पुलिस ने जवाबी फायर किया और संदिग्ध को गोली लगी. उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. इस गोलीबारी में एक राहगीर को भी गोली लगी.
अधिकारियों को कोई चोट नहीं आई. घटना के समय राष्ट्रपति व्हाइट हाउस में मौजूद थे, लेकिन उनकी सुरक्षा या कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ा.
सीबीएस न्यूज़ को सूत्रों ने बताया कि 15 से 30 गोलियां चलीं. ऐसा लग रहा था कि एक शख़्स ने सीक्रेट सर्विस एजेंट्स के पास जाकर उन पर गोली चलाई, लेकिन वह कामयाब नहीं हुआ. इसके बाद एजेंट्स ने जवाबी फ़ायर किया.
एफ़बीआई डायरेक्टर काश पटेल ने कहा कि सीक्रेट सर्विस इस घटना पर कार्रवाई कर रही है. राष्ट्रपति ट्रंप की तरफ़ से अभी तक इस घटना पर कोई बयान नहीं आया है.
गौरतलब है कि एक महीने पहले ही व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर में भी गोलीबारी हुई थी. तब भी संदिग्ध हमलावर पकड़ा गया था.
नमस्कार!
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.
कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.