You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
RSS नेता इंद्रेश कुमार ने कहा, 2025 तक भारत का हिस्सा बन जाएगा पाकिस्तान- प्रेस रिव्यू
इंडियन एक्सप्रेस में ख़बर है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ यानी आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार ने कहा है कि साल 2025 के बाद पाकिस्तान भारत का हिस्सा बन जाएगा.
ये बात उन्होंने शनिवार को मुंबई के कश्मीर मसले पर दिए एक भाषण में कहीं. उन्होंने कहा, "आप लिखकर लीजिए, 5-7 साल बाद आप कहीं, कराची, लाहौर, रावलपिंडी और सियालकोट में मकान खरीदेंगे और बिज़नस करने का मौक़ा मिलेगा."
इंद्रेश कुमार ने कहा, "47 के पहले पाकिस्तान नहीं था. लोग ये कहते हैं 45 के पहले वो हिंदुस्तान था. 25 के बाद फिर से वो हिंदुस्तान होने वाला है.''
उन्होंने उम्मीद जताई कि 'अखंड भारत' का सपना जल्दी ही पूरा होगा.
इंद्रेश ने कहा, "भारत सरकार ने पहली बार कश्मीर पर टफ़ लाइन दी है. क्योंकि सेना पोलिटिकल विल पावर (राजनीतिक इच्छाशक्ति) पर ऐक्ट करती है इसलिए हम ये सपना लेके बैठे हैं कि लाहौर जाकर बैठेंगे और कैलाश मानसरोवर जाने के लिए इजाज़त चाइना से नहीं लेनी पड़ेगी. ढाका में हमने अपने हाथ की सरकार बनाई है एक यूरोपीयन यूनियन जैसा भारतीय यूनियन ऑफ़ अखंड भारत जन्म लेने के रास्ते पर जा सकता है."
कश्मीर में महिला पुलिस अधिकारी की हत्या
टाइम्स ऑफ़ इंडिया में छपी रिपोर्ट के मुताबिक़ जम्मू-कश्मीर के शोपियां में चरमपंथियों ने शनिवार की दोपहर विशेष पुलिस अधिकारी (SPO) ख़ुशबू जान की उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी.
अख़बार एक पुलिस अधिकारी के हवाले से लिखता है कि चरमपंथियों ने ख़ुशबू को काफ़ी करीब आकर गोली मारी थी. गोली लगने से वो बुरी तरह जख़्मी हो गई थीं और अस्पताल में उनकी मौत हो गई.
फ़िलहाल सुरक्षाबलों ने इलाके को घेर लिया है और हमलावर की तलाश जारी है. कश्मीर की दो प्रमुख राजनीतिक दलों पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) और नेशनल कॉफ़्रेंस ने इस घटना की निंदा की है.
पीडीपी अध्यक्ष और राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ़्ती ने ट्वीट कर कहा, "मैं इस जघन्य आतंकी घटना की कड़ी निंदा करती हूं. परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं. ऐसा लगता है घाटी में मौत और विनाश के दुष्चक्र का कोई अंत नहीं है."
नेशनल कॉफ़्रेंस के अध्यक्ष और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी इस बारे में ट्वीट कर पुलिस अधिकारी की मौत पर दुख जताया.
उन्होंने लिखा, "दक्षिण कश्मीर में आज दोपहर एक विशेष पुलिस अधिकारी की उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई. मैं आतंक के इस बर्बर कृत्य की निंदा करता हूं और उनके परिवार समेत जम्मू-कश्मीर पुलिस के उनके सभी साथियों के प्रति संवेदनाएं ज़ाहिर करता हूं."
ये भी पढ़ें: #UnseenKashmir: कश्मीर की कहानी, सीआरपीएफ़ की ज़बानी
'दाऊद और सलाउद्दीन को भारत को सौंपे पाकिस्तान'
जनसत्ता में ख़बर है कि पाकिस्तान की ओर से द्विपक्षीय वार्ता के प्रस्तावों के बीच भारत ने साफ़ कहा है कि अगर वो आतंकवाद से निबटने के लिए वाक़ई गंभीर है तो दाऊद इब्राहिम और सैयद सलाउद्दीन समेत उन सभी आतंकियों को भारत को सौंप दे जो उसके नागरिक हैं.
अख़बार भारतीय विदेश मंत्रालय के अधिकारियों के हवाले से लिखता है कि अगर पाकिस्तान अपने यहां आतंकवाद के ख़िलाफ़ ये कदम नहीं उठाता है तो भारत उसके बातचीत के प्रस्ताव को ठुकरा देगा.
ये भी पढ़ें: दाऊद की बहन हसीना के बारे में जानते हैं आप?
प्रोटोकॉल तोड़ राष्ट्रपति के सिर पर रखा प्यार से रखा हाथ
एक ख़ूबसूरत तस्वीर आज के कई अख़बारों में दिख रही है. दिल्ली में शनिवारको हुए पद्म पुरस्कारों के वितरण समारोह में कर्नाटक से ताल्लुक रखने वाली 107 साल की सालुमरदा तिम्मक्का को भी पद्मश्री पुरस्कार से नवाज़ा गया.
पुरस्कार लेते वक़्त तिम्मक्काने अपना हाथ राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के सिर पर रख दिया. इसके बाद राष्ट्रपति भी भावुक हो गए और उन्होंने अपनी भावनाओं को ट्विटर पर कुछ यूं ज़ाहिर किया:
तिम्मक्का की कहानी भी बेहद प्यारी और प्रेरणादायक है. दरअसल उनके कोई बच्चे नहीं थे और लोग उन्हें ताना देते थे. एक वक़्त ऐसा भी था जब तानों से तंग आकर तिरक्का ख़ुदकुशी करना चाहती थीं लेकिन फिर उन्होंने अपने पति के साथ मिलकर पेड़ लगाने शुरू कर दिए और अब तक वो हज़ारों पेड़ लगा चुकी हैं.
पर्यावरण के लिए उनके बेहतरीन काम की वजह से अब उन्हें 'वृक्ष माता' भी कहा जाता है.
ये भी पढ़ें: एक लड़की, जो अचानक मां बन गई
मेंढक बनाम नेता!
अमर उजाला में चुनावों से ठीक पहले पार्टियों की अदला-बदली करने वाले नेताओं पर चुटकी लेता एक कार्टून छपा है.
कार्टून में एक मेंढक दूसरे मेंढकों से कह रहा है कि- अब चुनाव तक कोई उछलकूद नहीं होगी. लोग हमें नेता कहने लगे हैं!
ये भी पढ़ें: आपके ससंदीय क्षेत्र में कब है चुनाव
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)