वियतनाम में 32 भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही नाव पलटी, 15 की हुई मौत

फ़ू क्वॉक द्वीप, वियतनाम

इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

इमेज कैप्शन, दुर्घटना में लोगों को बचाने के लिए राहत और बचाव कार्य के लिए सुरक्षाबलों को भी लगाया गया
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 3 मिनट

वियतनाम के फ़ू क्वॉक द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों के एक समूह को लेकर जा रही एक स्पीडबोट पलट गई, जिस दुर्घटना में 15 लोगों की मौत हो गई.

वियतनाम में भारतीय दूतावास ने इस घटना की पुष्टि की है.

अधिकारियों से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक़, 32 पर्यटकों, कुछ चालक दल के सदस्यों और फ़्लाइट अटेंडेंट को लेकर जा रही स्पीडबोट 11 जुलाई को दोपहर क़रीब 1 बजे पलटी.

तुओई त्रे अख़बार के मुताबिक़, 23 लोगों को किनारे लाया गया है और उनका इलाज चल रहा है. रजिस्ट्रेशन नंबर एजी 26751 वाली यह स्पीडबोट मिन्ह हुई फ़ू क्वॉक ट्रेडिंग एंड टूरिज़्म कंपनी लिमिटेड की है.

कैसे हुई दुर्घटना

फ़ू क्वॉक द्वीप, वियतनाम

इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

इमेज कैप्शन, सरकारी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक़, वियतनाम के दक्षिणी हिस्से में स्थित द्वीप के पास यह घटना हुई

होन मे रुट न्गोआई से लगभग 400 मीटर आगे बढ़ने के बाद स्पीडबोट में अचानक ख़राबी आ गई और वह पलट गई, जिससे सभी यात्री और चालक दल के सदस्य समुद्र में गिर गए.

एक वीडियो में हादसे वाली जगह पर तेज़ हवा और ऊंची लहरें दिखाई दे रही हैं. बचाव दल पानी में मौजूद लोगों की तरफ़ लाइफ़गार्ड फेंक रहा है, जबकि जेट स्की बचाए गए लोगों को किनारे तक पहुंचाने में जुटी हैं.

सीमा सुरक्षा बल ने बचाव अभियान में दो नौकाएं और 35 जवान तैनात किए.

इस अभियान में नौसेना, तटरक्षक बल और दूसरी संबंधित एजेंसियों ने साथ मिलकर काम किया.

यह हादसा होन मे रुट द्वीप पर हुआ, जो अपनी प्राकृतिक ख़ूबसूरती के लिए मशहूर है और फ़ू क्वॉक के सबसे बेहतरीन कोरल रीफ़ डाइविंग स्थलों में से एक माना जाता है.

इस जगह तक पहुंचने के लिए पर्यटक आमतौर पर नाव का इस्तेमाल करते हैं, जिसमें क़रीब 20 से 40 मिनट का समय लगता है.

भारतीय दूतावास ने क्या कहा

भारतीय पर्यटकों की सूची

इमेज स्रोत, @AmbHanoi

इमेज कैप्शन, दूतावास ने सभी 32 भारतीय पर्यटकों की सूची जारी की है

वियतनाम में भारतीय दूतावास ने एक्स पर लिखा, "आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, कुछ घंटे पहले वियतनाम के फ़ू क्वॉक द्वीप के पास पलटी नाव में ये 32 भारतीय पर्यटक सवार थे."

"हम हताहतों से जुड़ी बाकी जानकारी जुटा रहे हैं. जैसे ही पुष्टि होगी, आगे की जानकारी साझा की जाएगी."

दूतावास ने उन 32 भारतीय पर्यटकों की सूची भी जारी की है.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और व्हॉट्सऐप पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)