अभिनंदन वर्तमान प्राइवेट एयरलाइन कंपनी में बने पायलट, जानिए 2019 में क्या हुआ था

सितंबर 2019 में वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल बीएस धनोआ ने पठानकोट एयर फ़ोर्स स्टेशन पर विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान के साथ मिग-21 की उड़ान भरी थी.

इमेज स्रोत, ANI

इमेज कैप्शन, अभिनंदन वर्तमान का मिग-21 विमान 27 फ़रवरी 2019 को क्रैश हो गया था
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 5 मिनट

बीबीसी को मिली जानकारी के मुताबिक़, भारतीय वायु सेना के रिटायर्ड ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्तमान ने निजी एयरलाइन कंपनी में पायलट के रूप में अपनी नई पारी की शुरुआत की है.

साल 2019 में पुलवामा चरमपंथी हमले के बाद भारतीय वायु सेना ने बालाकोट में एयरस्ट्राइक की थी. इसी दौरान अभिनंदन वर्तमान चर्चा में आए थे.

भारतीय वायु सेना के मुताबिक़, पाकिस्तानी एयर फ़ोर्स के एक एफ़-16 विमान को मार गिराने के बाद अभिनंदन वर्तमान का मिग-21 विमान गिर गया था और वो तीन दिनों तक पाकिस्तानी सेना की हिरासत में थे.

साल 2021 में अभिनंदन को वीर चक्र पुरस्कार से सम्मानित किया गया था, जो कि युद्धकाल में भारत का तीसरा सर्वोच्च वीरता सम्मान है.

पुरस्कार के आधिकारिक उद्धरण के मुताबिक़, उन्हें हवाई लड़ाई के दौरान "कर्तव्य की असाधारण भावना" दिखाने के लिए सम्मानित किया गया था.

समाचार एजेंसी पीटीआई को सूत्रों ने बताया है कि अभिनंदन ने अगस्त में ही निजी एयरलाइन कंपनी में बतौर पायलट नौकरी शुरू की है.

अभिनंदन वर्तमान ने इसी साल भारतीय वायु सेना को अलविदा कह दिया था और इसके बाद उन्होंने निजी एयरलाइन कंपनी जॉइन की है.

साल 2019 में क्या हुआ था?

अभिनंदन वर्तमान

इमेज स्रोत, ANI

इमेज कैप्शन, अभिनंदन वर्तमान तीन दिनों तक पाकिस्तान की हिरासत में थे

जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में 14 फ़रवरी 2019 को केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ़) के एक क़ाफ़िले पर हमला हुआ था.

छोड़कर पॉडकास्ट आगे बढ़ें
Dinbhar: आवाज़ वही, अंदाज़ नया

देश - दुनिया की बड़ी ख़बरें जिन्होंने बटोरी सुर्खियां.

एपिसोड

समाप्त

भारत का आरोप था कि इस हमले में पाकिस्तान में सक्रिय चरमपंथी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का हाथ है.

पुलवामा हमले के बाद भारत ने 26 फ़रवरी 2019 को बालाकोट में एयर स्ट्राइक का दावा किया था. इस हमले के जवाब में पाकिस्तान ने भी 27 फ़रवरी को भारत पर हवाई कार्रवाई की थी.

भारतीय वायु सेना के लड़ाकू विमानों ने उन्हें रोकने की कोशिश की थी. इस दौरान ही विंग कमांडर अभिनंदन मिग 21 लेकर उड़े थे, लेकिन पाकिस्तानी एयरफ़ोर्स के साथ हवाई लड़ाई में उनका विमान गिर गया.

अभिनंदन ने ख़ुद को इजेक्ट किया था और वो पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में गिरे थे. अभिनंदन को पाकिस्तानी सेना ने अपने क़ब्ज़े में ले लिया था. तत्कालीन विंग कमांडर अभिनंदन के पकड़े जाने और पाकिस्तानी सेना के क़ब्ज़े वाली तस्वीरों को लेकर भारत में काफ़ी आक्रोश था.

पाकिस्तानी सेना ने अभिनंदन का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था. इस वीडियो में अभिनंदन ज़ख़्मी दिख रहे थे और उनके चेहरे पर ख़ून फैला हुआ था.

बाद में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने संसद में अभिनंदन को छोड़े जाने की घोषणा की थी. इसके बाद 1 मार्च 2019 को अभिनंदन वर्तमान की वतन वापसी हुई.

अभिनंदन को कैसे छोड़ा गया था?

साल 2019 में तत्कालीन एयर चीफ़ मार्शल बीएस धनोआ के साथ अभिनंदन

इमेज स्रोत, ANI

इमेज कैप्शन, सितंबर 2019 में तत्कालीन एयर चीफ़ मार्शल बीएस धनोआ के साथ अभिनंदन

माना जाता है कि अभिनंदन को हिरासत में लिए जाने के बाद दोनों देशों के बीच राजनयिक और सीमावर्ती तनाव एक नई ऊंचाई पर जा पहुंचा था.

उस समय पाकिस्तान में तैनात रहे भारत के पूर्व हाई कमिश्नर अजय बिसारिया की साल 2024 में आई किताब 'एंगर मैनेजमेंट' से पता चला कि इस दौरान दोनों देशों में क्या हुआ था.

वहीं, पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने अजय बिसारिया की किताब में किए गए दावों को ख़ारिज किया था.

भारत के पूर्व उच्चायुक्त अजय बिसारिया ने अपनी किताब में दावा किया था कि भारतीय पायलट अभिनंदन को हिरासत में लिए जाने के बाद पाकिस्तान के तत्कालीन प्रधानमंत्री इमरान ख़ान दोनों देशों में तनाव कम करने के लिए भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करना चाहते थे जिस पर भारत ने "कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई थी."

उन्होंने यह भी दावा किया था कि पाकिस्तान वास्तव में इस झड़प की गंभीरता बढ़ने से "डरा हुआ था."

लेकिन पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय की तत्कालीन प्रवक्ता मुमताज़ बलोच ने इस बारे में प्रेस ब्रीफ़िंग में बताया था कि पाकिस्तान ने अभिनंदन की वापसी के ज़रिए तनाव कम करने के लिए ज़िम्मेदाराना रवैया दिखाया था जबकि यह किताब "फ़रवरी 2019 के बारे में भारत के मनगढ़ंत नैरेटिव को बढ़ावा देने की कोशिश कर रही है."

वहीं, पूर्व अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोम्पियो ने अपनी किताब 'नेवर गिव ऐन इंच' में यहां तक कहा था कि यह तनाव इस हद तक बढ़ गया था कि दोनों देशों के बीच परमाणु युद्ध की आशंका पैदा हो गई थी.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.