अतीक़ अहमद के बेटे की सड़क दुर्घटना में हुई मौत, पुलिस ने क्या बताया?

इमेज स्रोत, Gaurav Gulmohar
- Author, गौरव गुलमोहर
- पदनाम, बीबीसी हिन्दी के लिए
- प्रकाशित
- पढ़ने का समय: 4 मिनट
पूर्व सांसद और बाहुबली नेता अतीक़ अहमद के छोटे बेटे आबान अहमद की गुरुवार को झांसी में एक सड़क हादसे में मौत हो गई.
पुलिस के मुताबिक़, यह हादसा कानपुर-झांसी हाइवे पर झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में खिल्ली गांव के पास गुरुवार सुबह करीब 11 बजे हुआ.
हादसे में एक और शख्स की भी मौत हुई है और तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं.
झांसी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया, "एक्सीडेंट में अतीक़ अहमद के बेटे आबान अहमद और रज़्ज़ाक़ अहमद के बेटे सोनू की मौत हो गई है. कार में सवार अन्य तीन लोग घायल हैं. उनका उपचार चल रहा है. घायलों की हालत स्थिर है."
उन्होंने बताया, "पांच लोग प्रयागराज से झांसी अली अहमद से जेल में मिलने जा रहे थे."
वहीं झांसी मेडिकल कॉलेज के चीफ़ मेडिकल सुप्रिंटेंडेंट डॉक्टर सचिन महोर ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि पूंछ के आसपास एक गाड़ी डिवाइडर से टकराई थी जिसमें घायल हुए तीन लोग अस्पताल लाए गए थे जिनका इलाज चल रहा है.
"इनमें उमर, एज़ाम और ज़ाएद नाम के तीन युवक शामिल हैं. उमर और एज़ाम के हाथ में फ़्रैक्चर है जबकि ज़ाएद के माथे और पैर में फ़्रैक्चर है. इनका प्रारंभिक उपचार कर दिया गया है बाकी कोई अंदरूनी चोट न हो इसके मद्देनज़र इनको भर्ती किया गया है."
"इस घटना में जिन दो लोगों की मृत्यु हुई है उन दो के शव को पोस्टमॉर्टम हाउस भेजा गया है."
पुलिस ने क्या बताया?

इमेज स्रोत, ANI
झांसी के पूंछ थाना प्रभारी विद्यासागर सिंह ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से कहा, "इस सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हुई है. जबकि तीन लोग घायल हैं. घायलों का इलाज कराया जा रहा है."
उन्होंने बताया, "एक तरफ़ बाइक और दूसरी तरफ़ जानवर आ गया, बाइक सवार को बचाने के लिए गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई. गाड़ी पर आर्मी लिखा है. जिस समय कार डिवाइडर से टकराई उस समय कार काफी स्पीड में थी."
झांसी ग्रामीण पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया, "सड़क हादसे में आबान अहमद नाम के युवक की मौत हुई है, जिसे अतीक़ अहमद का बेटा बताया जा रहा है. ये जेल में बंद भाई से मिलने झांसी जा रहे थे, इनके नाम से जेल में पर्ची कटी है."
साल 2023 में अतीक़ की हुई थी हत्या
अतीक़ अहमद की 15 अप्रैल 2023 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में पुलिस हिरासत के दौरान मेडिकल जांच के लिए ले जाते समय तीन हमलावरों ने उनकी और उनके भाई अशरफ़ की गोली मारकर हत्या कर दी थी.
इस घटना से एक महीने पहले मार्च 2023 में प्रयागराज की एमपी-एमएलए कोर्ट ने अतीक़ अहमद को दोषी क़रार देते हुए उमेश पाल अपहरण केस में उम्र क़ैद की सज़ा सुनाई थी और अपहरण के साथ अन्य अभियुक्तों को अदालत ने बरी कर दिया था.
उमेश पाल साल 2005 में हुई यूपी के विधायक राजू पाल की हत्या के मामले में मुख्य गवाह थे. 24 फ़रवरी 2023 को प्रयागराज में उनकी हत्या कर दी गई थी.
इस मामले में पेशी के लिए अतीक़ अहमद को गुजरात की साबरमती जेल से भारी सुरक्षा के बीच प्रयागराज की नैनी जेल पहुंचाया गया था.
फरवरी 2023 में उमेश पाल हत्याकांड के बाद परिवार के अन्य सदस्यों के फरार हो जाने पर अतीक अहमद के दोनों नाबालिग बेटों, अहज़म अहमद और आबान अहमद, को बाल संरक्षण गृह भेजा गया था.
दोनों बच्चे उस समय अपने माता-पिता की गैरमौजूदगी में लावारिस अवस्था में मिले थे.
अतीक अहमद के कुल पांच बेटों में सबसे बड़ा बेटा उमर अहमद लखनऊ के एक रियल एस्टेट कारोबारी मोहित जायसवाल के अपहरण के मामले में जेल में बंद है.
दूसरे बेटे अली अहमद पर फरवरी 2023 में हुए उमेश पाल हत्याकांड में शामिल होने का आरोप है. अली अहमद इस समय झांसी जेल में बंद है.
तीसरे बेटे असद अहमद की अप्रैल 2023 में झांसी में पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई थी. उमेश पाल हत्याकांड में असद अहमद नामजद थे.
चौथे बेटे अहज़म अहमद और पांचवें बेटे आबान अहमद, फरवरी 2023 में उमेश पाल हत्याकांड के बाद अभिभावकों की अनुपस्थिति में मिलने के कारण लगभग सात महीने तक बाल संरक्षण गृह में रहे थे.
बाद में उनकी कस्टडी उनकी बुआ परवीन अहमद कुरैशी को सौंप दी गई थी.
झांसी में सड़क दुर्घटना में मारे जाने वाले पांचवे बेटे आबान अहमद थे.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.



























